मुकेश अंबानी के साथ वापसी के बावजूद भारत में नहीं चल पा रहा Shein का जादू, आखिर क्या है वजह?

मुकेश अंबानी की रिलायंस के साथ भारतीय बाजार में वापसी करने वाले फैशन ब्रांड Shein की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कभी युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय रहे इस ब्रांड को अब कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। आखिर कहां अटक रहा रिलायंस का दांव?

Advertisement

In Short

  • रिलायंस के साथ भारत में Shein की वापसी को नहीं मिली उम्मीद के मुताबिक सफलता
  • विज्ञापन पर 60 प्रतिशत ज्यादा खर्च के बावजूद ऐप डाउनलोड में 73 प्रतिशत की गिरावट
  • टेक्नोलॉजी की कमी और बढ़ते कॉम्पिटिशन ने बढ़ाईं रिलायंस की मुश्किलें

By BT बाज़ार डेस्क:

मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ साझेदारी कर भारतीय बाजार में दोबारा एंट्री करने वाले फास्ट फैशन ब्रांड Shein को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिल रही है। फरवरी 2025 में भारत में दोबारा लॉन्च होने के बावजूद कंपनी ग्राहकों के बीच अपनी पुरानी लोकप्रियता हासिल नहीं कर पाई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सप्लाई चेन में दिक्कतें, नेतृत्व में बदलाव और एडवांस टेक्नोलॉजी की कमी इसके पीछे बड़ी वजह हैं। यह स्थिति रिलायंस के रिटेल कारोबार की कमान संभाल रहीं ईशा अंबानी के लिए भी चुनौती बन गई है।

Myntra के मुकाबले काफी पीछे Shein

मार्केट इंटेलिजेंस फर्म सेंसर टावर के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में Shein के मंथली एक्टिव यूजर्स करीब 60 लाख रहे। वहीं, इसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी Myntra के मंथली एक्टिव यूजर्स करीब 10 करोड़ रहे।

साल 2017 में Shein ने भारत में पहली बार एंट्री की थी। सस्ते और ट्रेंडी कपड़ों के चलते यह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो गई थी। साल 2019 में कंपनी के कुल मंथली एक्टिव यूजर्स में भारत की हिस्सेदारी 67 प्रतिशत थी। हालांकि, सुरक्षा चिंताओं के चलते भारत सरकार ने 2020 में इस ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया था। अब कंपनी के कुल यूजर्स में भारत की हिस्सेदारी महज 2 प्रतिशत रह गई है।

रिलायंस के सामने टेक्नोलॉजी की चुनौती

भारत में प्रोडक्ट के चयन से लेकर मार्केटिंग और बिक्री तक की जिम्मेदारी रिलायंस के पास है। रिपोर्ट के मुताबिक, Shein ने अपनी वह खास टेक्नोलॉजी रिलायंस के साथ साझा नहीं की है, जिसकी मदद से कंपनी 10 दिनों से भी कम समय में नए डिजाइन के कपड़े तैयार कर सकती है।

रिलायंस को भारतीय सप्लायर्स के साथ नए सिरे से काम करना पड़ा है। इससे कर्मचारियों की ट्रेनिंग, कपड़ों की बर्बादी और प्रोडक्शन में लगने वाला समय बढ़ा है।

विज्ञापन पर खर्च बढ़ा लेकिन डाउनलोड घटे

सितंबर में Shein ने विज्ञापन पर सालाना आधार पर 60 प्रतिशत ज्यादा खर्च किया। इसके बावजूद ऐप के डाउनलोड 73 प्रतिशत घटकर 7.90 लाख रह गए। अक्टूबर में यह आंकड़ा और गिरकर 7.40 लाख पर आ गया।

इसके अलावा भारतीय यूजर्स ऐप पर हर हफ्ते औसतन चार मिनट बिता रहे हैं, जबकि वैश्विक औसत 6.6 मिनट है।

बढ़ते कॉम्पिटिशन ने बढ़ाई मुश्किलें

Shein की गैरमौजूदगी में Myntra, टाटा ग्रुप की Trent, आदित्य बिड़ला फैशन और Meesho जैसी कंपनियों ने भारतीय ग्राहकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत की है।

मार्च 2026 में समाप्त वित्त वर्ष में Shein India का संचालन करने वाली रिलायंस की कंपनी नेक्स्टजेन फास्ट फैशन का रेवेन्यू महज 44 लाख रुपये रहा। हालांकि, रिलायंस ने अभी हार नहीं मानी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 2027 की शुरुआत में एक बड़ा मार्केटिंग कैंपेन शुरू कर सकती है।

Read more!
Advertisement