कॉरपोरेट बॉन्ड की कीमतों में गिरावट से बचने का मिलेगा नया विकल्प, जानें कैसे होगा निवेशकों को फायदा
कॉरपोरेट बॉन्ड में निवेश करने वालों के लिए जल्द ही एक नया विकल्प आने वाला है। NSE को कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स फ्यूचर्स शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। इससे निवेशकों को ब्याज दरों में उतार-चढ़ाव के बीच जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है। जानें कैसे काम करेगा यह विकल्प।

In Short
- NSE को कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स फ्यूचर्स शुरू करने के लिए RBI से मिली मंजूरी।
- बॉन्ड की कीमतों में गिरावट से होने वाले नुकसान को कम करने में मिल सकती है मदद।
- ट्रेडिंग शुरू होने की तारीख और निवेशकों की पात्रता का ऐलान अभी बाकी है।
कॉरपोरेट बॉन्ड में निवेश करने वाले निवेशकों को जल्द ही ब्याज दरों में उतार-चढ़ाव और बॉन्ड की कीमतों में गिरावट से होने वाले नुकसान को कम करने का नया विकल्प मिल सकता है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स फ्यूचर्स शुरू करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मंजूरी मिल गई है। इससे पहले बाजार नियामक सेबी भी इसकी मंजूरी दे चुका है।
इस नए विकल्प के जरिए योग्य निवेशक अपने बॉन्ड पोर्टफोलियो से जुड़े जोखिम को कम कर सकेंगे।
क्यों गिरती हैं कॉरपोरेट बॉन्ड की कीमतें?
आमतौर पर बॉन्ड की कीमतों और ब्याज दरों के बीच उल्टा संबंध होता है। जब ब्याज दरें बढ़ती हैं तो कम ब्याज देने वाले पुराने बॉन्ड का आकर्षण घट जाता है। इससे उनकी बाजार कीमतों में गिरावट आती है।
इसके अलावा बॉन्ड जारी करने वाली कंपनियों की वित्तीय स्थिति, आर्थिक हालात और क्रेडिट स्प्रेड में बदलाव का भी बॉन्ड की कीमतों पर असर पड़ता है। सरकारी बॉन्ड के मुकाबले कॉरपोरेट बॉन्ड पर निवेशकों को मिलने वाली अतिरिक्त यील्ड के अंतर को क्रेडिट स्प्रेड कहते हैं।
कैसे काम करेगा कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स फ्यूचर्स?
कॉरपोरेट बॉन्ड इंडेक्स फ्यूचर्स की कीमत कॉरपोरेट बॉन्ड से बने इंडेक्स पर आधारित होगी। अगर निवेशकों को बॉन्ड की कीमतों में गिरावट की आशंका है तो वे फ्यूचर्स में शॉर्ट पोजीशन लेकर संभावित नुकसान की भरपाई कर सकते हैं। इस तरीके को हेजिंग कहा जाता है।
10 लाख रुपये के निवेश का उदाहरण
मान लीजिए किसी निवेशक ने कॉरपोरेट बॉन्ड में 10 लाख रुपये का निवेश किया है। अगर बॉन्ड की कीमतों में 5 फीसदी की गिरावट आती है तो उसे 50,000 रुपये का नुकसान होगा।
वहीं, अगर निवेशक ने 10 लाख रुपये की फ्यूचर्स शॉर्ट पोजीशन ली है और फ्यूचर्स की कीमत भी 5 फीसदी गिरती है तो उसे इससे 50,000 रुपये का फायदा हो सकता है। इस तरह ट्रेडिंग खर्च को छोड़कर नुकसान की भरपाई संभव है। हालांकि, वास्तविक फायदा कई कारकों पर निर्भर करेगा।
किन निवेशकों को मिलेगा फायदा?
संस्थागत निवेशकों, इंश्योरेंस कंपनियों, पेंशन फंड और डेट फंड मैनेजर्स को नियामकीय अनुमति के तहत इस विकल्प का फायदा मिल सकता है। इससे उन्हें अपने पोर्टफोलियो में उतार-चढ़ाव से जुड़े जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
क्या इसमें भी है जोखिम?
कॉरपोरेट बॉन्ड फ्यूचर्स निवेश से जुड़े सभी जोखिमों को खत्म नहीं कर सकते। इसमें मार्जिन, लीवरेज और लिक्विडिटी से जुड़े जोखिम भी हैं। अगर बॉन्ड की कीमतें गिरने के बजाय बढ़ती हैं तो शॉर्ट पोजीशन लेने वाले निवेशकों को फ्यूचर्स में नुकसान हो सकता है।
NSE ने अभी तक कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों, मार्जिन, निवेशकों की पात्रता और ट्रेडिंग शुरू होने की तारीख का ऐलान नहीं किया है। रिटेल निवेशकों को भी इसमें ट्रेडिंग करने से पहले समझना होगा कि यह नियमित ब्याज कमाने के बजाय जोखिम कम करने और ट्रेडिंग का विकल्प है।