टर्म इंश्योरेंस के साथ यह राइडर बढ़ा सकता है परिवार का कवर, लेकिन लेने से पहले जान लें यह बड़ी शर्त

सड़क हादसे कभी भी किसी परिवार की आर्थिक हालत बदल सकते हैं। ऐसे समय में सिर्फ टर्म इंश्योरेंस ही नहीं, बल्कि एक्सीडेंटल डेथ बेनिफिट (ADB) राइडर भी अतिरिक्त आर्थिक मदद दे सकता है। लेकिन इसे खरीदने से पहले इसके फायदे, शर्तें और किन मामलों में क्लेम नहीं मिलता, यह जानना बेहद जरूरी है।

Advertisement
AI generated image

In Short

  • सड़क दुर्घटना में मौत होने पर ADB राइडर बेस बीमा राशि के अलावा अतिरिक्त रकम देता है।
  • FY25-26 के क्लेम डेटा में सड़क हादसों में मरने वालों की औसत उम्र 33 साल रही।
  • राइडर लेने से पहले कवरेज, एक्सक्लूजन और क्लेम की सभी शर्तें अच्छी तरह समझना जरूरी है।

By Gaurav Kumar:

Accidental Death Benefit Rider: किसी दुर्घटना में परिवार के सदस्य की मौत होने पर घरवालों को भावनात्मक दुख के साथ आर्थिक परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है। मुश्किल तब और बढ़ जाती है, जब जान गंवाने वाला व्यक्ति परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य हो। इसी वजह से Go Digit Life Insurance ने टर्म इंश्योरेंस के साथ एक्सीडेंटल डेथ बेनिफिट यानी ADB राइडर पर ध्यान देने की बात कही है।

कम उम्र में सड़क हादसों से बढ़ी चिंता

Digit Life Insurance के वित्त वर्ष 2025-26 के क्लेम डेटा के मुताबिक, सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की औसत उम्र 33 साल रही। इनमें एक-तिहाई से ज्यादा मौतें 21 से 30 साल की उम्र वाले लोगों की थीं।

कंपनी के अनुसार, ये आंकड़े दिखाते हैं कि युवा और कामकाजी उम्र के लोगों की दुर्घटना में मौत होने से उनके परिवारों पर बड़ा आर्थिक असर पड़ सकता है। खासकर ऐसे परिवारों में परेशानी ज्यादा हो सकती है, जहां कमाई का केवल एक ही मुख्य जरिया हो।

क्या होता है ADB राइडर?

एक्सीडेंटल डेथ बेनिफिट राइडर एक वैकल्पिक अतिरिक्त कवर है। इसे बेस टर्म लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के साथ जोड़ा जा सकता है। अगर पॉलिसीधारक की मौत पॉलिसी में कवर की गई किसी दुर्घटना से होती है, तो नॉमिनी को मूल बीमा राशि के साथ अतिरिक्त रकम भी मिलती है।

यह राइडर टर्म इंश्योरेंस की जगह नहीं लेता। इसका उद्देश्य दुर्घटना में मौत होने पर परिवार को मिलने वाले कुल बीमा कवर को बढ़ाना है।

कैसे मिलता है अतिरिक्त भुगतान?

उदाहरण के लिए, एक करोड़ रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी का प्रीमियम करीब 1,500 रुपये प्रति महीना हो सकता है। इसके साथ 50 लाख रुपये का ADB राइडर जोड़ने पर 800 से 1,000 रुपये प्रति महीना अतिरिक्त प्रीमियम देना पड़ सकता है।

अगर पॉलिसी में कवर दुर्घटना से मौत होती है, तो नॉमिनी को कुल 1.5 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। इसमें एक करोड़ रुपये बेस पॉलिसी और 50 लाख रुपये राइडर से मिलेंगे। बीमारी या गैर-दुर्घटना वाली वजह से मौत होने पर केवल बेस पॉलिसी की राशि मिलेगी।

किन लोगों के लिए हो सकता है उपयोगी?

कंपनी के मुताबिक, यह राइडर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जिन पर परिवार आर्थिक रूप से निर्भर है, जिनके घर में कमाई का एक ही जरिया है, जो फैक्टरी जैसी ज्यादा जोखिम वाली जगहों पर काम करते हैं या जिन्हें काम के लिए अक्सर यात्रा करनी पड़ती है।

हालांकि, जिन लोगों के पास पहले से पर्याप्त टर्म इंश्योरेंस कवर है, उनके लिए राइडर लेने के बजाय बेस बीमा राशि बढ़ाना बेहतर विकल्प हो सकता है।

पॉलिसी की शर्तें जरूर पढ़ें

ADB राइडर में कई शर्तें और एक्सक्लूजन होते हैं। खुद को नुकसान पहुंचाने, शराब या ड्रग्स के असर, गैर-कानूनी काम या खतरनाक एडवेंचर गतिविधियों से जुड़े मामलों में क्लेम नहीं मिल सकता।

कई पॉलिसियों में दुर्घटना के 90 से 180 दिनों के अंदर मौत होना भी जरूरी होता है। बीमारी और हार्ट अटैक से हुई मौत आमतौर पर इस राइडर में कवर नहीं होती। इसलिए राइडर लेने से पहले उसकी शर्तों, कवरेज और एक्सक्लूजन को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।
 

Read more!
Advertisement