अमेरिका ने रूस से जुड़े प्रतिबंधों की लिस्ट से 4 भारतीय कंपनियों को हटाया, कारोबार को मिल सकती है राहत
अमेरिका ने रूस से जुड़े कथित सप्लाई नेटवर्क मामले में बड़ी राहत देते हुए चार भारतीय कंपनियों को OFAC की SDN प्रतिबंध सूची से हटा दिया है। इस फैसले से इन कंपनियों के लिए अंतरराष्ट्रीय कारोबार, विदेशी ग्राहकों के साथ व्यापार और वैश्विक सप्लाई चेन में काम करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।

In Short
- अमेरिका ने रूस से जुड़े मामले में 4 भारतीय कंपनियों को OFAC की प्रतिबंध सूची (SDN List) से हटाया।
- प्रतिबंध हटने से अंतरराष्ट्रीय कारोबार, विदेशी ग्राहकों और ग्लोबल सप्लाई चेन के साथ काम करना आसान हो सकता है।
- प्रतिबंधित सूची से नाम हटने के बाद कंपनियों के लिए वैश्विक व्यापार और वित्तीय लेन-देन की राह आसान होने की उम्मीद है।
अमेरिका ने रूस की सैन्य गतिविधियों से जुड़े कथित सप्लाई नेटवर्क को लेकर प्रतिबंधित की गई चार भारतीय कंपनियों को अपनी प्रतिबंध सूची से हटा दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय के Office of Foreign Assets Control (OFAC) ने इन कंपनियों के नाम Specially Designated Nationals and Blocked Persons (SDN) List से हटा दिए हैं।
इन कंपनियों से हटाया गया प्रतिबंध
- RRG Engineering Technologies Private Limited (हैदराबाद)
- Lokesh Machines Limited (हैदराबाद)
- Galaxy Bearings (अहमदाबाद)
- Shaurya Aeronautics Private Limited (नई दिल्ली)
अमेरिका ने इन कंपनियों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने रूस के सैन्य-औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं को ऐसी तकनीक और उपकरण उपलब्ध कराए, जिनका इस्तेमाल सैन्य और औद्योगिक दोनों उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है।
इन्हें ड्यूल-यूज टेक्नोलॉजी (Dual-use items) कहा जाता है, यानी ऐसे सामान जिनका इस्तेमाल सामान्य उद्योग के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में भी किया जा सकता है।
अमेरिका के आरोपों के मुताबिक Galaxy Bearings ने रूस की संस्थाओं को रोलर बेयरिंग और अन्य हाई-प्रायोरिटी उपकरण भेजे थे।
Shaurya Aeronautics पर रूस को रडार सिस्टम, रेडियो नेविगेशन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भेजने का आरोप था।
RRG Engineering Technologies पर रूस की एक प्रतिबंधित कंपनी को माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स की सप्लाई करने का आरोप लगाया गया था और Lokesh Machines पर रूस की मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को मशीन टूल्स उपलब्ध कराने का आरोप था।
Sanctions List क्या है...
जब अमेरिका किसी कंपनी, व्यक्ति या संस्था पर प्रतिबंध लगाता है, तो उसे अपनी प्रतिबंध सूची में शामिल करता है. ऐसी कंपनियों के साथ अमेरिकी संस्थाओं और कई अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों के लिए कारोबार करना मुश्किल हो जाता है. अगर किसी कंपनी का नाम इस सूची से हटा दिया जाता है, तो उसे बड़ी राहत माना जाता है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय कारोबार और वित्तीय लेन-देन में आने वाली कई बाधाएं कम हो सकती हैं.
कंपनियों के लिए क्यों अहम है यह फैसला?
प्रतिबंध हटने के बाद इन कंपनियों के लिए अंतरराष्ट्रीय कारोबार करना पहले की तुलना में आसान हो सकता है. इससे विदेशी ग्राहकों और ग्लोबल सप्लाई चेन के साथ काम करने में भी पॉजिटिव असर पड़ सकता है. हालांकि, इसका वास्तविक बिजनेस प्रभाव हर कंपनी के बिजनेस मॉडल और उसके विदेशी कारोबार पर निर्भर करेगा.