टर्म इंश्योरेंस लेने वाले जरूर जान लें ये नियम, इन परिस्थितियों में अटक सकता है क्लेम
अगर आपने भी परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए 1 करोड़ रुपये का टर्म इंश्योरेंस लिया है तो इसके नियम जरूर जान लें। कुछ परिस्थितियों में इंश्योरेंस कंपनी क्लेम रोक सकती है या उसे रिजेक्ट भी कर सकती है। जानिए किन मामलों में क्लेम मिलता है और किनमें परेशानी आती है।

In Short
- कुछ परिस्थितियों में रिजेक्ट हो सकता है इंश्योरेंस क्लेम
- गलत मेडिकल और फाइनेंशियल जानकारी देना पड़ सकता है महंगा
- पॉलिसीधारकों के लिए बेहद जरूरी है तीन साल वाला नियम
परिवार के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित रखने के लिए लोग टर्म इंश्योरेंस खरीदते हैं। इसका मकसद पॉलिसीधारक की मौत के बाद परिवार को पैसों की परेशानी से बचाना है। हालांकि, टर्म इंश्योरेंस खरीदते समय प्रीमियम और इंश्योरेंस कवर के अलावा इसके नियमों को समझना भी जरूरी है। ऐसे में जानिए किन परिस्थितियों में क्लेम मिलता है और कब परेशानी आ सकती है।
किन परिस्थितियों में मिलते हैं पूरे पैसे?
टर्म इंश्योरेंस में आमतौर पर प्राकृतिक मौत, कैंसर, हार्ट अटैक, कोरोना या अन्य महामारी, सड़क दुर्घटना और प्राकृतिक आपदा से हुई मौत को कवर किया जाता है। हालांकि, कैंसर जैसी बीमारियों के मामले में पहले से दी गई मेडिकल जानकारी भी मायने रखती है। पॉलिसी लेने के 12 महीने बाद आत्महत्या के मामले में भी पॉलिसी की शर्तों के अनुसार क्लेम मिल सकता है।
कब अटक सकता है इंश्योरेंस क्लेम?
पॉलिसी के शुरुआती 12 महीनों में आत्महत्या होने पर शर्तों के मुताबिक सीमित रकम वापस मिल सकती है। एडवेंचर स्पोर्ट्स, शराब या ड्रग्स के ओवरडोज, आपराधिक गतिविधि, जानबूझकर खुद को चोट पहुंचाने, युद्ध या आतंकवाद के कारण हुई मौत के मामलों में पॉलिसी की शर्तों के आधार पर क्लेम की जांच हो सकती है या क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।
नॉमिनी पर हत्या का आरोप होने पर क्या होगा?
अगर पॉलिसीधारक की हत्या में नॉमिनी पर शक है तो जांच पूरी होने तक क्लेम रोका जा सकता है। नॉमिनी के दोषी साबित होने पर दूसरे कानूनी हकदारों को इंश्योरेंस की रकम मिल सकती है।
जानकारी छिपाना पड़ सकता है महंगा
डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी, स्मोकिंग, तंबाकू या शराब पीने की आदत छिपाने से क्लेम में परेशानी आ सकती है। गलत इनकम डॉक्यूमेंट देने, पेशे या पहले से मौजूद इंश्योरेंस पॉलिसियों की जानकारी छिपाने पर भी जांच हो सकती है। कंपनियां इन जानकारियों के आधार पर रिस्क, प्रीमियम और इंश्योरेंस कवर की पात्रता तय करती हैं।
क्या है इंश्योरेंस का तीन साल वाला नियम?
इंश्योरेंस एक्ट, 1938 के सेक्शन 45 के मुताबिक पॉलिसी जारी होने, रिस्क कवर शुरू होने, पॉलिसी दोबारा एक्टिव होने या राइडर जुड़ने की तारीख, इनमें से जो भी बाद की हो, उसके तीन साल बाद धोखाधड़ी समेत किसी भी आधार पर पॉलिसी पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। हालांकि, यह सुरक्षा पॉलिसी लैप्स, एक्सपायरी और वैध एक्सक्लूजन पर लागू नहीं होती।
समय पर प्रीमियम भरना जरूरी
प्रीमियम भरने के लिए मिलने वाले ग्रेस पीरियड में भी भुगतान नहीं करने पर पॉलिसी लैप्स हो सकती है। लैप्स या एक्सपायर हो चुकी पॉलिसी में आमतौर पर डेथ क्लेम नहीं मिलता। पॉलिसी दोबारा एक्टिव कराने की शर्तें भी समझनी चाहिए।
पॉलिसीधारक किन बातों का रखें ध्यान?
सही जानकारी दें, समय पर प्रीमियम भरें, नॉमिनी की डिटेल अपडेट रखें और मेडिकल रिकॉर्ड व प्रपोजल फॉर्म संभालकर रखें। सामान्य टर्म इंश्योरेंस और एक्सीडेंटल डेथ राइडर का अंतर समझें। पॉलिसी खरीदते समय सिर्फ क्लेम सेटलमेंट रेश्यो नहीं, बल्कि पर्याप्त कवर और पॉलिसी की सभी शर्तें भी देखें।