म्यूचुअल फंड से अलग इस स्कीम में बरस रहा पैसा! ₹30,000 करोड़ के करीब निवेश; क्या है खास?

भारत में निवेशकों के बीच Hybrid Specialised Investment Funds (SIF) की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। SIF बाजार का 70% से ज्यादा पैसा हाइब्रिड फंड्स में लगा है। जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement
AI Generated Image

By Gaurav Kumar:

भारत में Specialised Investment Funds (SIF) के बाजार में निवेशकों का रुझान तेजी से हाइब्रिड रणनीतियों की तरफ बढ़ रहा है। नवंबर 2026 की SIF360 Intelligence Report के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 तक हाइब्रिड SIF के पास ₹29,929.95 करोड़ का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) था। यह पूरी SIF इंडस्ट्री के कुल एसेट का 70.14% है।

वहीं, इक्विटी आधारित SIF के पास ₹12,739.57 करोड़ का निवेश था, जो कुल एसेट का 29.86% है। दिलचस्प बात यह है कि बाजार में इक्विटी SIF की 21 स्कीमें हैं, जबकि हाइब्रिड की सिर्फ 16 स्कीमें हैं। इसके बावजूद हाइब्रिड फंड्स में कहीं ज्यादा पैसा लगा है।

आखिर Hybrid SIF में इतना पैसा क्यों आ रहा है?

हाइब्रिड SIF की सबसे बड़ी खासियत निवेश की फ्लेक्सिबिलिटी है। ये फंड सिर्फ शेयर बाजार पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि इक्विटी, डेट और रणनीति के अनुसार REITs, InvITs और कमोडिटी डेरिवेटिव्स में भी निवेश कर सकते हैं।

बाजार की स्थिति बदलने पर फंड मैनेजर अलग-अलग एसेट क्लास में निवेश का रेश्यो बदल सकते हैं। Hybrid Long-Short Funds इक्विटी और डेट दोनों में निवेश करते हैं। वहीं, Active Asset Allocator Long-Short Funds बाजार के हालात के हिसाब से निवेश की रणनीति बदल सकते हैं। कुछ रणनीतियों में डेरिवेटिव्स का इस्तेमाल जोखिम घटाने के लिए भी होता है। हालांकि, इससे नुकसान की आशंका पूरी तरह खत्म नहीं होती।

अक्टूबर में भी हाइब्रिड फंड्स का दबदबा

अक्टूबर 2026 में पूरी SIF इंडस्ट्री में ₹5,150.41 करोड़ का नेट इनफ्लो आया। इसमें अकेले Hybrid Long-Short Funds को ₹2,910.09 करोड़ मिले, जो कुल इनफ्लो का करीब 56.5% है।

Active Asset Allocator Long-Short Funds में भी ₹915.36 करोड़ आए। इस तरह दोनों कैटेगरी ने मिलकर लगभग ₹3,825 करोड़ का निवेश आकर्षित किया।

रिटर्न के मामले में कौन रहा आगे?

अक्टूबर में Equity Long-Short Funds का औसत रिटर्न -0.56% रहा, जबकि Equity Ex-Top 100 Long-Short Funds में औसतन 3.28% की गिरावट आई।

हाइब्रिड कैटेगरी में Arbitrage+ का औसत रिटर्न -0.01%, BAF+ का -1.41% और Active Asset Allocator का -1.37% रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि हाइब्रिड रणनीति अपनाने से बेहतर रिटर्न की गारंटी नहीं मिलती।

निवेश करने से पहले क्या ध्यान रखें?

SIF में निवेश के लिए कम से कम ₹10 लाख की जरूरत होती है। ये फंड सामान्य म्यूचुअल फंड के मुकाबले अधिक जटिल निवेश रणनीतियां अपना सकते हैं।

इसलिए निवेशकों को फंड की एसेट एलोकेशन, डेरिवेटिव्स एक्सपोजर, लिक्विडिटी, खर्च और जोखिम समझना जरूरी है। हाइब्रिड SIF में ज्यादा निवेश आने का मतलब यह नहीं कि ये हर निवेशक के लिए सुरक्षित या बेहतर ऑप्शन हैं।

Read more!
Advertisement