म्यूचुअल फंड: इन 3 लोकप्रिय फंड से क्यों दूरी बना रहे एक्सपर्ट? जानिए निवेश की सही रणनीति

नए संवत 2083 में म्यूचुअल फंड निवेशकों को किन कैटेगरी पर भरोसा करना चाहिए? पिछले कुछ सालों में फ्लेक्सी कैप, मल्टी कैप और मल्टी एसेट फंड काफी लोकप्रिय हुए हैं। लेकिन एक्सपर्ट चिराग मुनि ने इन्हें अपनी पहली पसंद क्यों नहीं बनाया? जानिए इसके पीछे की बड़ी वजहें।

Advertisement

In Short

  • फ्लेक्सी कैप फंड: बढ़ते फंड कॉर्पस के कारण मैनेजमेंट मुश्किल, लेकिन लॉन्ग टर्म के लिए अच्छी कैटेगरी।
  • मल्टी कैप फंड: SEBI के नियमों के तहत लार्ज, मिड और स्मॉल कैप में कम से कम 25-25% निवेश जरूरी।
  • मल्टी एसेट फंड: एक्सपर्ट ने इस कैटेगरी से दूरी बनाने की सलाह दी, पोर्टफोलियो लेवल पर एसेट एलोकेशन को बताया बेहतर।

By Gaurav Kumar:

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले लोगों के बीच पिछले कुछ सालों में फ्लेक्सी कैप, मल्टी कैप और मल्टी एसेट फंड काफी लोकप्रिय हुए हैं। कई निवेशकों के पोर्टफोलियो में आज भी ये फंड शामिल हैं। लेकिन नए संवत 2083 में क्या इन कैटेगरी पर भरोसा करना सही रहेगा? आइए जानते हैं कि एक्सपर्ट ने इन तीनों फंड को लेकर क्या सलाह दी है और किन वजहों से कुछ कैटेगरी को अपनी पसंद से बाहर रखा है।

बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा से बातचीत करते हुए आनंद राठी वेल्थ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चिराग मुनि ने कहा कि फ्लेक्सी कैप फंड एक अच्छी कैटेगरी है। लेकिन पिछले कुछ सालों में इसमें इतना ज्यादा पैसा आया है कि कई फंड का कॉर्पस यानी कुल निवेश की रकम बहुत बड़ी हो गई है।

उनके मुताबिक, जब किसी फंड का साइज बहुत बड़ा हो जाता है, तो फंड मैनेजर के लिए उसे संभालना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, फ्लेक्सी कैप का सबसे बड़ा फायदा इसकी फ्लेक्सिबिलिटी है। इसमें फंड मैनेजर बाजार की स्थिति के हिसाब से लार्ज कैप, मिड कैप और स्मॉल कैप शेयरों में निवेश बदल सकता है।

चिराग मुनि का कहना है कि अगले एक साल के नजरिए से वह इस कैटेगरी को अपनी पहली पसंद नहीं बनाएंगे। हालांकि, लॉन्ग टर्म निवेश के लिए फ्लेक्सी कैप अब भी एक अच्छी कैटेगरी है।

मल्टी कैप फंड को क्यों नहीं किया पसंद?

मल्टी कैप फंड को लेकर चिराग मुनि का मानना है कि इस कैटेगरी में निवेश के नियम काफी सख्त हैं।SEBI के नियमों के मुताबिक, मल्टी कैप फंड को कम से कम 25% पैसा लार्ज कैप, 25% मिड कैप और 25% स्मॉल कैप शेयरों में लगाना जरूरी है।

यानी फंड मैनेजर के पास निवेश बदलने की आजादी सीमित रहती है। चिराग के मुताबिक, फ्लेक्सी कैप फंड ने मल्टी कैप के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। यही वजह है कि अगर दोनों में से एक कैटेगरी चुननी हो, तो वह फ्लेक्सी कैप को प्राथमिकता देंगे।

मल्टी एसेट फंड से क्यों बनाई दूरी?

मल्टी एसेट फंड को लेकर चिराग मुनि की राय सबसे अलग है। उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल यह कैटेगरी उनकी पसंद में शामिल नहीं है।उनके मुताबिक, निवेशकों को अलग-अलग एसेट क्लास में पैसा लगाने का फैसला पूरे पोर्टफोलियो के स्तर पर करना चाहिए, न कि किसी एक फंड के जरिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक ही फंड मैनेजर सभी एसेट क्लास का एक्सपर्ट हो सकता है? उनके मुताबिक, ऐसा होना काफी मुश्किल है।

इसके अलावा, मल्टी एसेट फंड में अलग-अलग निवेश की निगरानी करना भी आसान नहीं होता। उनका मानना है कि पिछले प्रदर्शन में भी इस कैटेगरी के फंड उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं दे पाए हैं।

निवेशकों को अब क्या करना चाहिए?

चिराग मुनि ने स्पष्ट किया कि इन तीनों कैटेगरी को खराब नहीं कहा जा सकता। उन्होंने अगले एक साल के निवेश के नजरिए से अपनी पसंद बताई है।

ऐसे में जिन निवेशकों के पोर्टफोलियो में पहले से ये फंड हैं, उन्हें केवल इस राय के आधार पर जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहिए। फंड का प्रदर्शन, निवेश का समय और अपने फाइनेंशियल गोल को देखकर ही आगे की रणनीति बनानी चाहिए।

Read more!
Advertisement