Axis Bank ने ग्राहकों को दिया दिवाली का तोहफा! होम लोन से लेकर क्रेडिट कार्ड तक मिल रहे बंपर ऑफर्स

त्योहारी सीजन में Axis Bank ने अपने ग्राहकों के लिए कई खास ऑफर्स लॉन्च किए हैं। घर खरीदने से लेकर नई कार लेने और शॉपिंग करने तक ग्राहकों को अलग-अलग फायदे मिलेंगे। बैंक ने लोन की फीस और ब्याज दरों पर भी राहत दी है। जानिए कौन इन ऑफर्स का फायदा उठा सकता है।

Advertisement

In Short

  • Axis Bank ने होम लोन की लॉगिन फीस ₹999 से शुरू की है, जिस पर GST अलग लगेगा।
  • पर्सनल लोन की ब्याज दर 9.99% से शुरू, कार लोन की प्रोसेसिंग फीस पर 50% छूट।
  • बैंक ने 200 से ज्यादा ऑफर्स पेश किए हैं, जिनमें खरीदारी और EMI पर 20% तक छूट मिलेगी।

By Gungun Mishra:

त्योहारी सीजन में अगर आप घर खरीदने, नई कार लेने या पर्सनल लोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक Axis Bank ने ग्राहकों के लिए कई फेस्टिव ऑफर्स लॉन्च किए हैं। बैंक होम लोन, पर्सनल लोन, कार लोन, टू-व्हीलर लोन और क्रेडिट कार्ड पर खास फायदे दे रहा है। इसके अलावा एजुकेशन लोन और छोटे कारोबारियों के लिए भी ऑफर्स पेश किए गए हैं।

होम लोन और पर्सनल लोन पर क्या है ऑफर?

एक्सिस बैंक ने होम लोन की लॉगिन फीस सिर्फ 999 रुपये से शुरू की है। हालांकि, इस पर GST अलग से देना होगा। इसके अलावा बैंक 12 EMI माफ करने और लोन की मूल रकम जल्दी चुकाने जैसे फायदे भी दे रहा है।

वहीं, पर्सनल लोन पर ब्याज दर 9.99 फीसदी सालाना से शुरू हो रही है। इसकी प्रोसेसिंग फीस भी 999 रुपये से शुरू होगी।

कार और बाइक खरीदने वालों को क्या मिलेगा?

नई कार खरीदने वाले ग्राहकों को बैंक 30 मिनट के भीतर लोन की रकम जारी करने की सुविधा दे रहा है। कार लोन की प्रोसेसिंग फीस पर 50 फीसदी छूट मिलेगी। चुनिंदा इलेक्ट्रिक कारों पर ब्याज दर में 0.10 फीसदी की राहत भी दी जाएगी।

बैंक कार की ऑन-रोड कीमत का 100 फीसदी तक फाइनेंस कर सकता है। लोन चुकाने के लिए अधिकतम आठ साल मिलेंगे। वहीं, 24 महीने बाद लोन समय से पहले बंद करने पर फोरक्लोजर चार्ज नहीं लगेगा।

टू-व्हीलर लोन भी 30 मिनट में मिल सकता है। सुपरबाइक के लिए ब्याज दर 10.75 फीसदी से शुरू होगी, जबकि इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पर 0.5 फीसदी की प्राइसिंग छूट मिलेगी।

कमर्शियल व्हीकल और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट लोन की प्रोसेसिंग फीस 5,999 रुपये रखी गई है। इनमें फोरक्लोजर चार्ज भी माफ होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

एजुकेशन लोन और कारोबारियों के लिए खास फायदा

देश में पढ़ाई के लिए एजुकेशन लोन की ब्याज दर 7.25 फीसदी से शुरू होगी। इसकी प्रोसेसिंग फीस शून्य से शुरू है। विदेश में पढ़ाई के लिए योग्य ग्राहकों को लागू सामान्य ब्याज दरों पर 0.25 फीसदी की छूट मिलेगी।

छोटे कारोबारियों को कैश क्रेडिट, ओवरड्राफ्ट और टर्म लोन जैसे सिक्योर्ड वर्किंग कैपिटल प्रोडक्ट्स की लॉगिन फीस पर 50 फीसदी छूट मिलेगी। यह ऑफर 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगा। हालांकि, सामान्य प्रोसेसिंग फीस देनी होगी।

क्रेडिट कार्ड पर 20% तक की छूट

एक्सिस बैंक ने योग्य क्रेडिट कार्ड ग्राहकों के लिए 200 से ज्यादा डील्स पेश की हैं। ऑनलाइन शॉपिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, ट्रैवल और होम फर्निशिंग जैसी कैटेगरी में खरीदारी और EMI पर 20 फीसदी तक छूट मिलेगी।

इन ऑफर्स में Amazon, LG, Samsung, MakeMyTrip, Air India, vivo और OPPO जैसे ब्रांड शामिल हैं।

बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुनीश शारदा के मुताबिक, इन ऑफर्स का मकसद ग्राहकों को घर, गाड़ी और कारोबार से जुड़ी जरूरतों के लिए बेहतर फाइनेंसिंग विकल्प देना है।

Read more!
Advertisement