Child FD Schemes 2026: बच्चों के भविष्य के लिए PNB से पोस्ट ऑफिस तक कौन सी स्कीम बेहतर
बच्चों के भविष्य के लिए बचत शुरू करने वाले माता-पिता के पास अब कई विकल्प हैं। बैंक एफडी से लेकर सुकन्या समृद्धि योजना और पीपीएफ जैसी सरकारी स्कीम में अलग-अलग फायदे मिलते हैं। जानिए PNB बालिका शिक्षा, YES बैंक एफडी और पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में क्या खास है।

In Short
- बच्चों के लिए PNB बालिका शिक्षा योजना में सरकार जमा करती है ₹3,000
- YES Bank चाइल्ड एफडी में 8 प्रतिशत तक ब्याज और कई सुविधाएं मिलती हैं
- सुकन्या समृद्धि योजना और PPF में टैक्स लाभ के साथ लंबी बचत का विकल्प
Child FD Schemes 2026: बच्चों के भविष्य के लिए पैसे जोड़ना हर माता-पिता की बड़ी जिम्मेदारी होती है। इसके लिए बैंक एफडी और सरकार की छोटी बचत योजनाएं अलग-अलग विकल्प देती हैं। इनमें PNB बालिका शिक्षा योजना, YES बैंक एफडी, सुकन्या समृद्धि योजना और पीपीएफ जैसी स्कीम शामिल हैं, जिनमें ब्याज, समय और पैसे निकालने के नियम अलग हैं। इन विकल्पों में से चुनाव बच्चे की उम्र और माता-पिता के वित्तीय लक्ष्य के हिसाब से किया जा सकता है।
PNB बालिका शिक्षा एफडी में सरकार जमा करती है ₹3,000
PNB की बालिका शिक्षा योजना आम एफडी नहीं है, बल्कि योग्य छात्राओं के लिए सरकारी मदद वाली स्कीम है। इसमें पात्र लड़कियों के नाम पर सरकार ₹3,000 जमा करती है। यह सुविधा उन छात्राओं के लिए है जिन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से कक्षा आठवीं पास की हो या एससी एसटी छात्राओं ने कक्षा आठवीं पास कर सरकारी सरकारी सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय के स्कूल में कक्षा नौवीं में प्रवेश लिया हो।
इस योजना के लिए छात्रा की उम्र 31 मार्च को 16 साल से कम होनी चाहिए। इसमें पैसा 18 साल की उम्र के बाद ही निकाला जा सकता है। इसके लिए छात्रा को कक्षा दसवीं की परीक्षा पास करनी होगी और कक्षा नौवीं में दाखिले के बाद कम से कम दो साल तक पढ़ाई जारी रखनी होगी।
YES बैंक चाइल्ड एफडी में मिल रहा है 8 प्रतिशत तक ब्याज
YES बैंक में माता-पिता या अभिभावक बच्चे के नाम पर एफडी खोल सकते हैं। इसमें सात दिन से लेकर दस साल तक की अवधि के विकल्प मिलते हैं। दो करोड़ रुपये से कम की जमा पर सामान्य ग्राहकों के लिए ब्याज दर 3.25 प्रतिशत से 8 प्रतिशत तक है।
18 महीने की एफडी पर अधिकतम 8 प्रतिशत ब्याज दिया जा रहा है। इस एफडी की खास बात यह है कि इसमें समय से पहले पैसा निकालने, ऑटो रिन्यूअल और ओवरड्राफ्ट जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना में 8.2 प्रतिशत ब्याज
सुकन्या समृद्धि योजना खासतौर पर लड़कियों के लिए बनाई गई है। इसमें 10 साल से कम उम्र की बच्ची के नाम पर खाता खोला जा सकता है। इसमें हर साल 250 रुपये से 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं।
इस योजना में फिलहाल 8.2 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है। जमा की गई रकम पर इनकम टैक्स की धारा 80सी के तहत लाभ मिलता है और योजना पूरी होने पर मिलने वाली रकम टैक्स फ्री होती है।
पीपीएफ में टैक्स लाभ के साथ लंबी बचत
माता-पिता बच्चे के नाम पर पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी पीपीएफ खाता खोल सकते हैं। इसकी अवधि 15 साल होती है और सात साल बाद कुछ रकम निकालने की सुविधा मिलती है।
पीपीएफ में निवेश पर धारा 80सी के तहत टैक्स लाभ मिलता है। इसमें मिलने वाला रिटर्न भी टैक्स फ्री होता है। फिलहाल पीपीएफ पर 7.1 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है।
एनएससी में पांच साल के लिए तय रिटर्न
नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट यानी एनएससी उन माता-पिता के लिए विकल्प हो सकता है जो निश्चित समय के लिए पैसा जमा करना चाहते हैं। इसकी अवधि पांच साल होती है और इसमें 7.7 प्रतिशत ब्याज मिलता है।इसमें निवेश की गई रकम पर धारा 80सी के तहत टैक्स लाभ भी मिलता है। यह एक फिक्स्ड इनकम विकल्प है जिसमें रिटर्न पहले से तय होता है।
पोस्ट ऑफिस आरडी और टीडी भी हैं विकल्प
पोस्ट ऑफिस की आरडी यानी रिकरिंग डिपॉजिट में हर महीने कम से कम 100 रुपये से बचत शुरू की जा सकती है। इसकी अवधि पांच साल होती है और फिलहाल इसमें 6.7 प्रतिशत ब्याज मिल रहा है।
वहीं पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में एक साल से पांच साल तक के विकल्प मिलते हैं। इसमें ब्याज दर 6.9 प्रतिशत से 7.5 प्रतिशत तक है। पांच साल वाले टाइम डिपॉजिट पर धारा 80सी का लाभ भी मिलता है।
बच्चों के लिए बचत करते समय माता-पिता को सिर्फ ब्याज दर नहीं बल्कि पैसे की जरूरत, समय अवधि और योजना के नियम भी ध्यान में रखने चाहिए, क्योंकि हर स्कीम का फायदा अलग जरूरत के हिसाब से मिलता है।