निवेशकों ने अक्टूबर में कहां लगाया सबसे ज्यादा पैसा? SIP में गिरावट के बीच इस फंड ने चौंकाया
अक्टूबर में म्यूचुअल फंड निवेश के आंकड़ों ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। SIP और इक्विटी फंड में निवेश की रफ्तार धीमी पड़ी है। स्मॉलकैप और मिडकैप फंड में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। हालांकि, एक कैटेगरी में निवेश तेजी से बढ़ा है। जानिए AMFI की रिपोर्ट में क्या सामने आया।

In Short
- अक्टूबर में SIP निवेश 1% से ज्यादा घटकर ₹32,160 करोड़ रहा, जबकि सालाना आधार पर 8.9% बढ़ा।
- इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश करीब 14% घटकर ₹32,994 करोड़ रह गया।
- लार्ज एंड मिडकैप फंड में निवेश करीब 99% बढ़ा, जबकि स्मॉलकैप और मिडकैप फंड में गिरावट आई।
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए अक्टूबर महीने के आंकड़े सामने आ गए हैं। अक्टूबर में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए होने वाले निवेश में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, इक्विटी म्यूचुअल फंड में आने वाला निवेश भी सितंबर के मुकाबले कम हुआ है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) की ओर से जारी ताजा आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।
अक्टूबर में कितना रहा SIP निवेश?
AMFI के मुताबिक, अक्टूबर में SIP के जरिए कुल ₹32,160 करोड़ का निवेश हुआ। सितंबर में यह आंकड़ा ₹32,490 करोड़ था। यानी महीने के आधार पर SIP निवेश में 1% से थोड़ी ज्यादा गिरावट आई है।
हालांकि, पिछले साल के मुकाबले SIP निवेश बढ़ा है। अक्टूबर 2025 में SIP के जरिए ₹29,529 करोड़ का निवेश हुआ था। इस हिसाब से सालाना आधार पर SIP निवेश में 8.9% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इक्विटी म्यूचुअल फंड में 14% की गिरावट
अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में आने वाला निवेश करीब 14% घट गया। सितंबर में इक्विटी फंड में ₹38,306 करोड़ आए थे, जबकि अक्टूबर में यह आंकड़ा घटकर ₹32,994 करोड़ रह गया।
हालांकि, सभी कैटेगरी में गिरावट नहीं आई। लार्ज एंड मिडकैप फंड में निवेशकों ने ज्यादा पैसा लगाया। अक्टूबर में इन फंड्स में ₹8,484 करोड़ का निवेश हुआ, जबकि सितंबर में ₹4,271 करोड़ आए थे। यानी निवेश में करीब 99% की बढ़ोतरी हुई।
स्मॉलकैप और मिडकैप फंड में घटा निवेश
स्मॉलकैप और मिडकैप फंड में अक्टूबर के दौरान निवेश कम हुआ। स्मॉलकैप फंड में निवेश 29% घटकर ₹6,407 करोड़ रह गया, जो सितंबर में ₹9,038 करोड़ था।
वहीं, मिडकैप फंड में निवेश करीब 38% गिरकर ₹4,892 करोड़ रह गया। सितंबर में इन फंड्स में ₹7,835 करोड़ का निवेश हुआ था।
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का AUM बढ़ा
अक्टूबर में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर ₹83.39 लाख करोड़ पहुंच गया। सितंबर में यह ₹82.64 लाख करोड़ था। अक्टूबर का औसत AUM ₹85.18 लाख करोड़ रहा।
इस दौरान म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में 15.80 लाख नए नेट फोलियो जुड़े। कुल फोलियो की संख्या सितंबर के 28.62 करोड़ से बढ़कर अक्टूबर में 28.78 करोड़ हो गई।
हालांकि, रिटेल म्यूचुअल फंड का AUM सितंबर के ₹49.70 लाख करोड़ से घटकर अक्टूबर में ₹49.21 लाख करोड़ रह गया। वहीं, रिटेल फोलियो की संख्या बढ़कर 21.93 करोड़ पहुंच गई।
लगातार तीसरे महीने ₹32,000 करोड़ के पार SIP
अक्टूबर में 28 नई म्यूचुअल फंड स्कीमें लॉन्च हुईं, जिनके जरिए कुल ₹3,829 करोड़ जुटाए गए।
AMFI के चीफ एग्जीक्यूटिव वेंकट चलसानी के मुताबिक, निवेशकों की भागीदारी मजबूत बनी हुई है। SIP खातों की संख्या करीब 10 करोड़ है। खास बात यह है कि लगातार तीसरे महीने SIP के जरिए ₹32,000 करोड़ से ज्यादा का निवेश हुआ है।