Credit Card vs BNPL: ऑनलाइन शॉपिंग के लिए कौन सा ऑप्शन है बेस्ट?
क्रेडिट कार्ड और BNPL दोनों ही आपको तुरंत खरीदारी करने और बाद में भुगतान करने का ऑप्शन देती हैं, लेकिन इनके काम करने का तरीका और फायदे-नुकसान काफी अलग हैं। चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं।

In Short
- क्रेडिट कार्ड में कैशबैक, रिवॉर्ड्स और बेहतर क्रेडिट स्कोर का फायदा मिलता है, जबकि BNPL आसान और तेज क्रेडिट सुविधा देता है।
- ऑनलाइन शॉपिंग के लिए आमतौर पर क्रेडिट कार्ड बेहतर माना जाता है, क्योंकि इसमें डिस्काउंट और अतिरिक्त ऑफर्स मिलते हैं।
- अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है और छोटी अवधि के लिए भुगतान टालना चाहते हैं, तो BNPL एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
Credit Card vs BNPL: आज के समय में ऑनलाइन शॉपिंग करना बहुत आसान हो गया है। हम कुछ ही मिनटों में अपनी पसंद का सामान खरीद लेते हैं। लेकिन खरीदारी के बाद सबसे बड़ा सवाल होता है कि पेमेंट कैसे करें?
ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स पर आजकल क्रेडिट कार्ड, यूपीआई, डेबिट कार्ड के अलावा Buy Now Pay Later (BNPL) का भी ऑप्शन आता है।
क्रेडिट कार्ड और BNPL दोनों ही आपको तुरंत खरीदारी करने और बाद में भुगतान करने का ऑप्शन देती हैं, लेकिन इनके काम करने का तरीका और फायदे-नुकसान काफी अलग हैं। चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं।
क्या होता है क्रेडिट कार्ड?
क्रेडिट कार्ड बैंक द्वारा जारी किया जाता है, जिसमें ग्राहक को एक तय क्रेडिट लिमिट दी जाती है। इस लिमिट के भीतर वह खरीदारी कर सकता है और बाद में बिल का भुगतान कर सकता है। आमतौर पर 20 से 50 दिनों तक का ब्याज-मुक्त समय मिलता है। अगर समय पर पूरा बिल नहीं चुकाया जाता है तो उस पर ब्याज और अन्य शुल्क लग सकते हैं।
क्रेडिट कार्ड का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे आपका क्रेडिट स्कोर बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। साथ ही कई कार्ड्स पर रिवॉर्ड पॉइंट्स, कैशबैक, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस और अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं।
BNPL क्या है?
BNPL यानी Buy Now Pay Later एक ऐसी सुविधा है जिसमें ग्राहक अभी खरीदारी कर सकता है और बाद में किस्तों या एकमुश्त भुगतान के जरिए पैसे चुका सकता है। यह सुविधा आमतौर पर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और फिनटेक कंपनियां उपलब्ध कराती हैं।
BNPL का फायदा यह है कि इसे शुरू करना आसान होता है और कई मामलों में क्रेडिट कार्ड की तुलना में कम दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है। हालांकि, समय पर भुगतान नहीं करने पर लेट फीस और अन्य शुल्क लग सकते हैं।
क्रेडिट कार्ड vs BNPL: दोनों में क्या है बड़ा अंतर?
क्रेडिट कार्ड एक रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है, जिसमें बार-बार उपयोग की जा सकने वाली लिमिट मिलती है। वहीं BNPL आमतौर पर किसी खास खरीदारी या सीमित क्रेडिट लाइन के लिए होता है।
क्रेडिट कार्ड लंबे समय तक फाइनेंशियल हिस्ट्री बनाने में मदद करता है, जबकि BNPL का प्रभाव कंपनी और रिपोर्टिंग सिस्टम के आधार पर अलग-अलग हो सकता है।
क्रेडिट कार्ड vs BNPL: ऑनलाइन शॉपिंग के लिए कौन सा बेस्ट
ऑनलाइन शॉपिंग के लिए आमतौर पर क्रेडिट कार्ड को BNPL (Buy Now Pay Later) से बेहतर ऑप्शन माना जाता है। इसकी वजह यह है कि क्रेडिट कार्ड पर ग्राहकों को कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट्स, इंस्टेंट डिस्काउंट और कई अन्य ऑफर्स का फायदा मिलता है।
इसके अलावा, समय पर बिल भुगतान करने से क्रेडिट स्कोर भी बेहतर होता है। वहीं, BNPL उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जिनके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है और वे छोटी अवधि के लिए आसान क्रेडिट सुविधा चाहते हैं।
आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर?
अगर आप नियमित रूप से खर्च करते हैं, समय पर भुगतान कर सकते हैं और रिवॉर्ड्स का फायदा उठाना चाहते हैं, तो क्रेडिट कार्ड बेहतर विकल्प हो सकता है।
वहीं अगर आपको छोटी अवधि के लिए आसान पेमेंट सुविधा चाहिए और आप क्रेडिट कार्ड नहीं लेना चाहते, तो BNPL उपयोगी साबित हो सकता है।