SIP में हर महीने ₹15,000 लगाते हैं? एक ही फंड में पैसा डालना पड़ सकता है भारी! जानें एक्सपर्ट की सलाह
अगर आप हर महीने ₹15,000 की SIP कर रहे हैं और भविष्य के लिए बड़ा फंड बनाना चाहते हैं तो एक छोटी सी गलती आपकी मेहनत पर पानी फेर सकती है। मनी ट्री पार्टनर्स के सिद्धार्थ शर्मा ने बताया है कि निवेश करते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

In Short
- हर महीने ₹15,000 की SIP एक ही म्यूचुअल फंड में लगाने से कॉन्सन्ट्रेशन रिस्क बढ़ सकता है।
- अलग-अलग कैटेगरी के म्यूचुअल फंड में निवेश करने से पोर्टफोलियो का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।
- SIP में सिर्फ 15% रिटर्न के पीछे भागने के बजाय अपनी रिस्क प्रोफाइल और फाइनेंशियल गोल पर ध्यान देना जरूरी है।
म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए लंबे समय में अच्छा फंड तैयार करना चाहते हैं तो सिर्फ हर महीने पैसा लगाना काफी नहीं है। आपका पैसा कहां निवेश हो रहा है और आपने किस तरह के फंड चुने हैं, यह भी बहुत जरूरी है। खासकर अगर आप हर महीने ₹15,000 की SIP कर रहे हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं कि एक ही फंड में पैसा लगाने से क्या नुकसान हो सकता है और निवेश की बेहतर स्ट्रैटेजी क्या होनी चाहिए।
बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Money Tree Partners के को-फाउंडर सिद्धार्थ शर्मा ने कहा कि अगर आप अपनी पूरी SIP की रकम एक ही म्यूचुअल फंड या एक ही कैटेगरी में लगाते हैं तो पोर्टफोलियो में कॉन्सन्ट्रेशन रिस्क बढ़ जाता है।
इसका मतलब है कि आपका पूरा निवेश एक ही जगह पर निर्भर हो जाता है। अगर उस फंड का प्रदर्शन खराब हुआ तो आपके पूरे निवेश पर असर पड़ सकता है। कई बार कोई फंड या फंड हाउस लंबे समय तक अच्छा रिटर्न देने के बाद कमजोर प्रदर्शन करने लगता है। ऐसे में निवेशकों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
SIP में डायवर्सिफिकेशन क्यों है जरूरी?
सिद्धार्थ शर्मा का कहना है कि निवेशकों को एक कंपोजिट पोर्टफोलियो ) बनाना चाहिए। इसका मतलब है कि पूरा पैसा एक जगह लगाने के बजाय अलग-अलग कैटेगरी के म्यूचुअल फंड में बांटना चाहिए।
इसे डायवर्सिफिकेशनकहते हैं। इसका फायदा यह है कि अगर किसी एक कैटेगरी का प्रदर्शन कमजोर होता है तो जरूरी नहीं कि पूरे पोर्टफोलियो पर उतना ही असर पड़े।
इस तरह निवेशक किसी एक फंड या मार्केट सेगमेंट पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहते और लंबे समय तक निवेश जारी रखना आसान हो सकता है।
अपनी रिस्क लेने की क्षमता के हिसाब से चुनें फंड
सिद्धार्थ शर्मा के मुताबिक, हर निवेशक को अपनी रिस्क प्रोफाइल के हिसाब से अलग-अलग कैटेगरी के फंड चुनने चाहिए।
अगर आप लंबे समय तक निवेश कर सकते हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव का जोखिम उठाने की क्षमता रखते हैं तो अपेक्षाकृत ज्यादा रिस्क वाली कैटेगरी में निवेश कर सकते हैं।
लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पूरी रकम उसी कैटेगरी में लगा दी जाए। फंड का चुनाव करते समय यह समझना जरूरी है कि आप कितना जोखिम उठा सकते हैं और आपका फाइनेंशियल गोल क्या है।
15-15-15 नियम में सिर्फ 15% रिटर्न ही सबकुछ नहीं
SIP के 15-15-15 नियम को लेकर भी एक जरूरी बात सामने आती है। निवेशकों को सिर्फ 15% सालाना रिटर्न हासिल करने पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
लंबे समय तक निवेश बनाए रखना और बाजार में गिरावट आने पर भी अपने पोर्टफोलियो को संभाल पाना उतना ही जरूरी है। सही फंड का चुनाव और अलग-अलग कैटेगरी में निवेश करने से जोखिम को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकता है।
ज्यादा फंड नहीं, सही पोर्टफोलियो बनाना जरूरी
सिद्धार्थ शर्मा की सलाह का मतलब यह नहीं है कि निवेशक बहुत सारे म्यूचुअल फंड खरीद लें। जरूरी यह है कि पोर्टफोलियो में सही बैलेंस हो।हर महीने ₹15,000 की SIP करने वाले निवेशकों को अपनी जरूरत, निवेश की अवधि और रिस्क लेने की क्षमता के हिसाब से फंड चुनने चाहिए। क्योंकि सिर्फ नियमित SIP करना ही काफी नहीं है, बल्कि सही पोर्टफोलियो बनाना भी जरूरी है। यही स्ट्रैटेजी लंबे समय में अपने तय फाइनेंशियल गोल तक पहुंचने में मदद कर सकती है।