Mutual Fund में निवेश का सही मौका? एक्सपर्ट ने बताया किन फंड्स में दिख रही है उम्मीद
संवत 2082 के उतार-चढ़ाव के बाद निवेशकों के मन में सवाल है कि नए संवत 2083 में म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो कैसे बनाएं। आनंद राठी वेल्थ के चिराग मुनि ने बाजार के रिटर्न, कंपनियों की कमाई और वैल्यूएशन को लेकर अहम बातें बताई हैं। जानिए निवेशकों के लिए क्या हैं बड़े संकेत।

In Short
- पिछले 10 संवत में निफ्टी ने 9 बार पॉजिटिव रिटर्न दिया, एवरेज रिटर्न करीब 13% रहा।
- चिराग मुनि के मुताबिक, सही म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो से निफ्टी के मुकाबले 3-4% ज्यादा रिटर्न पाने का लक्ष्य रखा जा सकता है।
- एक्सपर्ट ने निफ्टी की फेयर वैल्यू करीब 27,600 बताई, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप में 18-20% डिस्काउंट का अनुमान जताया।
संवत 2082 में शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। अब नए संवत 2083 में सबसे बड़ा सवाल है कि म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो में क्या बदलाव किए जाएं और आने वाले समय में बाजार से कितने रिटर्न की उम्मीद रखी जाए। ऐसे में बाजार की पुरानी चाल, देश की इकोनॉमी, कंपनियों की कमाई और वैल्यूएशन को समझना जरूरी है। आइए जानते हैं कि इन सभी मोर्चों पर एक्सपर्ट का क्या कहना है।
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए आनंद राठी वेल्थ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चिराग मुनि ने बताया कि पिछले 10 संवत में निफ्टी ने 9 बार पॉजिटिव रिटर्न दिया है। सिर्फ एक संवत में करीब 1% का नुकसान हुआ।
इस दौरान निफ्टी का एवरेज रिटर्न करीब 13% और मीडियन रिटर्न लगभग 10% रहा। उनके मुताबिक, निवेशकों को ऐसा म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो बनाने पर ध्यान देना चाहिए, जिससे निफ्टी के मुकाबले 3-4% ज्यादा रिटर्न पाने का लक्ष्य रखा जा सके।
अगले 5 साल में कितना बढ़ सकता है बाजार?
एक्सपर्ट का कहना है कि लॉन्ग टर्म में शेयर बाजार की चाल काफी हद तक देश की इकोनॉमी पर निर्भर करती है।भारत की पहली तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8% रही, जबकि पूरे साल के लिए करीब 7.5% का अनुमान बताया गया। आने वाले वर्षों में भारत की GDP ग्रोथ 6.5-7% और महंगाई 5% से ज्यादा रहने की उम्मीद है।
इस हिसाब से नॉमिनल GDP ग्रोथ करीब 10-11% रह सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक, पिछले 25 वर्षों के पांच साल वाले पीरियड में GDP और निफ्टी रिटर्न के बीच 99% तक कोरिलेशन रहा है। इसलिए अगले पांच साल में बाजार से करीब 11% सालाना रिटर्न की संभावना जताई गई है।
कंपनियों की कमाई में कितनी तेजी?
एक्सपर्ट के मुताबिक, मीडियम टर्म में कंपनियों की अर्निंग्स बाजार को दिशा देती हैं।पहली तिमाही में निफ्टी की अर्निंग्स 9.6% बढ़ीं और EPS करीब 300 रुपये रहा। निफ्टी मिडकैप 150 की अर्निंग्स 18% और स्मॉलकैप की 37% बढ़ीं।
दूसरी तिमाही में भी कंपनियों ने मजबूत प्रदर्शन किया। एक्सपर्ट के अनुसार, निफ्टी की अर्निंग्स ग्रोथ करीब 22%, निफ्टी मिडकैप 150 की 18% और स्मॉलकैप 250 की 37% रही। जियोपॉलिटिकल जोखिम के बावजूद कंपनियों की कमाई मजबूत बनी हुई है।
निफ्टी का फेयर वैल्यू कितना?
एक्सपर्ट का मानना है कि पिछले दो साल में बाजार में करेक्शन आया है और इंडेक्स पुराने पीक तक नहीं पहुंच पाया है।एक साल की फॉरवर्ड अर्निंग्स और एवरेज PE के आधार पर निफ्टी की फेयर वैल्यू करीब 27,600 बताई गई है। वहीं मिडकैप और स्मॉलकैप में करीब 18-20% का डिस्काउंट बताया गया है।
ऐसे में एक्सपर्ट को मीडियम टर्म में बाजार में तेजी की अच्छी गुंजाइश दिखाई दे रही है। हालांकि, निवेशकों को म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो बनाते समय कंपनियों की कमाई, वैल्यूएशन और लॉन्ग टर्म ग्रोथ पर ध्यान देना जरूरी है।