नॉमिनी नहीं होने पर किसे मिलेगा म्यूचुअल फंड का पैसा? निवेशक जरूर जान लें ये नियम
म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं तो नॉमिनी से जुड़े नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। सेबी ने नॉमिनेशन को लेकर कई नियम तय किए हैं। अगर आपने अब तक नॉमिनी नहीं जोड़ा है या पुराने नॉमिनी को बदलना चाहते हैं, तो जानिए इसका आसान तरीका क्या है।

In Short
- एक म्यूचुअल फंड फोलियो में अधिकतम तीन नॉमिनी बना सकते हैं।
- निवेशक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से नॉमिनी जोड़ सकते हैं।
- निवेशक अपनी जरूरत के मुताबिक कितनी भी बार नॉमिनी बदल सकते हैं।
म्यूचुअल फंड में निवेश करते समय ज्यादातर लोग बेहतर रिटर्न पाने और बड़ा फंड बनाने पर ध्यान देते हैं। लेकिन बहुत कम लोग इस बात पर ध्यान देते हैं कि उनके नहीं रहने पर निवेश का पैसा किसे मिलेगा। ऐसे में नॉमिनेशन काफी महत्वपूर्ण हो जाता है। अगर आपने भी निवेश शुरू करते समय नॉमिनी नहीं जोड़ा है, तो जानिए इससे जुड़े नियम और नॉमिनी जोड़ने का पूरा प्रोसेस।
म्यूचुअल फंड में नॉमिनी को लेकर क्या हैं नियम?
सेबी के 1 सितंबर 2026 से लागू नियमों के मुताबिक, सिंगल अकाउंट होल्डर्स के लिए नॉमिनी जोड़ना जरूरी है। हालांकि, अगर कोई निवेशक नॉमिनी नहीं बनाना चाहता है तो उसे ऑप्ट-आउट डिक्लेरेशन देना होगा। जॉइंट फोलियो में नॉमिनी जोड़ना वैकल्पिक है। एक म्यूचुअल फंड फोलियो में अधिकतम तीन नॉमिनी बनाए जा सकते हैं। निवेशक कितनी भी बार नॉमिनी जोड़, बदल या हटा सकते हैं। जॉइंट फोलियो में इसके लिए सभी होल्डर्स की सहमति जरूरी है।
ऑनलाइन कैसे जोड़ें नॉमिनी?
इसके लिए एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) की वेबसाइट या इन्वेस्टमेंट ऐप पर लॉगइन करें। फोलियो मैनेजमेंट सेक्शन में जाकर 'Add/Update Nominee Details' का विकल्प चुनें। इसके बाद फोलियो सेलेक्ट करें और नॉमिनी का नाम, जन्मतिथि, रिश्ता, पहचान पत्र और कॉन्टैक्ट डिटेल्स भरें। एक से ज्यादा नॉमिनी होने पर उनकी हिस्सेदारी तय करें। मोबाइल और ईमेल पर आए OTP से वेरिफिकेशन करें। कुछ प्लेटफॉर्म आधार बेस्ड ई-साइन की सुविधा भी देते हैं।
CAMS और KFintech से भी कर सकते हैं अप्लाई
CAMS या KFintech के पोर्टल पर पैन, मोबाइल नंबर और OTP की मदद से लॉगइन करें। फोलियो चुनकर 'Register Nominee' पर क्लिक करें। नॉमिनी की जानकारी भरें और OTP से रिक्वेस्ट कन्फर्म करें।
ऑफलाइन कैसे जोड़ें नॉमिनी?
AMC या RTA की वेबसाइट से नॉमिनेशन फॉर्म डाउनलोड करें। इसमें फोलियो नंबर, नॉमिनी का नाम, जन्मतिथि, रिश्ता, पता और कॉन्टैक्ट डिटेल्स भरें। फॉर्म पर साइन करके नजदीकी AMC ब्रांच या RTA ऑफिस में जमा करें। अंगूठे का निशान लगाने पर दो गवाहों के नाम और साइन जरूरी होंगे।
पहले से मौजूद नॉमिनी कैसे बदलें?
इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर 'Update/Modify Nominee' का विकल्प चुनें। नई जानकारी भरकर OTP वेरिफिकेशन करें और रिक्वेस्ट सबमिट करें। ऑफलाइन भी साइन किया हुआ नॉमिनेशन फॉर्म जमा करके बदलाव कर सकते हैं।
किसे बना सकते हैं नॉमिनी?
पति-पत्नी, माता-पिता, बच्चे, रिश्तेदार, दोस्त और नियमों के तहत NRI को नॉमिनी बना सकते हैं। नाबालिग के लिए गार्जियन की जानकारी देनी होगी। केंद्र और राज्य सरकार, धार्मिक या चैरिटेबल ट्रस्ट और स्थानीय निकाय भी नॉमिनी बन सकते हैं।
किसे नहीं बना सकते नॉमिनी?
कंपनी, पार्टनरशिप फर्म, हिंदू अविभाजित परिवार (HUF), सोसायटी और नॉन-चैरिटेबल ट्रस्ट को नॉमिनी नहीं बनाया जा सकता। नाबालिग के नाम पर किए गए निवेश में उसके बालिग होने तक नॉमिनी रजिस्टर नहीं किया जा सकता।
नॉमिनी नहीं होने पर किसे मिलेगा पैसा?
निवेशक की मौत के बाद कानूनी वारिस म्यूचुअल फंड यूनिट्स पर दावा कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए उन्हें कई डॉक्यूमेंट्स जमा करने पड़ते हैं, जिससे प्रोसेस लंबा और मुश्किल हो सकता है। नॉमिनेशन होने से निवेश ट्रांसफर करने की प्रक्रिया आसान हो जाती है।