नए संवत में कहां लगाएं पैसा? एक्सपर्ट ने चुने ये 5 म्यूचुअल फंड, बताया निवेश का पूरा फॉर्मूला
नए संवत 2083 में म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए सही पोर्टफोलियो बनाना जरूरी है। आनंद राठी वेल्थ के चिराग मुनि ने निवेश के लिए 5 म्यूचुअल फंड सुझाए हैं। उन्होंने लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप में संतुलन रखने की सलाह दी है।

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच नए संवत 2083 में म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए सही रणनीति बनाना जरूरी हो गया है। आनंद राठी वेल्थ (Anand Rathi Wealth) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर चिराग मुनि (Chirag Muni) ने निवेशकों के लिए 5 म्यूचुअल फंड सुझाए हैं। उनका मानना है कि आने वाले वर्षों में बेहतर रिटर्न पाने के लिए पोर्टफोलियो में लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप फंड का सही संतुलन होना चाहिए।
किस फंड में कितना पैसा लगाएं?
बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए चिराग मुनि ने कहा कि निवेशकों को सिर्फ पिछले रिटर्न देखकर म्यूचुअल फंड नहीं चुनना चाहिए। सबसे पहले यह तय करना जरूरी है कि पोर्टफोलियो में किस कैटेगरी की कितनी हिस्सेदारी होगी।
उन्होंने अगले कुछ साल के लिए पोर्टफोलियो में 50-55% हिस्सा लार्जकैप, 20-25% मिडकैप और 20-25% स्मॉलकैप में रखने की सलाह दी है।
उनका मानना है कि लार्जकैप फंड पोर्टफोलियो को स्थिरता दे सकते हैं, जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप फंड में बेहतर रिटर्न की संभावनाएं बनी रह सकती हैं। हालांकि, इनमें जोखिम भी ज्यादा होता है।
एक्सपर्ट ने चुने ये 5 म्यूचुअल फंड
1. ICICI Pru Focus Fund: चिराग मुनि ने फोकस्ड फंड कैटेगरी में इसे पसंद किया है। उनके मुताबिक, इस फंड ने लंबे समय में बेंचमार्क से बेहतर रिटर्न यानी अल्फा देने की क्षमता दिखाई है।
2. Quant Large Cap Fund: लार्जकैप कैटेगरी में उन्होंने इस फंड को चुना है। उनका कहना है कि अपेक्षाकृत छोटे फंड साइज और एक्टिव मैनेजमेंट से इसे निवेश के फैसलों में लचीलापन मिलता है।
3. Kotak Midcap Fund: मिडकैप कैटेगरी में यह उनकी पसंद है। मुनि के मुताबिक, फंड मैनेजमेंट में बदलाव के बाद भी इसका प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है।
4. Invesco Small Cap Fund: स्मॉलकैप कैटेगरी में उन्होंने इस फंड को सबसे ज्यादा पसंद किया है। उनके मुताबिक, यह जोखिम को संतुलित रखते हुए अच्छा अल्फा पैदा करने में सक्षम रहा है।
5. Bandhan Large and Mid-Cap Fund: यह फंड लार्जकैप और मिडकैप दोनों सेगमेंट में निवेश का मौका देता है।
कितने समय के लिए करें निवेश?
चिराग मुनि का कहना है कि इन फंड्स में निवेश करते समय कम से कम तीन साल का नजरिया रखना चाहिए। इन्हें सिर्फ एक साल में मुनाफा कमाने के ऑप्शन के तौर पर नहीं देखना चाहिए।
उन्होंने निवेशकों को हर 12 से 18 महीने में अपने पोर्टफोलियो की समीक्षा करने की सलाह भी दी है। एक्सपर्ट के मुताबिक, बाजार के अलग-अलग सेगमेंट में वैल्यूएशन के लिहाज से मौके मौजूद हैं। ऐसे में सही फंड चुनना और लंबे समय तक निवेश बनाए रखना महत्वपूर्ण होगा।