Contra Funds vs Value Funds: बाजार में नजरअंदाज किए गए शेयरों और सस्ते शेयरों में क्या है अंतर?

म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए कॉन्ट्रा और वैल्यू फंड दो अलग-अलग विकल्प हैं। दोनों की निवेश रणनीति और शेयर चुनने का तरीका अलग है। ऐसे में निवेशकों के लिए किस फंड में पैसा लगाना बेहतर हो सकता है और निवेश से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है? जानें एक्सपर्ट की राय।

Advertisement

In Short

  • कॉन्ट्रा और वैल्यू फंड की निवेश रणनीति में है बड़ा अंतर
  • कॉन्ट्रा फंड्स ने 10 साल में दिया 17% से ज्यादा तक सालाना रिटर्न
  • कॉन्ट्रा फंड में कम से कम तीन साल के निवेश की सलाह

By Gungun Mishra:

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए कॉन्ट्रा फंड (Contra Fund) और वैल्यू फंड (Value Fund) दो ऐसे विकल्प हैं, जो पहली नजर में एक जैसे लगते हैं, लेकिन दोनों की निवेश रणनीति काफी अलग है। वैल्यू फंड ऐसी कंपनियों में निवेश करते हैं, जिनके शेयर अपनी वास्तविक वैल्यू से कम कीमत पर कारोबार कर रहे होते हैं। वहीं, कॉन्ट्रा फंड ऐसी कंपनियों में निवेश के मौके तलाशते हैं, जिन्हें फिलहाल बाजार में निवेशक ज्यादा पसंद नहीं कर रहे हैं।

मिराए एसेट म्यूचुअल फंड के वाइस चेयरमैन और CEO स्वरूप मोहंती के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में करीब दो साल के कंसोलिडेशन और कई सेगमेंट में वैल्यूएशन घटने के बाद कॉन्ट्रा निवेश रणनीति में अच्छे अवसर मिल सकते हैं।

कॉन्ट्रा और वैल्यू फंड में क्या है अंतर?

वैल्यू फंड किसी कंपनी की कमाई, बुक वैल्यू और कैश फ्लो के आधार पर यह देखते हैं कि उसके शेयर कितने सस्ते हैं। दूसरी ओर, कॉन्ट्रा फंड यह समझने की कोशिश करते हैं कि किसी कंपनी को लेकर बाजार की नकारात्मक धारणा कितनी सही है और उसकी परेशानियां अस्थायी हैं या लंबे समय तक बनी रहने वाली हैं।

स्वरूप मोहंती के मुताबिक, कॉन्ट्रा फंड मैनेजर ऐसे शेयरों में भी निवेश कर सकते हैं, जो फिलहाल महंगे दिख रहे हों, लेकिन भविष्य में कंपनी की कमाई बढ़ने की अच्छी संभावना हो।

हर सस्ता शेयर नहीं होता फायदेमंद

कॉन्ट्रा निवेश में सबसे बड़ी चुनौती यह पहचानना है कि किसी कंपनी के शेयरों में गिरावट अस्थायी परेशानियों के कारण आई है या उसके कारोबार की बुनियाद कमजोर हो रही है।

इसके लिए कंपनी की मजबूत बैलेंस शीट, कैश फ्लो, कॉरपोरेट गवर्नेंस और कारोबार में सुधार की संभावनाओं को देखना जरूरी है। सिर्फ कम कीमत देखकर निवेश करना नुकसानदायक भी साबित हो सकता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

किस फंड ने दिया कितना रिटर्न?

AMFI और Trendlyne के 19 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, कोटक कॉन्ट्रा फंड ने पांच और 10 साल में क्रमशः 14.37% और 17.41% सालाना रिटर्न दिया है। SBI कॉन्ट्रा फंड ने 14.40% और 16.33%, जबकि इन्वेस्को इंडिया कॉन्ट्रा फंड ने 13.24% और 17.19% रिटर्न दिया है।

वैल्यू फंड्स की बात करें तो पांच साल में HDFC वैल्यू फंड ने 13.74%, HSBC वैल्यू फंड ने 15.66% और ICICI प्रूडेंशियल वैल्यू फंड ने 14.56% रिटर्न दिया है।

क्या पोर्टफोलियो में शामिल करना चाहिए कॉन्ट्रा फंड?

कॉन्ट्रा फंड अलग-अलग मार्केट कैप और सेक्टर्स की कंपनियों में निवेश करके पोर्टफोलियो में विविधता ला सकते हैं। हालांकि, बाजार की नकारात्मक धारणा लंबे समय तक बने रहने से उतार-चढ़ाव का जोखिम भी बढ़ सकता है।

स्वरूप मोहंती के मुताबिक, निवेशकों को कम से कम तीन साल या उससे ज्यादा समय का नजरिया रखना चाहिए। SIP के जरिए निवेश करने से अनुशासन बनाए रखने में मदद मिल सकती है। निवेशकों को किसी भी फंड में पैसा लगाने से पहले अपने वित्तीय लक्ष्य, निवेश की अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता का आकलन करना चाहिए।

Read more!
Advertisement