ग्राहक कहते कुछ है और खरीदते कुछ और! AI ने खोली भारतीयों की शॉपिंग से जुड़ी सच्चाई

क्या आप भी शॉपिंग करते समय वही सामान खरीदते हैं, जिसे पहले पसंद करते हैं? एक नई AI तकनीक ग्राहकों की इसी आदत से जुड़े दिलचस्प खुलासे कर रही है। इससे कंपनियों को खरीदारी के फैसलों को समझने में मदद मिल सकती है। जानिए आखिर ग्राहक अपना मन क्यों बदलते हैं।

Advertisement

In Short

  • सर्वे में पसंद आने वाला प्रोडक्ट जरूरी नहीं कि ग्राहक खरीद भी लें।
  • AI ग्राहकों की पसंद और असली खरीदारी के बीच का अंतर समझने में मदद कर रहा है।
  • PulseAI Research के एंटरप्राइज ग्राहकों की संख्या 200 के पार पहुंची।

By Gungun Mishra:

खरीदारी करते समय ग्राहक हमेशा वही चीज नहीं खरीदते, जिसे उन्होंने पहले पसंद बताया था। कई बार सर्वे में लोग किसी प्रोडक्ट को अच्छा बताते हैं, लेकिन जब खरीदने की बारी आती है तो उनका फैसला बदल जाता है। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से कंपनियां ग्राहकों की इसी आदत को समझने की कोशिश कर रही हैं। आइए जानते हैं कि AI कैसे ग्राहकों की पसंद और असली खरीदारी के बीच का अंतर सामने ला रहा है।

सर्वे में पसंद, लेकिन खरीदारी में बदल जाता है फैसला

कंपनियां लंबे समय से ग्राहकों की पसंद जानने के लिए सर्वे कराती रही हैं। इससे उन्हें पता चलता है कि बाजार में किस प्रोडक्ट की मांग हो सकती है और लोग क्या खरीदना चाहते हैं।

हालांकि, सर्वे में दी गई जानकारी हमेशा असली खरीदारी से मेल नहीं खाती। जब ग्राहकों के सामने अलग-अलग ब्रांड, कीमतें और डिस्काउंट आते हैं तो वे अपना फैसला बदल सकते हैं।

इसी अंतर को समझने के लिए अब AI आधारित मार्केट रिसर्च प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बढ़ रहा है।

क्या है PulseAI Research और कैसे करता है काम?

स्मिटेन का AI आधारित कंज्यूमर इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म PulseAI Research ग्राहकों की कही गई बातों के साथ उनके असली व्यवहार का भी विश्लेषण करता है।

यह प्लेटफॉर्म समझने की कोशिश करता है कि ग्राहक किसी प्रोडक्ट के बारे में कैसे जानते हैं, उसे क्यों पसंद करते हैं, ट्रायल कैसे लेते हैं और आखिर में खरीदते हैं या नहीं।

कंपनी के मुताबिक, दो साल से कुछ ज्यादा समय में PulseAI Research के एंटरप्राइज ग्राहकों की संख्या 200 के पार पहुंच गई है। अब यह स्मिटेन के ग्रुप रेवेन्यू में करीब एक चौथाई योगदान देता है।

AI कैसे पकड़ता है ग्राहकों की बदलती पसंद?

PulseAI ग्राहकों की ऑनलाइन गतिविधियों को समझने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल करता है।

उदाहरण के लिए, रिसर्च के दौरान किसी नए प्रोडक्ट का मॉडल दूसरे ब्रांड्स के साथ दिखाया जा सकता है। इसके बाद देखा जाता है कि ग्राहक किस प्रोडक्ट का पेज खोलते हैं, किसे कार्ट में डालते हैं और क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

प्लेटफॉर्म प्रोडक्ट देखने, खरीदने की इच्छा जताने, कार्ट में डालने और असल में खरीदने के बीच अंतर करता है।

इसके लिए स्टैटिस्टिकल मॉडल, मशीन लर्निंग और AI की मदद ली जाती है।

कंपनियों को कैसे मिलेगा फायदा?

PulseAI Research और Smytten के को-फाउंडर स्वागत सारंगी के मुताबिक, भविष्य सिर्फ सर्वे डेटा या ग्राहकों के व्यवहार से जुड़े डेटा का नहीं है। जरूरी यह समझना है कि लोग क्या कहते हैं, क्या करते हैं और दोनों में अंतर क्यों होता है।

इस तकनीक से FMCG, ब्यूटी और पर्सनल केयर जैसी कंपनियां समझ सकती हैं कि पसंद किए जाने के बावजूद उनके प्रोडक्ट क्यों नहीं बिकते।

इसके आधार पर कंपनियां लॉन्च से पहले कीमत, पैकेजिंग, विज्ञापन और प्रोडक्ट की बाजार में पहचान बनाने की रणनीति सुधार सकती हैं।

PulseAI रिसर्च की विश्वसनीयता जांचने के लिए रिसर्चर्स की मदद और जवाब देने वाले ग्राहकों की क्वालिटी चेक भी करता है। इससे कंपनियों को ग्राहकों के फैसलों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिल सकती है।

Read more!
Advertisement