दिल्ली-NCR में प्रदूषण डराने वाला है! एक्शन में दिल्ली सरकार
एक तरफ पंजाब और हरियाणा से पराली जलने की तस्वीरें आने लगी हैं। तो वहीं दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह से ऐक्शन में आ गई है।

एक तरफ पंजाब और हरियाणा से पराली जलने की तस्वीरें आने लगी हैं। तो वहीं दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह से ऐक्शन में आ गई है।
दिल्ली में स्मॉग संकट
दिल्ली में स्मॉग संकट के सिर उठाते ही, इसकी रोकथाम के उपायों पर तेजी से काम शुरू हो गया है। चाहे एंटी डस्ट अभियान हों, या फिर ग्रैप-1 की पाबंदियां, सब पर सख्ती से अमल के लिए कहा गया है। दरअसल बीते दो दिनों से लगातार AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ रहा है और ये खराब श्रेणी में पहुंच गया है। स्थिति और ज्यादा गंभीर ना, इसके लिए ही अभी से हर संभव प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
हालात को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। जिसमें हालात की समीक्षा करने के बाद ये आदेश दिया गया कि धूल से होने वाले प्रदूषण रोकने के लिए 99 टीमें कंस्ट्रक्शन साइट्स का निरीक्षण करेंगी। PWD, MCD, NCRTC और DMRC, निर्माण स्थलों पर एंटी स्मॉग गन लगाएंगी। पीडब्ल्यूडी, एमसीडी समेत सभी विभाग सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर पूरा करेंगे।साथ ही साथ सीएम ने दिल्ली की जनता से कार पूलिंग , पटाखे और कूड़ा न जलाने की अपील की है।
ताजा जानकारी के अनुसार
ताजा जानकारी के अनुसार, दिल्ली के वजीरपुर और शालीमार बाग में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 321, जहांगीरपुरी में 332, वेस्ट दिल्ली के शादीपुर में 307, पटपड़गंज में 314 दर्ज किया गया। जोकि बहुत खराब श्रेणी में माना जाता है। इसके अलावा मयूर विहार और नोएडा के सेक्टर-1 में एक्यूआई 195 और आनंद विहार व साहिबाबाद में एक्यूआई 294 दर्ज किया गया। आपको बता दें कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 के बीच एक्यूआई को संतोषजनक, 101 और 200 के बीच एक्यूआई को मध्यम, 201 और 300 के बीच एक्यूआई को खराब , 301 और 400 के बीच एक्यूआई बहुत खराब और 401 और 500 के बीच एक्यूआई गंभीर माना जाता है।
इसके अलावा ये भी आदेश दिया गया है कि रोजाना निरीक्षण रिपोर्ट ग्रीन वॉर रूम, पर्यावरण मंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजी जायेगी....ताकि, हालात को देखते हुए फैसले लिए जा सके।
इस बीच राजधानी दिल्ली में पटाखों पर भी पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की अधिसूचना के मुताबिक, दिल्ली में पटाखों के बनाने, स्टोरेज, बिक्री और फोड़ने पर 14 अक्टूबर से 1 जनवरी तक के लिए बैन रहेगा...दीपावली के मौके पर एयर क्वालिटी और खराब न हो, इसे ध्यान में रखते हुए ये आदेश जारी किया गया है....ऐसे में जरुरी है कि लोग भी प्रदूषण के खिलाफ इस लड़ाई में सहयोग दें, ताकि वायु प्रदूषण के खिलाफ ये लड़ाई जीती जा सके।