1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड बनाने के लिए कितनी SIP जरूरी? एक्सपर्ट ने समझाया छोटी बचत से बड़ी रकम का फॉर्मूला

रिटायरमेंट के लिए 1 करोड़ रुपये का फंड बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन समझ नहीं आ रहा कि निवेश की शुरुआत कितनी रकम से करें? क्या हर महीने छोटी बचत से भी करोड़ों का फंड तैयार किया जा सकता है? बिजनेस टुडे के खास शो में एक्सपर्ट ने SIP और कंपाउंडिंग का ऐसा गणित समझाया, जो आपकी रिटायरमेंट प्लानिंग में मदद कर सकता है।

Advertisement
सिर्फ ₹10,000 की SIP और 1 करोड़ का फंड!
सिर्फ ₹10,000 की SIP और 1 करोड़ का फंड!

In Short

  • हर महीने ₹10,000 की SIP से 20 साल में करीब 1 करोड़ रुपये का फंड बन सकता है, अगर सालाना 12% रिटर्न मिले।
  • एक्सपर्ट ने अपनी कमाई का 20 से 30 फीसदी हिस्सा निवेश करने और सैलरी बढ़ने पर SIP बढ़ाने की सलाह दी।
  • लंबे समय तक नियमित निवेश और कंपाउंडिंग से बड़ा फंड बनाने में मदद मिल सकती है, हालांकि रिटर्न की गारंटी नहीं है।

By Shakshi:

रिटायरमेंट के लिए कितनी बचत जरूरी है, यह सवाल हर नौकरीपेशा व्यक्ति के मन में आता है। बढ़ती महंगाई के बीच क्या रिटायरमेंट के लिए 1 करोड़ रुपये काफी होंगे या फिर 10 से 20 करोड़ रुपये का फंड बनाना जरूरी है? एक्सपर्ट्स का मानना है कि बड़ी रकम जमा करने के लिए हमेशा बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती। सही समय पर निवेश की शुरुआत और लंबे समय तक उसे जारी रखना ज्यादा महत्वपूर्ण है।

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Flexi Capital के एमडी नासिर सलीम ने कहा कि लोगों को अपनी कमाई का कम से कम 20 से 30 फीसदी हिस्सा निवेश करना चाहिए। साथ ही हर साल सैलरी बढ़ने के साथ निवेश की रकम भी बढ़ानी चाहिए। उन्होंने बताया कि निवेश में सबसे जरूरी बात जल्दी शुरुआत करना है, क्योंकि लंबे समय में कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है।

10 हजार रुपये की SIP से बन सकता है 1 करोड़ का फंड

नासिर सलीम ने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर कोई व्यक्ति हर महीने 10,000 रुपये की SIP करता है और इसे लगातार 20 साल तक जारी रखता है, तो उसका कुल निवेश 24 लाख रुपये होगा। अगर इस निवेश पर सालाना औसतन 12 फीसदी रिटर्न मिलता है, तो 20 साल बाद करीब 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो सकता है।

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इस अनुमान में महंगाई का असर शामिल नहीं है। साथ ही म्यूचुअल फंड में 12 फीसदी रिटर्न की गारंटी नहीं होती।

जल्दी निवेश शुरू करना क्यों जरूरी?

उनके मुताबिक, कंपाउंडिंग की असली ताकत लंबे समय में दिखाई देती है। छोटी रकम भी नियमित रूप से निवेश करने पर बड़ा फंड बनाने में मदद कर सकती है। इसलिए बड़ी सैलरी या ज्यादा बचत होने का इंतजार करने के बजाय अपनी क्षमता के अनुसार जल्द निवेश शुरू करना बेहतर है।

इसके अलावा, नौकरी में प्रमोशन और सैलरी बढ़ने पर SIP की रकम बढ़ाने से रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड तैयार करने में मदद मिल सकती है।

Read more!
Advertisement