Mutual Fund में बदलाव! स्मॉलकैप और मिडकैप से घटा निवेश, इस फंड में जमकर पैसा लगा रहे लोग
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों की पसंद बदलती नजर आ रही है। अक्टूबर में स्मॉलकैप और मिडकैप फंड की रफ्तार धीमी पड़ी, जबकि एक दूसरी कैटेगरी में निवेश लगभग दोगुना हो गया। आखिर निवेशक अब किस तरफ पैसा लगा रहे हैं और एक्सपर्ट इस बदलाव को कैसे देख रहे हैं? जानिए।

In Short
- अक्टूबर में लार्ज एंड मिडकैप फंड में निवेश 99% बढ़कर 8,484 करोड़ रुपये पहुंचा।
- स्मॉलकैप फंड में निवेश 29% और मिडकैप फंड में करीब 38% की गिरावट दर्ज हुई।
- बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक ग्रोथ के साथ पोर्टफोलियो में स्थिरता पर ध्यान दे रहे हैं।
म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने वाले निवेशकों की पसंद बदलती नजर आ रही है। अक्टूबर 2026 में जहां स्मॉलकैप और मिडकैप फंड में निवेश घटा, वहीं लार्ज एंड मिडकैप फंड में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक अब ऐसे फंड की तरफ बढ़ रहे हैं, जहां अच्छी ग्रोथ की संभावना के साथ जोखिम को भी संतुलित रखा जा सके।
लार्ज एंड मिडकैप फंड में 99% बढ़ा निवेश
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में लार्ज एंड मिडकैप फंड में 8,484 करोड़ रुपये का निवेश आया। सितंबर में यह आंकड़ा 4,271 करोड़ रुपये था। यानी एक महीने में निवेश करीब 99% बढ़ गया।
दूसरी तरफ स्मॉलकैप फंड में निवेश 29% घटकर 6,407 करोड़ रुपये रह गया, जो सितंबर में 9,038 करोड़ रुपये था। मिडकैप फंड में भी निवेश करीब 38% गिरकर 4,892 करोड़ रुपये रह गया। कुल इक्विटी म्यूचुअल फंड निवेश सितंबर के 38,306 करोड़ रुपये से घटकर अक्टूबर में 32,994 करोड़ रुपये रहा।
स्मॉलकैप और मिडकैप से क्यों दूर हो रहे निवेशक?
मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के हिमांशु श्रीवास्तव के मुताबिक, बाजार में उतार-चढ़ाव, महंगे वैल्यूएशन और वैश्विक अनिश्चितताओं के चलते निवेशक ज्यादा जोखिम वाले फंड को लेकर सतर्क हो रहे हैं।
अक्टूबर में कुल इक्विटी निवेश में स्मॉलकैप और मिडकैप फंड की हिस्सेदारी घटकर करीब 34% रह गई, जो सितंबर में 44% थी।
मिराए एसेट की सुरंजना बोरठाकुर के मुताबिक, यह पिछले सात महीनों का सबसे निचला स्तर है। जुलाई में इन दोनों कैटेगरी की हिस्सेदारी करीब 57% थी।
लार्ज एंड मिडकैप फंड क्यों बन रहे पसंद?
लार्ज एंड मिडकैप फंड अपने निवेश का कम से कम 35-35% हिस्सा बड़ी और मझोली कंपनियों के शेयरों में लगाते हैं। इससे निवेशकों को बड़ी कंपनियों की स्थिरता और मिडकैप कंपनियों की ग्रोथ का फायदा मिलने की संभावना रहती है।
अक्टूबर में लार्जकैप फंड में भी निवेश बढ़कर 1,032 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि फ्लेक्सीकैप फंड में निवेश घटकर 4,980 करोड़ रुपये और मल्टीकैप फंड में 2,978 करोड़ रुपये रह गया।
निवेशकों के लिए क्या है एक्सपर्ट की सलाह?
इनक्रेड मनी के नितिन अग्रवाल के मुताबिक, अक्टूबर के आंकड़े बाजार में तेज वापसी के बजाय स्थिरता का संकेत देते हैं। उनका मानना है कि स्मॉलकैप निवेश में गिरावट चिंता की बात नहीं है।
वहीं विशेषज्ञों की सलाह है कि निवेशक सिर्फ एक महीने के आंकड़ों को देखकर अपना पोर्टफोलियो न बदलें। निवेश का फैसला अपने वित्तीय लक्ष्य, जोखिम उठाने की क्षमता और निवेश की अवधि के आधार पर ही करें।