एक ही फंड में लार्ज और मिड कैप शेयरों में निवेश का मौका! Choice Mutual Fund का नया NFO लॉन्च
Choice Mutual Fund ने निवेशकों के लिए नया Large & Mid Cap Fund लॉन्च किया है। इसमें सिर्फ ₹250 से SIP शुरू करने का मौका मिलेगा। यह फंड लार्ज और मिड कैप कंपनियों में निवेश करेगा। आखिर इस स्कीम में क्या खास है और निवेशकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

In Short
- Choice Mutual Fund का नया NFO 3 नवंबर तक खुला रहेगा।
- निवेशक सिर्फ ₹250 से SIP शुरू कर सकेंगे।
- फंड लार्ज और मिड कैप शेयरों में निवेश करेगा।
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए एक नया ऑप्शन सामने आया है। Choice Mutual Fund ने अपना नया Choice Large & Mid Cap Fund लॉन्च किया है। यह एक ओपन-एंडेड इक्विटी स्कीम है, जो लार्ज कैप और मिड कैप कंपनियों के शेयरों में निवेश करेगी। इस फंड का न्यू फंड ऑफर (NFO) 20 अक्टूबर 2026 से खुल चुका है और निवेशक 3 नवंबर 2026 तक इसमें पैसा लगा सकते हैं। NFO के दौरान एक यूनिट की कीमत 10 रुपये रखी गई है।
कहां निवेश करेगा यह नया फंड?
Choice Large & Mid Cap Fund अपने कुल निवेश का कम से कम 35 फीसदी हिस्सा लार्ज कैप और 35 फीसदी हिस्सा मिड कैप कंपनियों में लगाएगा। बाकी 30 फीसदी तक की रकम स्मॉल कैप शेयरों या अन्य अनुमत निवेश विकल्पों में लगाई जा सकती है।
इस फंड का बेंचमार्क NIFTY Large Midcap 250 Total Return Index होगा। खास बात यह है कि यह Choice Mutual Fund की पहली एक्टिवली मैनेज्ड इक्विटी स्कीम है।
कैसे चुने जाएंगे निवेश के लिए शेयर?
इस फंड में शेयरों का चुनाव Choice AMC के GVOTE फ्रेमवर्क के जरिए किया जाएगा। इसमें कंपनियों को ग्रोथ, वैल्यू, ऑपरेटिंग अर्निंग्स, ट्रैजेक्टरी और एक्सीलेंस जैसे पांच पैमानों पर परखा जाएगा।
कंपनियों के प्रदर्शन की तुलना उसी सेक्टर की दूसरी कंपनियों से होगी। इसके बाद रिसर्च और इन्वेस्टमेंट कमेटी की समीक्षा के आधार पर शेयर चुने जाएंगे।
फंड का प्रबंधन रोचन पटनायक करेंगे, जिनके पास निवेश प्रबंधन और वित्तीय सेवाओं में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है।
₹250 से शुरू कर सकते हैं SIP
इस स्कीम में एकमुश्त निवेश की न्यूनतम रकम 1,000 रुपये रखी गई है। इसके बाद एक रुपये के गुणक में निवेश किया जा सकेगा।
निवेशक रोजाना और साप्ताहिक SIP की शुरुआत 250 रुपये से कर सकते हैं। पहली बार म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए 250 रुपये की मासिक छोटी SIP का विकल्प भी मिलेगा।
स्कीम में Direct और Regular दोनों प्लान उपलब्ध होंगे, लेकिन केवल Growth ऑप्शन मिलेगा।
पैसा निकालने पर कितना लगेगा चार्ज?
अगर निवेशक यूनिट अलॉटमेंट के 365 दिनों के भीतर पैसा निकालते हैं या दूसरी स्कीम में स्विच करते हैं, तो 1 फीसदी एग्जिट लोड लगेगा। इसके बाद कोई एग्जिट लोड नहीं होगा।
कंपनी ने क्या कहा?
Choice Mutual Fund के CEO अजय केजरीवाल के मुताबिक, कंपनी अब इंडेक्स फंड के बाद एक्टिवली मैनेज्ड इक्विटी स्कीम लेकर आई है।
वहीं, डिप्टी CEO मनीष जैन ने कहा कि इस फंड के जरिए निवेशक एक ही स्कीम और SIP में लार्ज कैप और मिड कैप दोनों में निवेश कर सकेंगे।
निवेश से पहले जोखिम समझना जरूरी
यह स्कीम लंबी अवधि में पूंजी बढ़ाने का लक्ष्य रखने वाले निवेशकों के लिए है। हालांकि, फंड और इसके बेंचमार्क दोनों की जोखिम श्रेणी Very High है।
म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं। निवेश से पहले स्कीम से जुड़े सभी दस्तावेज ध्यान से पढ़ें।