555 दिन की स्पेशल FD पर बढ़ा ब्याज, ₹10 लाख जमा करने पर कितना मिलेगा रिटर्न? जानें पूरा कैलकुलेशन

बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी स्पेशल FD स्कीम में बड़ा बदलाव किया है। अब पैसा जमा करने वालों को पहले से ज्यादा ब्याज मिलेगा। खास बात यह है कि सीनियर सिटीजन को अतिरिक्त फायदा मिल सकता है। जानिए ₹1 लाख से ₹10 लाख तक की FD पर कितना रिटर्न मिलेगा।

Advertisement

In Short

  • बैंक ऑफ बड़ौदा ने 555 दिन की स्पेशल FD पर ब्याज दर 0.10% बढ़ाई, नई दरें 11 नवंबर 2026 से लागू।
  • सामान्य ग्राहकों को 6.85%, सीनियर सिटीजन को 7.35% और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.45% ब्याज मिलेगा।
  • ₹10 लाख की FD पर सुपर सीनियर सिटीजन को मैच्योरिटी पर करीब ₹11,18,780 मिल सकते हैं।

By Gaurav Kumar:

अगर आप अपनी बचत को सुरक्षित जगह निवेश करके अच्छा रिटर्न पाना चाहते हैं, तो बैंक की Fixed Deposit यानी FD एक ऑप्शन हो सकती है। खासकर उन लोगों के लिए जो शेयर बाजार का जोखिम नहीं लेना चाहते। अब बैंक ऑफ बड़ौदा की एक स्पेशल FD स्कीम चर्चा में है। आइए जानते हैं कि इस स्कीम में कितना ब्याज मिलेगा, अलग-अलग रकम जमा करने पर कितनी कमाई होगी और निवेश से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

555 दिन की FD पर बढ़ा ब्याज

बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी bob Golden Goal Deposit Scheme की ब्याज दर 10 बेसिस पॉइंट यानी 0.10% बढ़ा दी है। नई दरें 11 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। अब 555 दिन की इस FD पर सामान्य ग्राहकों को 6.85%, सीनियर सिटीजन को 7.35% और सुपर सीनियर सिटीजन को 7.45% सालाना ब्याज मिलेगा। पहले सामान्य ग्राहकों को 6.75% और सीनियर सिटीजन को 7.25% ब्याज मिलता था।

₹1 लाख जमा करने पर कितना मिलेगा?

555 दिन की FD में ₹1 लाख जमा करने पर सामान्य ग्राहक को मैच्योरिटी पर करीब ₹1,10,880 मिलेंगे। सीनियर सिटीजन को ₹1,11,711 और सुपर सीनियर सिटीजन को ₹1,11,878 मिल सकते हैं।

₹5 लाख की FD पर कितनी कमाई?

अगर कोई सामान्य ग्राहक ₹5 लाख जमा करता है, तो मैच्योरिटी पर करीब ₹5,54,399 मिलेंगे। सीनियर सिटीजन को ₹5,58,555 और सुपर सीनियर सिटीजन को ₹5,59,390 मिल सकते हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

₹10 लाख जमा करने पर कितना रिटर्न?

₹10 लाख की FD पर सामान्य ग्राहक को करीब ₹11,08,797 मिलेंगे। सीनियर सिटीजन को ₹11,17,111 और सुपर सीनियर सिटीजन को ₹11,18,780 मिल सकते हैं। ये कैलकुलेशन तिमाही कंपाउंडिंग के आधार पर हैं और टैक्स से पहले के हैं।

ब्याज बढ़ने से कितना अतिरिक्त फायदा?

नई दरों से सामान्य ग्राहकों को ₹1 लाख पर ₹166, ₹5 लाख पर ₹828 और ₹10 लाख पर ₹1,657 का अतिरिक्त ब्याज मिलेगा। वहीं, सीनियर सिटीजन को इन रकमों पर क्रमशः ₹167, ₹833 और ₹1,667 ज्यादा मिलेंगे।

दूसरी FD पर कितना ब्याज?

बैंक की 444 दिन की स्पेशल FD पर सामान्य ग्राहकों को 6.45% और सीनियर सिटीजन को 6.95% ब्याज मिलता है। एक साल की FD पर दरें 6.25% और 6.75% हैं। वहीं, 3 से 5 साल की FD पर 6.30% और 6.90% ब्याज मिलता है।

निवेश से पहले ये बातें जान लें

555 दिन की FD उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है जो करीब 18 महीने तक पैसा जमा रख सकते हैं। हालांकि, समय से पहले FD तोड़ने पर पेनल्टी लग सकती है। ब्याज पर इनकम टैक्स भी देना पड़ सकता है। मैच्योरिटी के बाद दोबारा FD कराने पर उस समय की ब्याज दर लागू होगी।

इस बीच नवंबर में Indian Overseas Bank, HDFC Bank, ICICI Bank और Kotak Mahindra Bank ने भी अपनी FD दरों में बदलाव किया है।

Read more!
Advertisement