म्यूचुअल फंड्स ने 21 साल में पहली बार घटाया Nifty 50 में निवेश, अब इन शेयरों पर बढ़ा भरोसा!

शेयर बाजार में निवेश की रणनीति बदलती नजर आ रही है। देश के बड़े निवेशक अब उन कंपनियों से आगे देख रहे हैं, जो लंबे समय से बाजार की पहचान रही हैं। आखिर ऐसा क्या बदला है कि निवेश का रुख नई कंपनियों की तरफ बढ़ रहा है? जानिए पूरी रिपोर्ट।

Advertisement

In Short

  • म्यूचुअल फंड्स का Nifty 50 कंपनियों में निवेश सितंबर 2026 तिमाही में घटकर 49.4% पर पहुंचा, जो 21 साल का निचला स्तर है।
  • पिछले तीन साल में Nifty 50 का सालाना औसत रिटर्न 4.8% रहा, जबकि Nifty Midcap 150 और Smallcap 250 ने 13% से ज्यादा रिटर्न दिया।
  • घरेलू म्यूचुअल फंड्स का पोर्टफोलियो कंसंट्रेशन इंडेक्स 35 तिमाहियों के निचले स्तर 119 पर पहुंच गया।

By Gungun Mishra:

घरेलू म्यूचुअल फंड्स का देश की दिग्गज कंपनियों यानी Nifty 50 के शेयरों में निवेश सितंबर 2026 तिमाही में 21 साल के निचले स्तर पर पहुंच गया है। पहली बार दो दशक से ज्यादा समय में म्यूचुअल फंड्स का Nifty 50 शेयरों में निवेश 50 फीसदी से नीचे आ गया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की इंडिया ओनरशिप ट्रैकर रिपोर्ट के मुताबिक, निवेशक अब अपने पोर्टफोलियो में ज्यादा विविधता ला रहे हैं और बड़ी कंपनियों के अलावा मिडकैप शेयरों में भी निवेश बढ़ा रहे हैं।

Nifty 50 में म्यूचुअल फंड्स का निवेश 50% से नीचे

NSE की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 तिमाही में NSE पर लिस्टेड कंपनियों में म्यूचुअल फंड्स की कुल हिस्सेदारी में Nifty 50 कंपनियों का हिस्सा घटकर 49.4 फीसदी रह गया। जून 2026 तिमाही में यह आंकड़ा 51.4 फीसदी था। यानी एक तिमाही में इसमें 2 फीसदी की गिरावट आई है।

अगर दिसंबर 2019 के रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें, तो Nifty 50 में म्यूचुअल फंड्स का निवेश 13.5 फीसदी घट चुका है। उस समय इन कंपनियों में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी 63 फीसदी थी। यह बदलाव बताता है कि फंड मैनेजर अब निवेश के लिए सिर्फ बड़ी और जानी-मानी कंपनियों पर निर्भर नहीं रहना चाहते।

दूसरे संस्थागत निवेशकों ने भी घटाई हिस्सेदारी

Nifty 50 शेयरों में निवेश घटाने का रुझान सिर्फ घरेलू म्यूचुअल फंड्स तक सीमित नहीं है। संस्थागत निवेशकों ने लगातार तीसरी तिमाही में इन कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी कम की है। सितंबर तिमाही में संस्थागत निवेशकों के कुल निवेश में Nifty 50 कंपनियों का हिस्सा घटकर रिकॉर्ड निचले स्तर 54.6 फीसदी पर आ गया।

दिसंबर 2025 के बाद से इसमें 6.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भी Nifty 50 कंपनियों में अपना निवेश 1.3 फीसदी घटाकर 56.2 फीसदी कर दिया है। बैंकों, वित्तीय संस्थानों और बीमा कंपनियों का निवेश भी घटा है। हालांकि, इनका Nifty 50 में निवेश सबसे ज्यादा 62.4 फीसदी बना हुआ है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या बड़ी कंपनियों से दूर जा रहे हैं म्यूचुअल फंड्स?

NSE की रिपोर्ट बताती है कि म्यूचुअल फंड्स बड़ी कंपनियों से पूरी तरह दूरी नहीं बना रहे हैं। दरअसल, बाजार पूंजीकरण के लिहाज से NSE की सबसे बड़ी 10 फीसदी कंपनियों में उनका कुल निवेश बढ़कर 87.6 फीसदी हो गया है। जून तिमाही के मुकाबले इसमें 4.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

इसकी मुख्य वजह Nifty 50 से बाहर की बड़ी कंपनियों, खासकर मिडकैप शेयरों में बढ़ता निवेश है। विदेशी निवेशकों और व्यक्तिगत निवेशकों ने भी इस श्रेणी में अपनी हिस्सेदारी क्रमशः 2.8 फीसदी और 4.1 फीसदी बढ़ाई है।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने दिया बेहतर रिटर्न

शेयर बाजार के अलग-अलग सेगमेंट के प्रदर्शन पर नजर डालें तो पिछले तीन साल में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने Nifty 50 के मुकाबले बेहतर रिटर्न दिया है।

सितंबर 2026 तक के तीन साल में Nifty 50 का सालाना औसत रिटर्न 4.8 फीसदी रहा। वहीं, Nifty Midcap 150 ने 13 फीसदी और Nifty Smallcap 250 ने 13.3 फीसदी का सालाना औसत रिटर्न दिया।

पोर्टफोलियो में विविधता बढ़ने का संकेत

NSE की रिपोर्ट में पोर्टफोलियो कंसंट्रेशन इंडेक्स में आई गिरावट भी निवेश के बदलते रुझान को दिखाती है। यह इंडेक्स बताता है कि निवेश कितने कम या ज्यादा शेयरों में केंद्रित है।

घरेलू म्यूचुअल फंड्स का यह इंडेक्स घटकर 119 पर आ गया, जो पिछले 35 तिमाहियों का सबसे निचला स्तर है। वहीं, सभी संस्थागत निवेशकों का इंडेक्स जून के 145 से गिरकर सितंबर में 132 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। इससे साफ है कि संस्थागत निवेशक अब अपने इक्विटी पोर्टफोलियो में पहले के मुकाबले ज्यादा विविधता ला रहे हैं।

Read more!
Advertisement