12 घंटे काम और 10 घंटे ब्रेक! Zepto, Rapido जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करने वालों के लिए क्या हैं नियम?

ज़ेप्टो, रैपिडो, स्नैबिट और अर्बन कंपनी जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करने वालों के लिए कई जरूरी नियम हैं। इनमें उम्र, वेरिफिकेशन, ट्रेनिंग, काम के घंटे और ग्राहकों की सुरक्षा से जुड़ी शर्तें शामिल हैं। इन नियमों की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है और वर्कर का अकाउंट सस्पेंड हो सकता है।

Advertisement

In Short

  • ज़ेप्टो, रैपिडो और अर्बन कंपनी जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करने वालों के लिए कई जरूरी नियम तय हैं।
  • वर्कर्स को पहचान सत्यापन, ट्रेनिंग, काम के घंटे और सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है।
  • फर्जी अकाउंट, ग्राहकों के डेटा का गलत इस्तेमाल या नियम तोड़ने पर अकाउंट सस्पेंड हो सकता है।

By Sonam:

क्विक कॉमर्स, राइड हेलिंग और होम सर्विस प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों के लिए कमाई के नए मौके पैदा हुए हैं। ज़ेप्टो, रैपिडो, स्नैबिट और अर्बन कंपनी जैसे प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में लोग काम कर रहे हैं। हालांकि, इन प्लेटफॉर्म से जुड़कर काम शुरू करने से पहले इनके नियम और शर्तों को समझना बेहद जरूरी है। क्योंकि नियमों का उल्लंघन करने पर वर्कर का अकाउंट सस्पेंड हो सकता है या काम करने का एक्सेस तुरंत खत्म किया जा सकता है।

काम शुरू करने से पहले जरूरी है वेरिफिकेशन

प्लेटफॉर्म पर काम करने के लिए वर्कर की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए। साथ ही वह कानूनी रूप से समझौता करने के योग्य होना चाहिए। धोखाधड़ी, चोरी, हिंसा, यौन अपराध या नशीले पदार्थों से जुड़े गंभीर मामलों में दोषी पाए गए लोगों को काम करने की अनुमति नहीं मिल सकती।

इसके अलावा वर्कर के खिलाफ कोई पुराना आपराधिक मामला लंबित नहीं होना चाहिए। पहचान के लिए आधार और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज देने पड़ सकते हैं। कुछ मामलों में पुलिस वेरिफिकेशन, मेडिकल जांच और आंखों की जांच भी जरूरी हो सकती है।

ट्रेनिंग और काम के घंटों को लेकर क्या हैं नियम?

काम शुरू करने से पहले वर्कर को तीन दिन की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग या निर्धारित ट्रेनिंग कार्यक्रम पूरा करना पड़ सकता है। इसमें पास होना भी जरूरी है।

कुछ प्लेटफॉर्म पर रोजाना अधिकतम 12 घंटे काम करने की सीमा हो सकती है। इसके बाद 10 घंटे का ब्रेक लेना अनिवार्य हो सकता है। अगर वर्कर बीमार है या उसे कोई संक्रामक बीमारी है, तो उसे लॉग इन करने की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा काम के दौरान हेलमेट पहनना, स्पीड लिमिट का पालन करना और ट्रैफिक नियमों को मानना जरूरी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इन गलतियों पर हो सकती है सख्त कार्रवाई

काम के दौरान या उससे पहले शराब, तंबाकू और दूसरे नशीले पदार्थों का सेवन करना मना है। फर्जी अकाउंट बनाना, एक से ज्यादा खाते चलाना, जीपीएस या फोन की सेटिंग से छेड़छाड़ करना भी नियमों के खिलाफ है।

गलत जानकारी देना या प्रमोशनल ऑफर का गलत फायदा उठाना भी मना है। ग्राहकों और सहकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर कार्रवाई हो सकती है।

ग्राहकों की निजी जानकारी शेयर करना मना

वर्कर ग्राहकों के नाम, पते और फोन नंबर का इस्तेमाल केवल सेवा पूरी करने के लिए कर सकते हैं। इस जानकारी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा करना या निजी काम में इस्तेमाल करना मना है।

कंपनी की ओर से मिलने वाली टी-शर्ट, जैकेट और बैग का इस्तेमाल भी केवल अधिकृत काम के लिए किया जा सकता है। कंपनी के नाम या लोगो का दूसरे कामों में इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है।

नियम तोड़ने पर बंद हो सकता है अकाउंट

अगर कोई वर्कर प्लेटफॉर्म की शर्तों, सुरक्षा नियमों या व्यवहार से जुड़े निर्देशों का उल्लंघन करता है, तो कंपनी उसका अकाउंट सस्पेंड कर सकती है। गंभीर मामलों में काम करने का एक्सेस तुरंत खत्म किया जा सकता है।

ऐसे में ज़ेप्टो, रैपिडो, स्नैबिट और अर्बन कंपनी जैसे प्लेटफॉर्म पर काम करने वालों के लिए जरूरी है कि वे अपने संबंधित प्लेटफॉर्म के नियमों को अच्छी तरह समझें और उनका पालन करें।

Read more!
Advertisement