यूपी में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का अखिलेश यादव का वादा, कर्मचारियों और टैक्सपेयर्स पर क्या होगा असर?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा किया है। इससे सरकारी कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ सकती हैं। हालांकि, इस चुनावी वादे के कई आर्थिक पहलू भी हैं। जानें इसका सरकारी खजाने, कर्मचारियों और आम टैक्सपेयर्स पर क्या असर पड़ सकता है।

In Short
- अखिलेश यादव ने सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का किया वादा।
- OPS के तहत पात्र कर्मचारियों को आखिरी बेसिक सैलरी की 50 फीसदी पेंशन मिलने का प्रावधान।
- पुरानी पेंशन योजना की बहाली से राज्य सरकार पर बढ़ सकता है वित्तीय बोझ।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने का वादा किया है। उन्होंने कहा है कि अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू किया जाएगा। गुरुवार को पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में किए गए इस वादे के बाद सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट के बाद की आर्थिक सुरक्षा और राज्य सरकार पर बढ़ने वाले वित्तीय बोझ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस फैसले का असर सरकारी कर्मचारियों, पेंशनर्स, टैक्सपेयर्स और राज्य के बजट पर पड़ सकता है।
क्या है पुरानी पेंशन योजना?
पुरानी पेंशन योजना के तहत पात्र सरकारी कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद सेवा नियमों के अनुसार आमतौर पर उनकी आखिरी बेसिक सैलरी का 50 फीसदी हिस्सा हर महीने पेंशन के तौर पर मिलता है। इसके अलावा बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए समय-समय पर महंगाई राहत (DR) का फायदा भी मिलता है।
इस योजना में कर्मचारियों को पेंशन के लिए अपनी मासिक सैलरी से कोई योगदान नहीं देना पड़ता है। पेंशन का पूरा खर्च सरकार अपने राजस्व से उठाती है।
OPS और NPS में क्या है अंतर?
नेशनल पेंशन सिस्टम के तहत कर्मचारी और सरकार दोनों रिटायरमेंट फंड में योगदान देते हैं। इस रकम को बाजार से जुड़े निवेश विकल्पों में लगाया जाता है। रिटायरमेंट के बाद मिलने वाला फायदा जमा रकम, निवेश के प्रदर्शन और एन्युटी की दरों पर निर्भर करता है।
वहीं, OPS की बहाली से कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद निश्चित आमदनी मिलने का भरोसा बढ़ सकता है और बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम कम हो सकता है।
यूपी सरकार पर कितना बढ़ सकता है बोझ?
पुरानी पेंशन योजना लागू होने पर भविष्य में पेंशन भुगतान की जिम्मेदारी सीधे राज्य सरकार पर होगी। वेतन संशोधन, महंगाई राहत में बढ़ोतरी और बढ़ती जीवन प्रत्याशा के चलते पेंशन का खर्च बढ़ सकता है।
सपा ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का भी वादा किया है। अगर नए कर्मचारियों को OPS के दायरे में लाया जाता है तो सरकार की पेंशन संबंधी देनदारियां काफी बढ़ सकती हैं। हालांकि, इसका पूरा वित्तीय असर कई दशकों बाद सामने आ सकता है।
टैक्सपेयर्स पर क्या होगा असर?
पेंशन पर खर्च बढ़ने से स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध बजट कम हो सकता है। बढ़ते खर्च को पूरा करने के लिए सरकार को अपना राजस्व बढ़ाने, अन्य खर्चों में कटौती करने या अतिरिक्त कर्ज लेने की जरूरत पड़ सकती है।
ऐसे में पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा तो दे सकती है, लेकिन लंबे समय तक इसे जारी रखना सरकार की वित्तीय क्षमता पर निर्भर करेगा।