क्रेडिट कार्ड से जमकर हुई शॉपिंग, अक्टूबर में 20% ज्यादा हुआ खर्च - जानें कितना बढ़ा भारतीयों का खर्च

त्योहारी सीजन में भारतीयों ने क्रेडिट कार्ड से जमकर खरीदारी की है। RBI के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से खर्च करीब 20 फीसदी बढ़कर 2.45 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। ऑनलाइन शॉपिंग में भी जोरदार तेजी दिखी है।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

त्योहारी सीजन के दौरान भारतीयों ने क्रेडिट कार्ड से जमकर खरीदारी की है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली से पहले अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल खर्च महीने-दर-महीने करीब 20 फीसदी बढ़कर 2.45 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। सितंबर में यह आंकड़ा 2.04 लाख करोड़ रुपये था। वहीं, पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से खर्च में 14.4 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

एक महीने में बढ़े 14 लाख क्रेडिट कार्ड

खर्च के साथ-साथ देश में क्रेडिट कार्ड की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। अक्टूबर में एक्टिव क्रेडिट कार्ड की संख्या में 14 लाख का इजाफा हुआ। इसके साथ ही देश में कुल एक्टिव क्रेडिट कार्ड की संख्या सितंबर के 12.53 करोड़ से बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई।

ऑनलाइन शॉपिंग का रहा दबदबा

त्योहारी सीजन में क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में ऑनलाइन खरीदारी की बड़ी हिस्सेदारी रही। अक्टूबर में ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए क्रेडिट कार्ड से 1.54 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। यह कुल क्रेडिट कार्ड खर्च का करीब 63 फीसदी है।

वहीं, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पॉइंट ऑफ सेल (POS) मशीनों के जरिए 90,562 करोड़ रुपये का लेनदेन दर्ज किया गया।

HDFC बैंक ने बरकरार रखी अपनी बढ़त

HDFC बैंक ने खर्च के मामले में अपनी बढ़त बरकरार रखी है। अक्टूबर में बैंक के क्रेडिट कार्ड के जरिए 70,115 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ, जो सितंबर के मुकाबले 7.6 फीसदी अधिक है।

वहीं, SBI कार्ड और ICICI बैंक ने भी खर्च के मामले में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है। अक्टूबर में SBI कार्ड के जरिए 45,797 करोड़ रुपये का खर्च हुआ, जो सितंबर के मुकाबले 31 फीसदी अधिक है।

ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड से होने वाला खर्च महीने-दर-महीने 37 फीसदी बढ़कर 42,295 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके अलावा एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से अक्टूबर में 30,211 करोड़ रुपये का खर्च दर्ज किया गया। इसमें मासिक आधार पर 30.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

लेनदेन की संख्या बढ़ी लेकिन औसत खर्च घटा

अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से होने वाले लेनदेन की संख्या सालाना आधार पर 32 फीसदी बढ़कर 68.3 करोड़ पहुंच गई। यह बढ़ोतरी क्रेडिट कार्ड से होने वाले कुल खर्च में दर्ज वृद्धि से भी ज्यादा है।

हालांकि, हर ट्रांजैक्शन पर होने वाले औसत खर्च में गिरावट आई है। पिछले साल अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से एक बार में औसतन 4,133 रुपये खर्च किए जा रहे थे, जबकि इस साल अक्टूबर में यह आंकड़ा घटकर करीब 3,585 रुपये रह गया है।

छोटी खरीदारी के लिए भी बढ़ा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल

आंकड़ों के मुताबिक लोग अब महंगे सामान की खरीदारी के अलावा रोजमर्रा के छोटे-मोटे खर्चों के लिए भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इस बदलते ट्रेंड में UPI से जुड़े RuPay क्रेडिट कार्ड की भी अहम भूमिका मानी जा रही है। इस सुविधा के जरिए ग्राहक QR कोड स्कैन करके क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकते हैं। इससे रोजमर्रा की खरीदारी में भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बढ़ रहा है।

Read more!
Advertisement