म्यूचुअल फंड में कितनी SIP करना है फायदेमंद? घर खरीदने से रिटायरमेंट तक के लिए जानें सही रणनीति

घर खरीदने से लेकर बच्चों की पढ़ाई और रिटायरमेंट तक के लिए SIP निवेश का अच्छा विकल्प हो सकती है। लेकिन अलग-अलग वित्तीय लक्ष्यों के लिए कितनी SIP करनी चाहिए और किस स्कीम में कितना पैसा लगाना चाहिए? म्यूचुअल फंड एक्सपर्ट श्वेता रजनी ने निवेशकों को इसकी रणनीति बताई है।

Advertisement

In Short

  • निवेश शुरू करने से पहले छह महीने के खर्च का बनाएं इमरजेंसी फंड
  • अलग-अलग वित्तीय लक्ष्यों के लिए SIP की दो रणनीतियां अपना सकते हैं निवेशक
  • म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो में डायवर्सिफिकेशन का रखें खास ध्यान

By Gungun Mishra:

म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए निवेश करने वाले लोगों के मन में अक्सर सवाल रहता है कि अलग-अलग वित्तीय लक्ष्यों के लिए कितनी SIP शुरू करनी चाहिए। बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Anand Rathi Wealth की म्यूचुअल फंड हेड श्वेता रजनी ने बताया कि निवेशकों को अपने वित्तीय लक्ष्यों के हिसाब से SIP पोर्टफोलियो तैयार करना चाहिए। साथ ही निवेश में डायवर्सिफिकेशन का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

सबसे पहले तय करें अपने वित्तीय लक्ष्य

श्वेता रजनी के मुताबिक निवेश शुरू करने से पहले अपने सभी वित्तीय लक्ष्यों की एक लिस्ट तैयार करनी चाहिए। इनमें घर खरीदना, कार खरीदना, बच्चों की पढ़ाई, शादी, लोन चुकाना, छुट्टियों पर जाना और रिटायरमेंट प्लानिंग जैसे लक्ष्य शामिल हो सकते हैं।

इसके बाद यह आकलन करना चाहिए कि किस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कितने पैसे की जरूरत होगी। इससे निवेशकों को यह समझने में मदद मिलेगी कि उन्हें हर महीने कितनी रकम निवेश करनी चाहिए।

सबसे पहले बनाएं इमरजेंसी फंड

श्वेता रजनी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति पहली बार निवेश शुरू कर रहा है तो उसकी पहली प्राथमिकता इमरजेंसी फंड तैयार करना होनी चाहिए। निवेशकों के पास कम से कम छह महीने के खर्च के बराबर रकम इमरजेंसी फंड में होनी चाहिए।

इस रकम को डेट ओरिएंटेड म्यूचुअल फंड स्कीम या किसी उपयुक्त डेट इंस्ट्रूमेंट में रखा जा सकता है। इमरजेंसी फंड तैयार होने के बाद अन्य वित्तीय लक्ष्यों के लिए निवेश की रणनीति बनानी चाहिए।

एक SIP करें या कई SIP?

श्वेता रजनी के मुताबिक निवेशक इसके लिए दो अलग-अलग रणनीतियां अपना सकते हैं। पहली रणनीति के तहत हर वित्तीय लक्ष्य के लिए अलग म्यूचुअल फंड स्कीम में SIP शुरू की जा सकती है। अगर किसी व्यक्ति के छह वित्तीय लक्ष्य हैं तो वह छह अलग-अलग स्कीमों में SIP कर सकता है।

दूसरी रणनीति के तहत सभी वित्तीय लक्ष्यों को एक साथ जोड़कर निवेश की योजना बनाई जा सकती है। उदाहरण के लिए अगर किसी व्यक्ति को अपने सभी लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कुल 2 करोड़ रुपये का फंड तैयार करना है और इसके लिए हर महीने 40 हजार रुपये का निवेश जरूरी है तो वह इस रकम को छह से आठ अलग-अलग म्यूचुअल फंड स्कीमों में बांट सकता है।

हालांकि मासिक निवेश की वास्तविक रकम लक्ष्य की समयसीमा और अनुमानित रिटर्न पर निर्भर करेगी।

पोर्टफोलियो में कितने म्यूचुअल फंड होने चाहिए?

श्वेता रजनी ने सुझाव दिया कि निवेशकों को शुरुआत में अपने पोर्टफोलियो में कम से कम छह से सात म्यूचुअल फंड स्कीम रखने पर विचार करना चाहिए। अगर निवेश की रकम कम है तो कम से कम चार स्कीमों में निवेश किया जा सकता है।

उनके मुताबिक किसी एक स्कीम में कुल निवेश का 25 फीसदी से ज्यादा हिस्सा रखने से बचना चाहिए। धीरे-धीरे किसी एक स्कीम में निवेश का हिस्सा घटाकर 10 से 15 फीसदी तक लाने की कोशिश करनी चाहिए।

डायवर्सिफिकेशन का रखें खास ध्यान

श्वेता रजनी ने कहा कि सिर्फ अलग-अलग म्यूचुअल फंड स्कीमों में निवेश करना ही डायवर्सिफिकेशन नहीं है। निवेशकों को अलग-अलग मार्केट कैप, कैटेगरी और सेक्टर में भी निवेश का संतुलन बनाना चाहिए।

इसके अलावा कार खरीदने जैसे छोटी अवधि के लक्ष्यों और रिटायरमेंट जैसे लंबी अवधि के लक्ष्यों के लिए जोखिम क्षमता और निवेश की समयसीमा के हिसाब से स्कीम चुननी चाहिए। केवल ज्यादा स्कीम रखने से बेहतर डायवर्सिफिकेशन की गारंटी नहीं मिलती है।

Read more!
Advertisement