टैक्स में छूट के बावजूद क्यों नहीं बढ़ा सैलरी और निवेश! भारतीय कंपनियों से क्यों नाराज हैं पीएम मोदी?

सरकार की ओर से टैक्स में कटौती और तमाम सुविधाएं मिलने के बावजूद भारतीय कंपनियां निवेश और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने में पीछे क्यों हैं? पीएम मोदी की नाराजगी के बीच कॉरपोरेट निवेश से जुड़े आंकड़े कई बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। जानिए क्या हैं उद्योग जगत की मजबूरियां।

Advertisement

In Short

  • देश के कुल निवेश में कॉरपोरेट सेक्टर की हिस्सेदारी घटकर 45 फीसदी पर पहुंची।
  • टैक्स में 5.4 लाख करोड़ रुपये की बचत के बावजूद निजी कंपनियों के निवेश में नहीं दिखी बढ़ोतरी।
  • रघुराम राजन ने भारतीय कंपनियों में वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने की महत्वाकांक्षा की कमी बताई।

By BT बाज़ार डेस्क:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले हफ्ते भारतीय उद्योग जगत पर तीखी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि सरकार की ओर से टैक्स में कटौती और तमाम प्रोत्साहन दिए जाने के बावजूद कंपनियां निवेश और कर्मचारियों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ा रही हैं। पिछले करीब दो दशकों से देश की GDP में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की हिस्सेदारी 15 से 17 फीसदी के बीच बनी हुई है। पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से सवाल किया था कि यह आपकी सफलता है या असफलता? ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अर्थव्यवस्था भले ही सालाना 7 फीसदी से ज्यादा की दर से बढ़ रही है, लेकिन हर साल रोजगार बाजार में प्रवेश करने वाले लाखों युवाओं के लिए पर्याप्त नौकरियां पैदा नहीं हो पा रही हैं।

दो दशकों के निचले स्तर पर कॉरपोरेट निवेश की हिस्सेदारी

ब्रोकरेज फर्म CLSA की रिसर्च के मुताबिक, देश के कुल निवेश में कॉरपोरेट सेक्टर की हिस्सेदारी घटकर 45 फीसदी रह गई है, जो दो दशकों से भी ज्यादा समय का सबसे निचला स्तर है। यह घरेलू क्षेत्र की हिस्सेदारी से भी कम है।

कॉरपोरेट निवेश का करीब दो-तिहाई हिस्सा शेयर बाजार में लिस्ट नहीं होने वाली कंपनियों से आता है। इन कंपनियों की मुनाफा कमाने की क्षमता 15 साल के निचले स्तर पर पहुंच गई है, जबकि GDP के अनुपात में इनका कर्ज सात साल के उच्चतम स्तर पर है।

निवेश बढ़ाने से क्यों हिचक रही हैं कंपनियां?

इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट्स प्रमोशन काउंसिल के चेयरमैन पंकज चड्ढा के मुताबिक, छोटी कंपनियां नकदी की कमी, मांग में अनिश्चितता, नियमों के पालन पर बढ़ते खर्च और टैक्स के बोझ से जूझ रही हैं।

वहीं, अल्कली मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव के. श्रीनिवासन ने सस्ते आयात से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और कुशल कर्मचारियों की कमी को बड़ी चुनौती बताया है।

फुटवियर निर्माता फरीदा ग्रुप के चेयरमैन रफीक अहमद के मुताबिक, परिवारों पर बढ़ते आर्थिक दबाव और कर्ज के चलते उनकी खर्च करने की क्षमता प्रभावित हो रही है। ऐसे में कंपनियों के लिए कीमतें और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाना मुश्किल हो रहा है।

5.4 लाख करोड़ रुपये की टैक्स बचत, फिर भी नहीं बढ़ा निवेश

सरकार ने बेसिक कॉरपोरेट टैक्स की दर 2014 के 30 फीसदी से घटाकर 2019 में 22 फीसदी कर दी थी। इससे मार्च 2025 तक के पांच वर्षों में कंपनियों को अनुमानित 5.4 लाख करोड़ रुपये की टैक्स बचत हुई। इसके बावजूद गैर-वित्तीय निजी कंपनियों का निवेश GDP के 14.1 फीसदी पर स्थिर रहा।

प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के पूर्व सदस्य सुरजीत भल्ला ने नीतिगत अनिश्चितता और नियमों में अचानक बदलाव को निवेश की राह में बड़ी बाधा बताया है।

रघुराम राजन ने भी उठाए सवाल

RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन का कहना है कि भारतीय कंपनियों में महत्वाकांक्षा की कमी है। पर्याप्त कर्ज, कुशल कर्मचारी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच होने के बावजूद भारतीय कंपनियां वैश्विक स्तर पर अपना दबदबा बनाने की कोशिश नहीं कर रही हैं। उनके मुताबिक, भारतीय उद्योग जगत को अपनी महत्वाकांक्षा बढ़ाने की जरूरत है।

Read more!
Advertisement