म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने से पहले हो जाए सावधान! इन आसान तरीकों से करें फर्जी प्लेटफॉर्म की पहचान
म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एडवाइजर मौजूद हैं। लेकिन इनमें से कौन असली है और कौन फर्जी, इसकी पहचान कैसे करें? निवेश से पहले कुछ जरूरी जानकारियों की जांच करके आप धोखाधड़ी से बच सकते हैं। जानिए इसके लिए आपको क्या करना होगा।

In Short
- निवेश से पहले जरूर चेक करें डिस्ट्रीब्यूटर का ARN नंबर।
- SEBI की वेबसाइट से करें निवेश सलाहकार के रजिस्ट्रेशन की जांच।
- गारंटीड रिटर्न का वादा करने वाले प्लेटफॉर्म से रहें सावधान।
म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए कई ऐप, वेबसाइट और एडवाइजर मौजूद हैं। हालांकि, निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के तरीकों को पहचानना भी मुश्किल होता जा रहा है। कोई वेबसाइट देखने में प्रोफेशनल लग सकती है तो कोई व्यक्ति खुद को निवेश का जानकार बता सकता है। लेकिन सिर्फ इसके आधार पर भरोसा करना सही नहीं है। ऐसे में निवेश से पहले डिस्ट्रीब्यूटर, एडवाइजर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जांच करना जरूरी है।
म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर की जांच कैसे करें?
हर अधिकृत म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर का एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया में रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है। डिस्ट्रीब्यूटर को AMFI रजिस्ट्रेशन नंबर (ARN) मिलता है।
इस नंबर की जांच करने के लिए AMFI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और 'Locate a Mutual Fund Distributor' विकल्प चुनें। यहां डिस्ट्रीब्यूटर का नाम या ARN डालकर उसकी जानकारी चेक करें। अगर किसी कंपनी का कर्मचारी आपकी मदद कर रहा है तो उसका एम्प्लॉई यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर (EUIN) भी मांग सकते हैं। साथ ही यह जरूर देखें कि डिस्ट्रीब्यूटर का रजिस्ट्रेशन वैध है या नहीं।
कैसे करें असली निवेश सलाहकार की पहचान?
अगर कोई व्यक्ति आपको निवेश की पर्सनल सलाह दे रहा है तो फीस देने से पहले उसका रजिस्ट्रेशन चेक करें। इसके लिए सेबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
यहां 'Recognised Intermediaries' सेक्शन में 'Investment Adviser' का विकल्प चुनें। एडवाइजर का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, ईमेल आईडी या लोकेशन डालकर जानकारी हासिल कर सकते हैं। वेबसाइट पर मौजूद फोन नंबर, पता और रजिस्ट्रेशन की वैधता भी चेक करें।
ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म की ऐसे करें जांच
किसी ऐप या वेबसाइट के जरिए निवेश करने से पहले समझें कि वह किस तरह की सर्विस दे रहा है। अगर वह म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर है तो AMFI और निवेश सलाहकार है तो SEBI की वेबसाइट पर उसका रजिस्ट्रेशन चेक करें।
प्लेटफॉर्म का कानूनी नाम, पता, ईमेल और फोन नंबर आधिकारिक रिकॉर्ड से मिलाएं। अगर प्लेटफॉर्म सिर्फ व्हाट्सऐप नंबर के जरिए संपर्क कर रहा है तो सावधान रहें।
पर्सनल बैंक अकाउंट में न भेजें पैसे
म्यूचुअल फंड में निवेश की रकम अधिकृत पेमेंट सिस्टम के जरिए ही भेजें। किसी कर्मचारी, डिस्ट्रीब्यूटर या एडवाइजर के पर्सनल बैंक अकाउंट या यूपीआई आईडी पर पैसे ट्रांसफर न करें। सेबी कुछ रजिस्टर्ड संस्थाओं के बैंक अकाउंट और यूपीआई आईडी की जांच की सुविधा भी देता है।
गारंटीड रिटर्न के वादे से रहें सावधान
म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। ऐसे में गारंटीड मुनाफे का वादा करने वाले प्लेटफॉर्म से सावधान रहें। असली कंपनियों जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइटों से भी बचें। रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के स्क्रीनशॉट पर भरोसा करने के बजाय AMFI, SEBI या BSE के आधिकारिक रिकॉर्ड से जानकारी की पुष्टि करें।