Step Up SIP: ₹10,000 की SIP से बनेंगे ₹33 लाख! हर साल 10% निवेश बढ़ाने का समझें पूरा गणित
अगर आप हर महीने ₹10,000 की SIP करते हैं, तो क्या सिर्फ इतना निवेश आपके बड़े सपनों को पूरा करने के लिए काफी होगा? फाइनेंशियल एक्सपर्ट ने निवेश का एक ऐसा तरीका बताया है, जिससे छोटी-सी बढ़ोतरी भी बड़ा फर्क ला सकती है. जानिए Step Up SIP का पूरा गणित.

In Short
- Step Up SIP से फायदा: हर साल SIP की रकम 10% बढ़ाने से लंबे समय में बड़ा फंड बनाने में मदद मिल सकती है.
- ₹23 लाख से ₹33 लाख: ₹10,000 की मंथली SIP में सालाना 10% Step Up करने से 10 साल में अनुमानित फंड ₹33 लाख हो सकता है.
- महंगाई से निपटने में मदद: Step Up SIP भविष्य के बढ़ते खर्चों के लिए अतिरिक्त फंड तैयार करने में मदद कर सकती है.
म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए निवेश करना लंबे समय में बड़ा फंड बनाने का एक तरीका है. लेकिन क्या हर महीने एक तय रकम निवेश करते रहना काफी है या समय के साथ SIP की रकम भी बढ़ानी चाहिए? फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, हर साल निवेश की रकम थोड़ी बढ़ाने से भविष्य के बड़े खर्चों के लिए ज्यादा पैसा जुटाया जा सकता है. आइए समझते हैं कि Step Up SIP कैसे काम करती है, इसकी जरूरत क्यों पड़ती है और इससे कितना फायदा हो सकता है.
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा से बातचीत करते हुए फाइनेंशियल एक्सपर्ट श्वेता रजनी ने बताया कि जब हम घर खरीदने, बच्चों की पढ़ाई या किसी दूसरे बड़े खर्च के लिए निवेश शुरू करते हैं, तो अक्सर महंगाई के असर को पूरी तरह ध्यान में नहीं रखते. आज जिस लक्ष्य के लिए जितने पैसे चाहिए, कुछ साल बाद उसी के लिए ज्यादा रकम की जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में Step Up SIP आपको अपने फाइनेंशियल गोल के करीब पहुंचने में मदद कर सकती है.
घर खरीदने के लिए अतिरिक्त फंड भी होगा तैयार
श्वेता रजनी ने उदाहरण देते हुए बताया कि मान लीजिए आपने भविष्य में घर खरीदने के लिए 2 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है. लेकिन जब घर खरीदने का समय आए, तो आपकी पसंद का घर थोड़ा ज्यादा महंगा हो सकता है. ऐसी स्थिति में अतिरिक्त पैसों की जरूरत पड़ेगी. Step Up SIP के जरिए आप निवेश बढ़ाकर इस अतिरिक्त खर्च के लिए बफर तैयार कर सकते हैं.
₹10,000 की SIP हर साल कैसे बढ़ेगी?
Step Up SIP का मतलब है कि आप हर साल अपनी मंथली SIP की रकम बढ़ाते जाएं. उदाहरण के लिए, अगर आप पहले साल हर महीने ₹10,000 निवेश करते हैं और सालाना 10% Step Up रखते हैं, तो दूसरे साल आपकी SIP ₹11,000 हो जाएगी. तीसरे साल यह ₹12,100 प्रति महीने होगी. इसी तरह हर साल निवेश की रकम 10% बढ़ती जाएगी.
₹23 लाख की जगह बन सकते हैं ₹33 लाख
श्वेता रजनी के मुताबिक, अगर आप हर महीने ₹10,000 की सामान्य SIP लगातार 10 साल तक करते हैं, तो करीब ₹23 लाख का फंड बन सकता है. इस दौरान आपका कुल निवेश ₹12 लाख होगा.
लेकिन अगर इसी SIP में हर साल 10% की बढ़ोतरी करते हैं, तो 10 साल में कुल निवेश करीब ₹17 से ₹17.5 लाख हो सकता है. वहीं, आपका फाइनल फंड ₹23 लाख की जगह करीब ₹33 लाख तक पहुंच सकता है.
20 साल से ज्यादा निवेश करने पर कितना फायदा?
श्वेता रजनी के मुताबिक, लंबे समय तक Step Up SIP जारी रखने से कंपाउंडिंग का फायदा और बढ़ सकता है. उनके बताए उदाहरण में 20 साल से ज्यादा की अवधि में करीब ₹67 से ₹70 लाख का फंड बनने की बात कही गई है.
इस रणनीति का फायदा यह है कि जैसे-जैसे आपकी सैलरी बढ़ती है, आप उसी हिसाब से SIP भी बढ़ा सकते हैं. हालांकि, म्यूचुअल फंड में रिटर्न की गारंटी नहीं होती और असल फंड बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा.