म्यूचुअल फंड कहां लगा रहे हैं आपका पैसा? Altiva Hybrid Long-Short Fund ने शेयर किया डिटेल्स

शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बीच Altiva Hybrid Long-Short Fund ने अपने पोर्टफोलियो को संतुलित रखने के लिए खास रणनीति अपनाई है। सितंबर में निफ्टी में बड़ी गिरावट आई, लेकिन इस फंड पर इसका असर काफी कम रहा। आखिर फंड ने कहां निवेश किया और कैसे जोखिम घटाने की कोशिश की? जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement

In Short

  • Altiva Hybrid Long-Short Fund ने 40.99% निवेश फिक्स्ड इनकम में किया।
  • सितंबर में निफ्टी 50 में 6.06% और फंड में सिर्फ 0.72% की गिरावट आई।
  • फंड के डेट पोर्टफोलियो का YTM 8.17% और मॉडिफाइड ड्यूरेशन 1.35 साल रहा।

By Gungun Mishra:

शेयर बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के लिए अपने पैसे को सुरक्षित रखते हुए बेहतर रिटर्न हासिल करना बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे माहौल में अल्टिवा हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड (Altiva Hybrid Long-Short Fund) ने अपनी निवेश रणनीति में फिक्स्ड इनकम को ज्यादा अहमियत दी है। 30 सितंबर 2026 तक फंड के कुल पोर्टफोलियो का 40.99% हिस्सा फिक्स्ड इनकम में निवेश किया गया था।

फिक्स्ड इनकम पर फंड का ज्यादा जोर

फंड की रणनीति मुख्य रूप से नियमित इनकम हासिल करने और बाजार के उतार-चढ़ाव का असर कम करने पर आधारित है। इसके पोर्टफोलियो में करीब 41% हिस्सा फिक्स्ड इनकम का है। वहीं, कैश-फ्यूचर आर्बिट्राज और कवर्ड कॉल्स में 38% निवेश किया गया है।

इसके अलावा अन्य डेरिवेटिव रणनीतियों में 12%, स्पेशल सिचुएशंस में 2% और REITs/InvITs में 5% निवेश है। इस तरह फंड अलग-अलग निवेश विकल्पों के जरिए बाजार के जोखिम को कम करने की कोशिश कर रहा है।

कम अवधि वाले निवेश को प्राथमिकता

30 सितंबर तक फंड के डेट पोर्टफोलियो का यील्ड टू मैच्योरिटी 8.17% था। वहीं, मॉडिफाइड ड्यूरेशन 1.35 साल, एवरेज मैच्योरिटी 1.53 साल और मैकाले ड्यूरेशन 1.46 साल रही।

सितंबर के दौरान फंड ने अपने निवेश की ड्यूरेशन और घटाई। कम अवधि वाले डेट इंस्ट्रूमेंट्स में आमतौर पर बॉन्ड यील्ड बदलने का असर लंबी अवधि वाले निवेश के मुकाबले कम होता है।

फंड ने अतिरिक्त नकदी को ट्रेजरी बिल्स और TREPS में लगाया, ताकि जरूरत पड़ने पर दूसरे निवेश अवसरों का फायदा उठाया जा सके।

प्रतीकात्मक तस्वीर

किन कंपनियों और इंस्ट्रूमेंट्स में लगाया पैसा?

फंड के फिक्स्ड इनकम निवेश में सबसे बड़ा हिस्सा ट्रेजरी बिल्स का है। इसकी हिस्सेदारी 13.66% है। इसके बाद बजाज फाइनेंस में 4.07%, NABARD में 3.25%, SIDBI में 3.13% और REC में 2.45% निवेश किया गया है।

वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.86% और टाटा कैपिटल हाउसिंग फाइनेंस में 1.57% निवेश है। फंड के पोर्टफोलियो में टाटा कैपिटल जैसे दूसरे उच्च रेटिंग वाले संस्थान भी शामिल हैं।

बाजार गिरा 6.06%, फंड में कितनी गिरावट?

सितंबर में शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। इस दौरान निफ्टी 50 इंडेक्स 6.06% गिरा, जबकि अल्टिवा हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट फंड के डायरेक्ट प्लान में सिर्फ 0.72% की गिरावट दर्ज की गई।

फंड की रणनीति बाजार की दिशा पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय अलग-अलग निवेश विकल्पों से इनकम हासिल करने पर केंद्रित है।

आगे क्या है फंड की रणनीति?

फंड फिलहाल फिक्स्ड इनकम, आर्बिट्राज, कवर्ड कॉल्स और डेरिवेटिव जैसी रणनीतियों पर जोर दे रहा है। साथ ही पर्याप्त नकदी बनाए रखने की कोशिश है, ताकि बाजार में नए मौके मिलने पर निवेश किया जा सके।

कम अवधि वाले डेट इंस्ट्रूमेंट्स और अच्छी क्रेडिट रेटिंग वाले निवेश के जरिए फंड बदलते बाजार में अपने पोर्टफोलियो को संतुलित रखने की कोशिश कर रहा है।

Read more!
Advertisement