PPFAS ने लॉन्च किया डॉलर में निवेश वाला नया फंड! NRI भी लगा सकेंगे पैसा, जानें कितना है मिनिमम निवेश
PPFAS ने GIFT City के जरिए नया डॉलर आधारित Flexi Cap Fund लॉन्च किया है। इस फंड से विदेश में रहने वाले योग्य निवेशकों को भारतीय शेयर बाजार में पैसा लगाने का मौका मिलेगा। हालांकि, निवेश की कुछ खास शर्तें और चार्ज भी हैं। जानिए कौन निवेश कर सकता है और क्या नियम हैं।

In Short
- PPFAS के नए डॉलर आधारित Flexi Cap Fund का NFO 27 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा।
- NRI, OCI और योग्य विदेशी निवेशक इस फंड में न्यूनतम 10,000 डॉलर से निवेश कर सकेंगे।
- फंड में 365 दिनों के भीतर निकासी पर 2% और 366 से 730 दिनों के बीच 1% एग्जिट लोड लगेगा।
अगर आप विदेश में रहते हैं और भारत के शेयर बाजार में निवेश करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक नया विकल्प आया है। PPFAS ने गुजरात की GIFT City के जरिए Parag Parikh India Flexi Cap Fund लॉन्च किया है। यह फंड अमेरिकी डॉलर में निवेश की सुविधा देता है। इसके जरिए योग्य NRI और विदेशी निवेशक भारत के शेयर बाजार में पैसा लगा सकेंगे।
PPFAS की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी PPFAS Alternate Asset Managers IFSC Private Limited ने यह फंड लॉन्च किया है। इसका न्यू फंड ऑफर (NFO) 6 नवंबर को खुला था और 27 नवंबर 2026 तक निवेश का मौका मिलेगा।
किन लोगों को मिलेगा निवेश का मौका?
यह फंड खास तौर पर NRI, ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया और योग्य विदेशी निवेशकों के लिए है। निवेशक अपने विदेशी बैंक अकाउंट से सीधे पैसा लगा सकते हैं। इसके लिए भारत में अलग बैंक अकाउंट, डीमैट अकाउंट या फॉरेन पोर्टफोलियो इन्वेस्टर रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी।
हालांकि, भारत में रहने वाले लोग और अमेरिका व कनाडा के नागरिक इस फंड में निवेश नहीं कर सकेंगे। FATF की संबंधित सूचियों में शामिल देशों के निवेशकों पर भी कुछ पाबंदियां लागू होंगी।
कितने पैसे से शुरू होगा निवेश?
इस फंड में पहली बार निवेश करने के लिए कम से कम 10,000 डॉलर लगाने होंगे। इसके बाद अतिरिक्त निवेश की शुरुआत 1,000 डॉलर से की जा सकती है।
फंड में निवेश, पैसा निकालने और NAV की गणना अमेरिकी डॉलर में होगी। NAV रोजाना तय किया जाएगा और कारोबारी दिनों में ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी।
जल्दी पैसा निकालने पर कितना चार्ज?
इस फंड में कोई अनिवार्य लॉक-इन पीरियड नहीं है, लेकिन जल्दी पैसा निकालने पर एग्जिट लोड देना होगा।
-
365 दिनों के भीतर पैसा निकालने पर 2% चार्ज
-
366 से 730 दिनों के बीच निकासी पर 1% चार्ज
-
730 दिनों के बाद पैसा निकालने पर कोई एग्जिट लोड नहीं
निवेशकों के लिए कम से कम पांच साल का निवेश समय रखने का सुझाव दिया गया है।
कहां निवेश करेगा यह फंड?
यह एक फीडर फंड है, जो PPFAS Mutual Fund की प्रमुख स्कीम Parag Parikh Flexi Cap Fund में निवेश करेगा। इसका पोर्टफोलियो घरेलू म्यूचुअल फंड मैनेज करेगा।
यह स्कीम बड़ी, मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में निवेश कर सकती है। साथ ही, नियमों के मुताबिक चुनिंदा विदेशी शेयरों में भी पैसा लगा सकती है। इसकी रणनीति मजबूत कैश फ्लो, सीमित कर्ज और बेहतर मैनेजमेंट वाली कंपनियों को चुनने पर आधारित है।
निवेश से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
PPFAS GIFT के डायरेक्टर और प्रिंसिपल ऑफिसर निर्मल बारी के मुताबिक, दुनिया भर के निवेशकों की भारत में दिलचस्पी बढ़ रही है। कंपनी का मकसद आसान और मजबूत गवर्नेंस वाले निवेश विकल्प उपलब्ध कराना है।
हालांकि, डॉलर में निवेश की सुविधा होने के बावजूद बाजार में उतार-चढ़ाव, करेंसी में बदलाव और टैक्स से जुड़े जोखिम बने रहेंगे।