हर महीने ₹15,000 की SIP से कैसे बन सकता है ₹1 करोड़ का फंड? जानें पूरा फॉर्मूला
SIP के जरिए करोड़पति बनने का सपना देख रहे हैं? मनी ट्री पार्टनर्स के को-फाउंडर सिद्धार्थ शर्मा ने निवेश का एक आसान फॉर्मूला बताया है, जिससे लंबे समय में बड़ा फंड तैयार हो सकता है। जानिए 15-15-15 का नियम कैसे काम करता है और इसमें कंपाउंडिंग की कितनी अहम भूमिका है।

In Short
- हर महीने ₹15,000 की SIP से 15 साल में करीब ₹1 करोड़ का फंड बनाने का फॉर्मूला।
- कंपाउंडिंग की ताकत से लंबे समय में छोटी रकम भी बन सकती है बड़ी पूंजी।
- सालाना 15% रिटर्न के अनुमान पर आधारित है 15-15-15 नियम, रिटर्न की गारंटी नहीं।
अगर आप भी म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए बड़ा फंड बनाना चाहते हैं, तो सिर्फ ज्यादा रिटर्न के पीछे भागना जरूरी नहीं है। सही प्लानिंग और लंबे समय तक निवेश जारी रखना भी उतना ही जरूरी है। खास बात यह है कि हर महीने एक तय रकम निवेश करके भी आप बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं। इसी को लेकर मनी ट्री पार्टनर्स के को-फाउंडर सिद्धार्थ शर्मा ने एक आसान फॉर्मूला बताया है। आइए समझते हैं कि यह फॉर्मूला कैसे काम करता है, इसमें कंपाउंडिंग की क्या भूमिका है और निवेशकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Money Tree Partners के को-फाउंडर सिद्धार्थ शर्मा ने कहा SIP का 15-15-15 फॉर्मूला लंबे समय में बड़ा फंड बनाने का एक आसान तरीका है। इस फॉर्मूले के तहत अगर कोई व्यक्ति हर महीने ₹15,000 की SIP करता है और लगातार 15 साल तक निवेश जारी रखता है, तो सालाना 15% रिटर्न मिलने पर करीब ₹1 करोड़ का फंड तैयार हो सकता है।
शर्मा का कहना है कि यह फॉर्मूला गणित के हिसाब से काम करता है। खासकर युवा और मिडिल इनकम वाले निवेशकों के लिए यह समझने का आसान तरीका है कि छोटी-छोटी रकम लंबे समय में कैसे बड़ी बन सकती है।
कंपाउंडिंग कैसे बढ़ाती है आपका पैसा?
सिद्धार्थ शर्मा के मुताबिक, इस फॉर्मूले की असली ताकत कंपाउंडिंग है। कंपाउंडिंग का मतलब है कि आपके निवेश पर मिलने वाला रिटर्न भी आगे चलकर नया रिटर्न कमाने लगता है।
शुरुआती वर्षों में निवेश की रकम धीरे-धीरे बढ़ती दिखाई दे सकती है, लेकिन समय बीतने के साथ फंड तेजी से बढ़ने लगता है। शर्मा ने कंपाउंडिंग को दुनिया का आठवां अजूबा बताया। उनके मुताबिक, लंबे समय तक पैसा निवेश रहने से उसकी ग्रोथ बढ़ती जाती है। यही वजह है कि SIP में धैर्य रखना जरूरी है।
क्या 15 साल में ₹1 करोड़ मिलना पक्का है?
15-15-15 फॉर्मूला समझने में आसान जरूर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर निवेशक को 15 साल में ₹1 करोड़ मिल ही जाएगा।दरअसल, यह कैलकुलेशन सालाना 15% रिटर्न के अनुमान पर आधारित है। म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार के उतार-चढ़ाव, मार्केट वैल्यूएशन और निवेश के लिए चुने गए फंड पर निर्भर करता है। इसलिए इसे गारंटीड रिटर्न नहीं समझना चाहिए।
SIP निवेशकों को क्या करना चाहिए?
सिद्धार्थ शर्मा के मुताबिक, लंबे समय में पैसा बनाने के लिए सही समय पर बाजार में एंट्री करने से ज्यादा जरूरी लगातार निवेश करते रहना है।
नए निवेशकों के लिए सबसे अहम बात यह है कि SIP को लंबे समय तक जारी रखें और छोटी अवधि के उतार-चढ़ाव से घबराकर फैसला न लें। क्योंकि कंपाउंडिंग का असली फायदा तभी मिलता है, जब निवेश को बढ़ने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।