Nifty 50 या Flexi Cap Fund... कहां लगाएं पैसा? एक्सपर्ट ने समझाया म्यूचुअल फंड में निवेश का सही तरीका

Mutual Fund Investment Tips: म्यूचुअल फंड की हजारों स्कीमों में सही फंड चुनना आसान नहीं है। खासकर नए निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि पैसा कहां लगाएं। बिजनेस टुडे के शो में Flexi Capital के MD नासेर सलीम ने बताया कि कैसे Nifty 50 इंडेक्स फंड और फ्लेक्सी-कैप फंड के जरिए मजबूत कोर पोर्टफोलियो बनाने पर विचार किया जा सकता है।

Advertisement
Mutual Fund में निवेश का स्मार्ट तरीका!
Mutual Fund में निवेश का स्मार्ट तरीका!

In Short

  • म्यूचुअल फंड में निवेश से पहले कोर और सैटेलाइट पोर्टफोलियो का कॉन्सेप्ट समझना जरूरी।
  • Nifty 50 और Nifty Next 50 जैसे इंडेक्स फंड निवेशकों के लिए विकल्प हो सकते हैं।
  • फ्लेक्सी-कैप फंड में बड़ी, मझोली और छोटी कंपनियों में निवेश करने की सुविधा मिलती है।

By Shakshi:

म्यूचुअल फंड में निवेश करना आज के समय में काफी आसान हो गया है, लेकिन हजारों स्कीमों में से सही फंड चुनना निवेशकों के लिए बड़ी चुनौती है। खासकर नए निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर निवेश की शुरुआत कहां से करें और किस कैटेगरी के फंड में पैसा लगाएं। ऐसे में एक्सपर्ट ने निवेशकों को पोर्टफोलियो बनाने का आसान तरीका बताया है।

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Flexi Capital के MD नासेर सलीम ने कहा कि बाजार में म्यूचुअल फंड की बहुत सारी स्कीमें मौजूद हैं। ऐसे में निवेशकों को बिना सोचे-समझे किसी भी फंड में पैसा लगाने के बजाय अपने पोर्टफोलियो को दो हिस्सों में बांटने पर विचार करना चाहिए। इन्हें कोर पोर्टफोलियो और सैटेलाइट पोर्टफोलियो कहा जाता है। हालांकि, इससे पहले अपनी जरूरत और जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से एसेट एलोकेशन तय करना जरूरी है।

कोर पोर्टफोलियो में किन फंड्स को दें जगह?

नासेर सलीम के मुताबिक, इक्विटी निवेश में कोर पोर्टफोलियो के लिए दो तरह के फंड्स पर विचार किया जा सकता है। पहला पैसिव इंडेक्स फंड और दूसरा एक्टिव तरीके से मैनेज किया जाने वाला फ्लेक्सी-कैप फंड। इन दोनों का कॉम्बिनेशन पोर्टफोलियो का आधार बन सकता है।

Nifty 50 और Nifty Next 50 में क्या है खास?

एक्सपर्ट के मुताबिक, Nifty 50 इंडेक्स में देश की 50 बड़ी कंपनियां शामिल होती हैं। इंडेक्स फंड के जरिए निवेशक इन कंपनियों की ग्रोथ में भागीदारी कर सकते हैं। वहीं, Nifty Next 50 भी निवेश का एक विकल्प है, जिसमें Nifty 50 के बाद की 50 बड़ी कंपनियां शामिल होती हैं। ऐसे इंडेक्स फंड कई म्यूचुअल फंड कंपनियां उपलब्ध कराती हैं।

फ्लेक्सी-कैप फंड क्यों हो सकता है फायदेमंद?

फ्लेक्सी-कैप फंड की खासियत यह है कि इसमें फंड मैनेजर बड़ी, मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में निवेश कर सकता है। बाजार की स्थिति, कंपनियों की वैल्यूएशन और बेहतर रिटर्न की संभावनाओं को देखते हुए वह निवेश में बदलाव कर सकता है।

एक्सपर्ट के मुताबिक, नए निवेशकों को फंड्स की भीड़ में उलझने के बजाय सही एसेट एलोकेशन और मजबूत कोर पोर्टफोलियो बनाने पर ध्यान देना चाहिए। हालांकि, निवेश से पहले प्रमाणित वित्तीय सलाहकार की राय लेना जरूरी है।

Read more!
Advertisement