म्यूचुअल फंड से आगे निवेश के विकल्प खोज रहे हैं? SIF और AIF हो सकते हैं अच्छे ऑप्शन - पहले समझें कौन बेहतर
म्यूचुअल फंड से अलग निवेश करना चाहते हैं तो SIF और AIF आपके लिए दो ऑप्शन हो सकते हैं। दोनों में निवेश की न्यूनतम रकम, जोखिम और पैसा निकालने के नियम अलग हैं। जानिए SIF और AIF में क्या अंतर है, कितने पैसे चाहिए और निवेश से पहले किन बातों का ध्यान रखें।

In Short
- SIF और AIF दोनों में निवेश के अलग-अलग ऑप्शन मिलते हैं, लेकिन इनके नियम और जोखिम अलग हैं।
- SIF में कम से कम ₹10 लाख, जबकि AIF में आमतौर पर ₹1 करोड़ का निवेश जरूरी है।
- निवेश से पहले पैसा निकालने के नियम, जोखिम और टैक्स से जुड़ी जानकारी समझना जरूरी है।
अगर आप म्यूचुअल फंड से अलग निवेश के विकल्प तलाश रहे हैं, तो स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (SIF) और अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड (AIF) के बारे में जानना जरूरी है। दोनों में निवेश के अलग-अलग मौके मिलते हैं। हालांकि, इनमें पैसा लगाने की न्यूनतम रकम, निवेश की रणनीति और जोखिम अलग हैं। दोनों को मार्केट रेगुलेटर SEBI नियंत्रित करता है।
क्या होता है SIF?
स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड यानी SIF एक ऐसा निवेश विकल्प है, जो म्यूचुअल फंड के नियमों के तहत काम करता है। इसे योग्य एसेट मैनेजमेंट कंपनियां (AMC) चलाती हैं।
इसमें इक्विटी, डेट और हाइब्रिड जैसे विकल्पों में निवेश किया जा सकता है। SIF में निवेश की रणनीति सामान्य म्यूचुअल फंड से ज्यादा लचीली होती है। इसमें पैसा लगाने के लिए एक PAN पर एक AMC में कम से कम 10 लाख रुपये का निवेश जरूरी है।
क्या होता है AIF?
अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड यानी AIF में निवेशकों से पैसा जुटाकर अलग-अलग एसेट में लगाया जाता है। इनमें प्राइवेट इक्विटी, वेंचर कैपिटल, रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्राइवेट क्रेडिट शामिल हैं।
AIF मुख्य रूप से बड़े निवेशकों के लिए बनाया गया है। इसमें आमतौर पर कम से कम 1 करोड़ रुपये का निवेश करना होता है। SEBI ने AIF को तीन कैटेगरी में बांटा है।
SIF और AIF में क्या है सबसे बड़ा अंतर?
दोनों के बीच सबसे बड़ा अंतर निवेश की न्यूनतम रकम और निवेश के विकल्पों का है। SIF में 10 लाख रुपये से शुरुआत की जा सकती है, जबकि AIF में आमतौर पर 1 करोड़ रुपये चाहिए।
SIF म्यूचुअल फंड के नियमों के तहत काम करता है। वहीं, AIF के लिए अलग नियम हैं। AIF में निवेश के विकल्प भी ज्यादा होते हैं।
जरूरत पड़ने पर कब निकाल सकते हैं पैसा?
SIF में पैसा निकालने की सुविधा फंड की रणनीति पर निर्भर करती है। कुछ इक्विटी आधारित योजनाओं में रोजाना पैसा निकालने की सुविधा मिल सकती है।
वहीं, AIF की कैटेगरी I और II क्लोज एंडेड होती हैं। इनमें निवेशकों को तय अवधि तक पैसा लगाए रखना पड़ सकता है। कैटेगरी III में अलग-अलग निकासी नियम हो सकते हैं।
निवेश से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
SIF और AIF दोनों में जोखिम होता है। SIF में जटिल निवेश रणनीतियों और डेरिवेटिव के इस्तेमाल से उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। वहीं, AIF में अनलिस्टेड कंपनियों और ऐसे एसेट में निवेश हो सकता है, जिन्हें जल्दी बेचना मुश्किल होता है।
इसलिए पैसा लगाने से पहले निवेश का लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता, निवेश की अवधि, फीस, टैक्स और पैसा निकालने के नियम जरूर समझें। दोनों में चुनाव अपनी जरूरत और वित्तीय स्थिति के हिसाब से करना चाहिए।