AI चुनेगा आपके लिए सही Mutual Fund? बढ़ रहा AI Rollup का ट्रेंड, निवेशकों के लिए सावधानी जरूरी

AI टूल अब Mutual Fund चुनने से लेकर अलग-अलग फंड की तुलना करने तक कई काम आसान बना रहे हैं। लेकिन निवेश की असली परीक्षा फंड चुनने के बाद शुरू होती है। बाजार में गिरावट और डर के बीच निवेश जारी रखना कितना जरूरी है और AI कहां आपकी मदद नहीं कर सकता, समझिए पूरी बात।

Advertisement
निवेश में AI की मदद, लेकिन आखिरी फैसला आपका
निवेश में AI की मदद, लेकिन आखिरी फैसला आपका

In Short

  • AI फंड चुनने में कर सकता है मदद
  • गिरावट में SIP जारी रखना बड़ी चुनौती
  • - निवेश में धैर्य और अनुशासन जरूरी

By Shakshi:

निवेश की दुनिया में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। कई AI टूल दावा करते हैं कि वे सही Mutual Fund चुनने, अलग-अलग फंड की तुलना करने और निवेश से जुड़ी जानकारी को आसान भाषा में समझने में मदद कर सकते हैं। लेकिन क्या सिर्फ AI की मदद से कोई अच्छा निवेशक बन सकता है?

इसे समझने के लिए निवेश के पूरे सफर को समझना जरूरी है।

AI कहां कर सकता है मदद?

निवेश के तीन मुख्य हिस्से होते हैं। पहला, सही फंड चुनकर उसमें पैसा लगाना। दूसरा, लंबे समय तक उसमें निवेश बनाए रखना। तीसरा, जरूरत पड़ने पर पैसा निकालना।

आज के ज्यादातर AI टूल फंड चुनने और उसकी जानकारी समझने में मदद कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, AI हजारों Mutual Funds का डेटा देखकर बता सकता है कि आप जिन फंड्स को देख रहे हैं, उनमें पैसा लगभग एक जैसी कंपनियों में तो नहीं लगा है।

AI किसी Fund House की मुश्किल जानकारी को आसान भाषा में भी समझा सकता है। इस तरह के AI टूल निवेशकों के लिए काफी काम के हो सकते हैं।

असली मुश्किल फंड चुनना नहीं

निवेश में असली चुनौती सही फंड चुनना नहीं, बल्कि लंबे समय तक निवेश में बने रहना है। बाजार अच्छा चल रहा हो तो निवेश जारी रखना आसान लगता है। मुश्किल तब आती है जब बाजार तेजी से गिरने लगता है।

ऐसे समय में निवेशक को अपनी SIP जारी रखनी होती है। लेकिन गिरता बाजार देखकर कई लोग डर जाते हैं और पैसा निकालने के बारे में सोचने लगते हैं।

कई बार कोई दूसरा फंड आपके फंड से थोड़ा ज्यादा रिटर्न देता दिखाई देता है। ऐसे में अपना फंड छोड़कर दूसरे में जाने का मन हो सकता है। इसी तरह युद्ध या दुनिया में बढ़ती परेशानी के समय भी निवेशक अपने पैसे को लेकर घबरा सकते हैं।

Sell Button दबाने से नहीं रोक सकता AI

यहीं AI की सीमा सामने आती है। AI आपको सही फंड चुनने में मदद कर सकता है, लेकिन बाजार गिरने पर डरकर Sell Button दबाने से आपको रोक नहीं सकता।

निवेश में आपकी भावनाएं और आपके फैसले बहुत मायने रखते हैं। Value Research की हाल की एक स्टडी समेत कई अध्ययनों में सामने आया है कि निवेशकों को मिलने वाला असली रिटर्न अक्सर उस फंड के रिटर्न से कम रहता है, जिसमें उन्होंने पैसा लगाया होता है।

इसकी एक बड़ी वजह निवेशकों का गलत समय पर फैसला लेना है। कई लोग बाजार में तेजी आने के बाद निवेश शुरू करते हैं और गिरावट आने पर पैसा निकाल लेते हैं।

इसलिए निवेश में AI एक काम का टूल हो सकता है, लेकिन वह धैर्य और अनुशासन की जगह नहीं ले सकता। बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच निवेश में टिके रहने का फैसला आखिरकार निवेशक को खुद ही करना पड़ता है।

Read more!
Advertisement