बजाज फाइनेंस ने बढ़ाई ब्याज दरें! ₹5 लाख जमा करने पर कितना मिलेगा रिटर्न?

अगर आप अपनी बचत को FD में लगाने की सोच रहे हैं, तो बजाज फाइनेंस की नई ब्याज दरें आपके काम आ सकती हैं। कंपनी ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है, जिससे सामान्य ग्राहकों और सीनियर सिटीजन को फायदा मिलेगा। जानिए ₹5 लाख जमा करने पर कितना रिटर्न मिलेगा।

Advertisement

In Short

  • बजाज फाइनेंस ने एफडी की ब्याज दरों में 0.15% से 0.40% तक बढ़ोतरी की है।
  • सामान्य ग्राहकों को 7.75% और सीनियर सिटीजन को 8.15% तक सालाना ब्याज मिलेगा।
  • पुरानी एफडी रिन्यू कराने पर 0.10% अतिरिक्त ब्याज का फायदा भी मिलेगा।

By Gungun Mishra:

अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) ने अपनी एफडी की ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने ब्याज दरें 0.15% से 0.40% तक बढ़ाई हैं। नई दरें 7 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। इस बदलाव के बाद सामान्य ग्राहकों को सालाना 7.75% और सीनियर सिटीजन को 8.15% तक ब्याज मिल सकता है।

कितनी बढ़ी FD पर ब्याज दर?

बजाज फाइनेंस ने सबसे ज्यादा बढ़ोतरी 31 से 60 महीने की एफडी पर की है। पहले सामान्य ग्राहकों को इस अवधि के लिए 7.40% ब्याज मिलता था, जो अब बढ़कर 7.75% हो गया है।

वहीं, सीनियर सिटीजन के लिए ब्याज दर 7.75% से बढ़ाकर 8.15% कर दी गई है। यानी अब लंबे समय के लिए एफडी कराने वाले ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा ब्याज मिलेगा।

₹5 लाख की FD पर कितना मिलेगा पैसा?

अगर कोई सामान्य ग्राहक बजाज फाइनेंस में ₹5 लाख की एफडी पांच साल के लिए कराता है, तो 7.75% सालाना ब्याज दर पर उसे करीब ₹2.25 लाख का ब्याज मिल सकता है।

इस तरह पांच साल बाद उसकी कुल रकम लगभग ₹7.25 लाख हो सकती है।

वहीं, ₹1 लाख की एफडी पर करीब ₹1.45 लाख और ₹10 लाख की FD पर लगभग ₹14.53 लाख मिल सकते हैं।

ये आंकड़े अनुमानित हैं। वास्तविक मैच्योरिटी रकम कंपनी के ब्याज जोड़ने के तरीके के आधार पर अलग हो सकती है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

सीनियर सिटीजन को कितना मिलेगा फायदा?

बजाज फाइनेंस ने सीनियर सिटीजन को सामान्य ग्राहकों के मुकाबले 0.40% ज्यादा ब्याज देने का फैसला किया है।

अगर कोई सीनियर सिटीजन पांच साल के लिए ₹5 लाख जमा करता है, तो 8.15% ब्याज दर पर उसे लगभग ₹2.40 लाख का ब्याज मिल सकता है। यानी मैच्योरिटी पर कुल ₹7.40 लाख मिल सकते हैं।

इसी तरह ₹1 लाख जमा करने पर लगभग ₹1.48 लाख और ₹10 लाख जमा करने पर करीब ₹14.80 लाख मिल सकते हैं।

पुरानी FD रिन्यू कराने पर मिलेगा अतिरिक्त ब्याज

कंपनी ने पुराने ग्राहकों के लिए भी खास फायदा दिया है। अगर किसी ग्राहक की एफडी मैच्योर हो रही है और वह उसे दोबारा रिन्यू कराता है, तो उसे 0.10% अतिरिक्त सालाना ब्याज मिलेगा।

इससे सामान्य ग्राहकों के लिए अधिकतम ब्याज दर 7.85% और सीनियर सिटीजन के लिए 8.25% हो जाएगी।

कितने समय के लिए करा सकते हैं FD?

बजाज फाइनेंस की नई ब्याज दरें 12 से 60 महीने की एफडी पर लागू हैं। ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक क्यूम्युलेटिव या नॉन-क्यूम्युलेटिव एफडी चुन सकते हैं।

नॉन-क्यूम्युलेटिव एफडी में हर महीने, तीन महीने, छह महीने या सालाना ब्याज लेने का विकल्प मिलता है।

हालांकि, तीन से पांच साल के लिए पैसा जमा करने से पहले अपनी जरूरतों का ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि लंबी अवधि की एफडी में पैसा लंबे समय तक निवेश करना होता है।

Read more!
Advertisement