सोमवार 19 अक्टूबर को बैंक बंद है या ओपन? यहां दूर करें कन्फ्यूजन

आज सोमवार, 19 अक्टूबर को बैंक जाने की सोच रहे हैं तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें। त्योहारों के चलते देश के कई राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, जबकि कुछ जगहों पर कामकाज सामान्य रहेगा। जानिए आपके शहर में क्या स्थिति है और कौन सी बैंकिंग सेवाएं चालू रहेंगी।

Advertisement

In Short

  • 19 अक्टूबर को दशहरा, महा नवमी और दुर्गा पूजा के चलते कई राज्यों में बैंक बंद।
  • बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद UPI, ATM और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू।
  • 20 अक्टूबर को भी कई राज्यों में छुट्टी, लगातार दो दिन प्रभावित हो सकते हैं बैंक से जुड़े जरूरी काम।

By Gungun Mishra:

अगर आप आज यानी सोमवार, 19 अक्टूबर को बैंक जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर चेक कर लें। दशहरा, महा नवमी, दुर्गा पूजा और आयुध पूजा जैसे त्योहारों के चलते देश के कई राज्यों में आज बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, यह छुट्टी पूरे देश में लागू नहीं है। कुछ राज्यों में बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।

किन राज्यों में आज बंद रहेंगे बैंक?

भारतीय रिजर्व बैंक की छुट्टियों की लिस्ट के मुताबिक, 19 अक्टूबर को अगरतला, आइजोल, भुवनेश्वर, चेन्नई, गुवाहाटी, इंफाल, ईटानगर, कोहिमा, कोलकाता, पटना, रांची और शिलांग में बैंक बंद रहेंगे।

इसका मतलब है कि त्रिपुरा, मिजोरम, ओडिशा, तमिलनाडु, असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और मेघालय में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इन जगहों पर महाष्टमी, महा नवमी, आयुध पूजा, दुर्गा पूजा और विजयादशमी जैसे त्योहारों के कारण छुट्टी रहेगी।

उत्तर प्रदेश और केरल में भी बैंक बंद

उत्तर प्रदेश सरकार ने भी 19 अक्टूबर को महा नवमी के मौके पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। ऐसे में राज्य में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके अलावा केरल में भी आज छुट्टी घोषित की गई है।

वहीं, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत कई दूसरे इलाकों में बैंक सामान्य रूप से खुले रहने की उम्मीद है। हालांकि, बैंक जाने से पहले अपनी नजदीकी शाखा से जानकारी जरूर ले लें।

क्या UPI और ATM सेवाएं भी रहेंगी बंद?

बैंक शाखाएं बंद होने का मतलब यह नहीं है कि सभी बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी। छुट्टी के दौरान भी ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, ATM और डेबिट-क्रेडिट कार्ड से लेनदेन कर सकेंगे।

हालांकि, जिन कामों के लिए बैंक शाखा जाना जरूरी है, उनमें देरी हो सकती है। इनमें कुछ चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट बनवाना, बैंक लॉकर का इस्तेमाल, फिजिकल KYC अपडेट और बड़ी रकम जमा करने या निकालने जैसे काम शामिल हैं।

20 अक्टूबर को भी कई राज्यों में छुट्टी

अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो RBI की राज्यवार छुट्टियों की लिस्ट या बैंक की आधिकारिक वेबसाइट और ऐप पर जानकारी चेक कर लें।

ध्यान रहे कि 20 अक्टूबर को भी दशहरा और विजयादशमी के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहने वाले हैं। ऐसे में कुछ जगहों पर लगातार दो दिन बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। 

Read more!
Advertisement