Debt Mutual Fund में पैसा रखना कितना सुरक्षित? निवेश से पहले जान लें ये बड़े जोखिम
एफडी में घटती ब्याज दरों के बीच डेट म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए एक नए विकल्प के तौर पर उभर रहे हैं। इन्हें कम जोखिम वाला निवेश माना जाता है, लेकिन क्या यहां पैसा पूरी तरह सुरक्षित है? निवेश से पहले जानना जरूरी है कि डेट फंड में कौन-कौन से जोखिम छिपे होते हैं।

In Short
- डेट म्यूचुअल फंड को सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इसमें भी क्रेडिट, ब्याज दर और लिक्विडिटी जैसे जोखिम होते हैं।
- डेट फंड में पैसा बॉन्ड, सरकारी सिक्योरिटी और कंपनियों के कर्ज जैसे साधनों में लगाया जाता है, जिनकी स्थिति रिटर्न को प्रभावित करती है।
- निवेश से पहले फंड की पोर्टफोलियो क्वालिटी, बॉन्ड रेटिंग और अपनी जरूरत के हिसाब से सही फंड चुनना जरूरी है।
Debt Mutual Fund Risks: एफडी की ब्याज दरें कम होने के बाद अब लोग अपने पैसे को ऐसी जगह लगाना चाहते हैं, जहां सुरक्षा भी बनी रहे और रिटर्न की उम्मीद भी हो। इसी वजह से डेट म्यूचुअल फंड पर निवेशकों का ध्यान बढ़ रहा है। लेकिन क्या इसमें पैसा लगाना सच में सुरक्षित है? या फिर इसमें भी कुछ ऐसे जोखिम हैं, जिनके बारे में निवेशक अक्सर ध्यान नहीं देते?
निवेशक डेट म्यूचुअल फंड में क्यों कर रहें हैं निवेश?
ब्याज दरों में बदलाव के बीच डेट म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए एक विकल्प बनकर सामने आए हैं। साल 2025 में इन फंड्स में करीब ₹1.38 लाख करोड़ का निवेश आया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के अनुसार, डेट म्यूचुअल फंड का कुल एयूएम करीब ₹18.75 लाख करोड़ तक पहुंच गया।
कई निवेशक इन्हें एफडी जैसा सुरक्षित मानते हैं, क्योंकि इनमें शेयर बाजार की तुलना में उतार-चढ़ाव कम दिखाई देता है। लेकिन कम उतार-चढ़ाव का मतलब यह नहीं है कि इसमें कोई जोखिम नहीं है।
क्या डेट म्यूचुअल फंड में पैसा डूब सकता है?
डेट फंड को सुरक्षित मानने की सबसे बड़ी वजह यह है कि इनकी कीमतों में शेयर बाजार जितना तेज उतार-चढ़ाव नहीं होता। लेकिन असल में इनका रिटर्न उन बॉन्ड की स्थिति पर निर्भर करता है, जिनमें फंड ने पैसा लगाया है।
अगर किसी कंपनी का बॉन्ड खराब प्रदर्शन करता है या कंपनी कर्ज चुकाने में असफल हो जाती है, तो उस बॉन्ड की कीमत गिर सकती है। इसका असर सीधे फंड की एनएवी यानी नेट एसेट वैल्यू पर पड़ता है और निवेशक को कम या नेगेटिव रिटर्न भी मिल सकता है।
कैसे काम करता है डेट म्यूचुअल फंड?
डेट म्यूचुअल फंड में निवेशकों का पैसा बॉन्ड, सरकारी सिक्योरिटी, ट्रेजरी बिल और कंपनियों के कर्ज जैसे साधनों में लगाया जाता है। फंड मैनेजर सरकार, बैंक या कंपनियों को पैसा उधार देते हैं और बदले में ब्याज मिलता है।
उदाहरण के लिए, अगर कोई डेट फंड ₹100 करोड़ जुटाता है तो वह इसका एक हिस्सा सरकारी बॉन्ड में, कुछ मजबूत कंपनियों के बॉन्ड में और कुछ हिस्सा अन्य कर्ज वाले साधनों में निवेश कर सकता है। इन निवेशों से मिलने वाला ब्याज ही निवेशकों के रिटर्न का आधार बनता है।
डेट म्यूचुअल फंड में कौन-कौन से जोखिम होते हैं?
- क्रेडिट रिस्क:यह सबसे बड़ा जोखिम होता है। इसमें कंपनी के कर्ज वापस न करने की संभावना रहती है। ज्यादा रिटर्न देने वाले कई फंड कम रेटिंग वाले बॉन्ड में निवेश करते हैं, जिनमें यह खतरा ज्यादा हो सकता है।
- ब्याज दर का जोखिम: जब बाजार में ब्याज दरें बढ़ती हैं तो पुराने बॉन्ड की कीमत कम हो सकती है। इसका असर डेट फंड के रिटर्न पर पड़ता है।
- लिक्विडिटी रिस्क:कई बार फंड में मौजूद बॉन्ड आसानी से नहीं बिकते। अगर बहुत सारे निवेशक एक साथ पैसा निकालना चाहें तो फंड को परेशानी हो सकती है।
- री-इन्वेस्टमेंट और प्रीपेमेंट रिस्क:अगर निवेश से मिला पैसा दोबारा कम ब्याज दर पर लगाना पड़े तो भविष्य का रिटर्न प्रभावित हो सकता है।
निवेश से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
डेट म्यूचुअल फंड में निवेश करने से पहले यह देखना जरूरी है कि फंड आपका पैसा कहां लगा रहा है। सिर्फ ज्यादा रिटर्न देखकर निवेश करना सही फैसला नहीं हो सकता।
अगर आपकी प्राथमिकता सुरक्षा है तो ऐसे फंड चुनना बेहतर हो सकता है, जिनमें ज्यादा निवेश मजबूत रेटिंग वाले बॉन्ड और सरकारी सिक्योरिटी में किया गया हो। साथ ही अपनी जरूरत और निवेश की अवधि के हिसाब से फंड का चुनाव करना चाहिए।
डेट म्यूचुअल फंड एफडी की तरह गारंटीड रिटर्न वाला विकल्प नहीं है, लेकिन सही जानकारी और जोखिम समझकर निवेश किया जाए तो यह फिक्स इनकम निवेश का एक विकल्प बन सकता है।