मिड कैप फंड चुनने से पहले देखें ये अंतर! Quant से Helios और Motilal Oswal तक के पोर्टफोलियो बिल्कुल अलग

मिडकैप म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए एक ही कैटेगरी के फंड के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। अगस्त 2026 में 18 फंड के पोर्टफोलियो की तुलना से पता चला है कि इनके निवेश करने के तरीके में बड़ा अंतर है। जानिए Quant, Helios और Motilal Oswal के पोर्टफोलियो में क्या है खास।

Advertisement

In Short

  • अगस्त 2026 के आंकड़ों में 18 मिडकैप फंड के पोर्टफोलियो में बड़ा अंतर सामने आया है।
  • मोतीलाल ओसवाल में लार्जकैप और क्वांट में मिडकैप शेयरों की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है।
  • हेलियोस मिडकैप फंड में स्मॉलकैप शेयरों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा 30.1% है।

By Gungun Mishra:

मिडकैप म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले लोगों को लगता है कि एक ही कैटेगरी के सभी फंड का पोर्टफोलियो लगभग एक जैसा होगा। लेकिन अगस्त 2026 के आंकड़े कुछ अलग ही तस्वीर दिखाते हैं। 18 मिडकैप फंड के पोर्टफोलियो में लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की हिस्सेदारी में बड़ा अंतर सामने आया है।

इन 18 फंड का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 4.75 लाख करोड़ रुपये है। आंकड़ों से पता चलता है कि एक ही कैटेगरी में होने के बावजूद फंड मैनेजर अलग-अलग तरीके से पोर्टफोलियो तैयार कर रहे हैं।

लार्जकैप शेयरों में किस फंड ने लगाया सबसे ज्यादा पैसा?

18 मिडकैप फंड में मोतीलाल ओसवाल मिडकैप फंड की लार्जकैप शेयरों में सबसे ज्यादा 25.3% हिस्सेदारी है। इसके बाद निप्पॉन इंडिया मिडकैप फंड में 21.3%, ICICI प्रूडेंशियल मिडकैप फंड में 21% और एक्सिस मिडकैप फंड में 20.3% हिस्सेदारी है।

दूसरी तरफ हेलियोस मिडकैप फंड में लार्जकैप शेयरों की हिस्सेदारी सिर्फ 4% है। JM मिडकैप फंड में यह 4.6% और HSBC मिडकैप फंड में 5.1% है। इस कैटेगरी में लार्जकैप निवेश का मीडियन 15.2% है।

मिडकैप शेयरों में Quant सबसे आगे

मिडकैप शेयरों में निवेश के मामले में क्वांट मिडकैप फंड सबसे आगे है। इसके पोर्टफोलियो में मिडकैप शेयरों की हिस्सेदारी 74.6% है।

इसके बाद केनरा रोबेको मिडकैप फंड में 73.9%, एक्सिस में 73.7% और मिराए एसेट मिडकैप फंड में 71.2% हिस्सेदारी है।

मोतीलाल ओसवाल मिडकैप फंड में मिडकैप शेयरों की हिस्सेदारी 70.7% है। इस कैटेगरी में मिडकैप निवेश का मीडियन 70.3% है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

स्मॉलकैप शेयरों में Helios की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी

स्मॉलकैप शेयरों में निवेश के मामले में हेलियोस मिडकैप फंड सबसे आगे है। इसके पोर्टफोलियो का 30.1% हिस्सा स्मॉलकैप शेयरों में लगा है।

HSBC में यह हिस्सेदारी 26.1%, JM में 25.1% और व्हाइटओक में 23.8% है। वहीं मोतीलाल ओसवाल में स्मॉलकैप शेयरों की हिस्सेदारी सिर्फ 3.9% है। इस कैटेगरी में स्मॉलकैप निवेश का मीडियन 15.8% है।

इक्विटी और कैश में भी बड़ा अंतर

इक्विटी में सबसे ज्यादा 99.5% निवेश हेलियोस का है। इसके बाद HSBC में 99.2%, JM में 99% और निप्पॉन में 98.8% निवेश है।

कैटेगरी में इक्विटी निवेश का मीडियन 97.5%, डेट का 2.8% और कैश का 0% है।

कैश रखने के मामले में फ्रैंकलिन मिडकैप फंड 4% के साथ सबसे आगे है। एक्सिस के पास 1% और कोटक के पास 0.9% कैश है।

इन आंकड़ों से साफ है कि एक ही मिडकैप कैटेगरी के फंड में निवेश करने पर भी निवेशकों को अलग-अलग तरह के शेयरों में हिस्सेदारी मिल सकती है। इससे हर फंड का जोखिम और पोर्टफोलियो का स्वरूप भी अलग हो सकता है।

Read more!
Advertisement