सेविंग अकाउंट पर शुरू कर लें ये फीचर, मिलेगा FD जैसा ज्यादा ब्याज
क्या आपके सेविंग अकाउंट में रखा अतिरिक्त पैसा बेहद कम ब्याज कमा रहा है? बैंक की ऑटो स्वीप सर्विस इस रकम पर FD जैसा ज्यादा ब्याज दिला सकती है। खास बात यह है कि जरूरत पड़ने पर पैसा निकाला भी जा सकता है। जानिए यह सुविधा कैसे काम करती है और फायदा कैसे मिलेगा।

In Short
- ऑटो स्वीप सर्विस सेविंग अकाउंट की अतिरिक्त रकम को अपने आप FD में ट्रांसफर करती है।
- इस रकम पर सेविंग अकाउंट के मुकाबले करीब तीन गुना ज्यादा ब्याज मिल सकता है।
- जरूरत पड़ने पर FD में गई रकम को भी आसानी से निकाला जा सकता है।
Bank Auto Sweep Service: बैंक में सेविंग अकाउंट खुलवाते समय ग्राहकों को एटीएम, डेबिट कार्ड और खाते पर मिलने वाले ब्याज की जानकारी दी जाती है। आमतौर पर सेविंग अकाउंट में जमा पैसे पर बहुत कम ब्याज मिलता है। हालांकि, बैंक की एक खास सुविधा के जरिए खाते में रखे अतिरिक्त पैसे पर फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD जैसा ज्यादा ब्याज पाया जा सकता है। इस सुविधा को बैंक ऑटो स्वीप सर्विस कहा जाता है।
क्या है बैंक ऑटो स्वीप सर्विस?
ऑटो स्वीप सर्विस बैंक की ऐसी सुविधा है, जो सेविंग या करंट अकाउंट में पड़े अतिरिक्त पैसे को अपने आप FD में ट्रांसफर कर देती है। इसके लिए खाते में एक तय लिमिट सेट की जाती है।
जब खाते में जमा रकम इस लिमिट से ज्यादा हो जाती है, तो लिमिट से ऊपर का पैसा अपने आप फिक्स्ड डिपॉजिट में चला जाता है। इसके बाद उस रकम पर सेविंग अकाउंट के बजाय बैंक की FD ब्याज दर के हिसाब से ब्याज मिलने लगता है।
इस सुविधा को शुरू कराने के लिए ग्राहक को बैंक जाकर अपने खाते पर ऑटो स्वीप सर्विस एक्टिव कराने के लिए कहना होता है।
उदाहरण से समझें कैसे होता है फायदा
मान लीजिए आपके सेविंग अकाउंट में ऑटो स्वीप की लिमिट 20,000 रुपये तय की गई है। अगर आप अपने खाते में कुल 80,000 रुपये जमा करते हैं, तो 20,000 रुपये सेविंग अकाउंट में रहेंगे।
बाकी 60,000 रुपये ऑटो स्वीप सुविधा के जरिए अपने आप FD में बदल जाएंगे। इस 60,000 रुपये की रकम पर बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दर के अनुसार ब्याज मिलेगा। वहीं, खाते में बचे 20,000 रुपये पर सेविंग अकाउंट वाला सामान्य ब्याज मिलता रहेगा।
मैन्युअली FD कराने की जरूरत नहीं
ऑटो स्वीप सर्विस का बड़ा फायदा यह है कि ग्राहक को बार-बार खुद FD खोलने या सेविंग अकाउंट से पैसा ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं होती। खाते में तय लिमिट से ज्यादा पैसा आते ही यह प्रक्रिया अपने आप शुरू हो जाती है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: LPG ग्राहकों पर बढ़ सकता है बोझ, रसोई गैस और नेचुरल गैस पर नया शुल्क लगा सकती है सरकार
इससे खाते में पड़ा अतिरिक्त पैसा कम ब्याज पर खाली नहीं रहता और उस पर FD जैसा ज्यादा रिटर्न मिलने लगता है। यह सुविधा ग्राहकों को नियमित बचत बढ़ाने में भी मदद कर सकती है।
तीन गुना तक बढ़ सकता है ब्याज
आमतौर पर कई बैंक सेविंग अकाउंट में जमा राशि पर करीब 2.5 फीसदी ब्याज देते हैं। हालांकि, अलग-अलग बैंकों की ब्याज दर अलग हो सकती है।
इसके मुकाबले ज्यादातर बैंकों में सामान्य ग्राहकों को FD पर करीब 6.5 से 7 फीसदी तक ब्याज मिलता है। इस तरह ऑटो स्वीप सुविधा से खाते की अतिरिक्त रकम पर सेविंग अकाउंट के मुकाबले करीब तीन गुना ज्यादा ब्याज मिल सकता है।
जरूरत पड़ने पर निकाल सकते हैं पैसा
इस सुविधा की खास बात यह है कि FD जैसा ब्याज मिलने के बाद भी ग्राहक अपने खाते को सेविंग अकाउंट की तरह इस्तेमाल कर सकता है। जरूरत पड़ने पर FD में बदली गई रकम को भी निकाला जा सकता है।
यानी ऑटो स्वीप सर्विस में ज्यादा ब्याज के साथ पैसे निकालने की सुविधा भी बनी रहती है। इससे ग्राहक अपनी जरूरत के समय रकम का इस्तेमाल कर सकता है और खाते में पड़े अतिरिक्त पैसे पर ज्यादा ब्याज भी पा सकता है।