21 साल की छात्रा ने खुद भरी ₹2.73 लाख की कॉलेज फीस, फिर भी हर महीने ₹40,000 का निवेश! आखिर कैसे?

मुंबई की 21 साल की इंजीनियरिंग छात्रा प्राजक्ता बंगाले अपने खर्चों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। कॉलेज की भारी फीस खुद भरने के बावजूद वह हर महीने हजारों रुपये निवेश करती हैं। आखिर इतनी कम उम्र में पढ़ाई, किराया और बाकी खर्च कैसे संभालती हैं? जानिए पूरा हिसाब।

Advertisement

In Short

  • 21 साल की प्राजक्ता बंगाले ने खुद चुकाई ₹2.73 लाख की इंजीनियरिंग कॉलेज फीस।
  • पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्चों के बावजूद हर महीने ₹40,000 की SIP में निवेश।
  • माता-पिता को ₹23,000 किराया देती हैं, शॉपिंग और सब्सक्रिप्शन पर भी हजारों खर्च।

By Gungun Mishra:

मुंबई की एक 21 साल की इंजीनियरिंग छात्रा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वजह है उसकी कमाई और खर्चों का हिसाब। छात्रा ने अपनी कॉलेज फीस के लिए ₹2.73 लाख खर्च किए और साथ ही हर महीने ₹40,000 का निवेश भी करती है। सोशल मीडिया पर उसका खर्चों का पूरा ब्योरा सामने आने के बाद लोग जानना चाहते हैं कि आखिर इतनी कम उम्र में वह अपने पैसे कैसे मैनेज करती है।

कौन है ये 21 साल की छात्रा?

मुंबई की रहने वाली प्राजक्ता बंगाले इंजीनियरिंग की चौथे साल की छात्रा हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक रील शेयर की, जिसमें अक्टूबर महीने के अपने खर्चों का पूरा हिसाब बताया।

प्राजक्ता ने बताया कि इंजीनियरिंग के पहले दो साल की फीस उनके पिता ने भरी थी। लेकिन जब उन्होंने खुद कमाना शुरू किया, तो अपनी पढ़ाई का खर्च भी खुद उठाने का फैसला किया। अक्टूबर में उन्होंने चौथे साल की इंजीनियरिंग फीस के लिए ₹2,73,000 का भुगतान किया।

हर महीने ₹40,000 की SIP में निवेश

प्राजक्ता के खर्चों में सबसे दिलचस्प बात उनका निवेश है। वह हर महीने ₹40,000 की SIP यानी सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान में पैसा लगाती हैं।

इतनी बड़ी कॉलेज फीस भरने के बावजूद उन्होंने अक्टूबर में निवेश जारी रखा। उनकी रील ने सोशल मीडिया पर पढ़ाई के खर्च, आर्थिक आत्मनिर्भरता और कम उम्र में निवेश को लेकर चर्चा शुरू कर दी है।

माता-पिता को देती हैं ₹23,000 किराया

प्राजक्ता ने अपनी रील में बताया कि वह हर महीने अपने माता-पिता को ₹23,000 किराया भी देती हैं। इसके अलावा शॉपिंग, ट्रांसपोर्ट, खाने-पीने और ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन पर भी पैसा खर्च करती हैं।

उनके अक्टूबर महीने के खर्च कुछ इस तरह रहे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्राजक्ता Claude, Meta, Spotify, Caption AI, InShot और Netflix जैसी सर्विसेज के सब्सक्रिप्शन पर भी खर्च करती हैं।

कॉलेज फीस हटाने पर कितना खर्च?

अगर कॉलेज फीस को अलग कर दिया जाए, तो अक्टूबर में प्राजक्ता का कुल खर्च और निवेश ₹85,300 रहा। इसमें ₹40,000 की SIP भी शामिल है। वहीं, कॉलेज फीस जोड़ने पर उनकी बताई गई सभी मदों का कुल ₹3,58,300 बनता है।

हालांकि, रील में यह साफ नहीं किया गया कि ₹2.73 लाख की कॉलेज फीस सालाना थी, सेमेस्टर की थी या किसी दूसरी अवधि की। इसलिए उनकी पढ़ाई का कुल सालाना खर्च कितना है, यह कहना मुश्किल है।

सोशल मीडिया पर क्यों हो रही चर्चा?

प्राजक्ता की रील ने युवाओं के बीच एक अहम सवाल खड़ा किया है कि पढ़ाई, रोजमर्रा के खर्च और निवेश के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।

उनकी कहानी दिखाती है कि एक छात्रा अपनी शिक्षा की बड़ी रकम चुकाने के साथ भविष्य के लिए निवेश को भी प्राथमिकता दे रही है। हालांकि, उन्होंने अपनी कुल कमाई का ब्योरा नहीं दिया है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि वह इन सभी खर्चों को किस तरह पूरा करती हैं।

Read more!
Advertisement