अब यूएस में भी UPI से कर सकेंगे पेमेंट! Zelle से जुड़ेगा भारतीय पेमेंट सिस्टम, NRIs को होगा बड़ा फायदा
भारत का UPI अब अमेरिका तक पहुंचने की तैयारी में है। अगर Zelle-UPI कनेक्शन सफल होता है तो NRIs और भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए भारत पैसे भेजना और भी आसान हो सकता है। आखिर कैसे काम करेगा यह नया सिस्टम और क्यों है यह इतना खास, जानिए पूरी कहानी।

In Short
- अमेरिका में UPI लॉन्च करने की तैयारी, Zelle के साथ मिलकर बनाया जा रहा है पेमेंट ब्रिज
- NRIs और भारतीय प्रोफेशनल्स के लिए भारत पैसे भेजना हो सकता है आसान
- Bank of America और Early Warning Services मिलकर चला रहे हैं पायलट प्रोजेक्ट
भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम Unified Payments Interface यानी UPI अब अमेरिका में भी उपलब्ध हो सकता है। इसके लिए Bank of America (BofA) अमेरिका के पेमेंट नेटवर्क Zelle को भारत के UPI सिस्टम से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। इस प्रोजेक्ट का पायलट शुरू किया जाएगा और उम्मीद है कि यह सुविधा इस साल के अंत तक अमेरिका में उपलब्ध हो सकती है।
भारतीय दूतावास ने 9 सितंबर को सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि Bank of America Zelle-UPI ब्रिज पर काम कर रहा है। यह प्रोजेक्ट Early Warning Services के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है, जो Zelle का नेटवर्क ऑपरेटर है।
Zelle-UPI से आसान होंगे क्रॉस बॉर्डर पेमेंट
Early Warning Services ने 11 जून को घोषणा की थी कि भारत पहला ऐसा देश होगा जहां अमेरिकी ग्राहक Zelle के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, भारत दुनिया में सबसे ज्यादा रेमिटेंस पाने वाले देशों में शामिल है, इसलिए अमेरिका से भारत पैसे भेजने वालों के लिए यह एक अहम बाजार है।
अगर यह सुविधा शुरू होती है तो अमेरिका में रहने वाले भारतीयों, खासकर NRIs और भारतीय प्रोफेशनल्स को परिवार और दोस्तों को भारत पैसे भेजने में आसानी होगी। उन्हें अंतरराष्ट्रीय ट्रांसफर के लिए अलग प्रक्रिया अपनाने की जरूरत कम हो सकती है।
अमेरिका से भारत को मिलते हैं अरबों डॉलर के रेमिटेंस
भारत को मिलने वाले रेमिटेंस में अमेरिका की बड़ी हिस्सेदारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत को कुल 135.46 अरब डॉलर का रेमिटेंस मिला था। इसमें करीब 37 अरब डॉलर अमेरिका से आए थे।
इसी वजह से Zelle-UPI कनेक्शन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सुविधा शुरू होने के बाद ग्राहक अपने डिजिटल बैंकिंग सिस्टम के जरिए ही अंतरराष्ट्रीय भुगतान कर सकेंगे।
UPI का बढ़ रहा है ग्लोबल विस्तार
UPI अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्रालय के मुताबिक, UPI 11 देशों में उपलब्ध हो चुका है और इसके जरिए भारतीय बैंक अकाउंट से विदेशों में भुगतान करना आसान हो रहा है।
Zelle के साथ जुड़ने के बाद अमेरिका भी UPI के ग्लोबल नेटवर्क का हिस्सा बन सकता है।
Bank of America ने बताया अपना प्लान
Business Standard की रिपोर्ट के मुताबिक, Bank of America के ग्लोबल हेड ऑफ ट्रांजैक्शनल FX, क्रॉस-बॉर्डर रियल टाइम पेमेंट और क्लियरिंग Daniel Stanton ने बताया कि बैंक क्रॉस बॉर्डर पेमेंट को तेज, पारदर्शी और बेहतर बनाने पर काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत इस बदलाव के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है, क्योंकि यहां मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है और देश वैश्विक व्यापार में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि Bank of America कई देशों में रियल टाइम पेमेंट सिस्टम का विस्तार कर रहा है, जिसमें भारत भी शामिल है।
Zelle-UPI ब्रिज से ग्राहकों को मिलेगा नया विकल्प
अगर पायलट प्रोजेक्ट सफल होता है और यह सिस्टम आगे बढ़ता है, तो ग्राहकों को अंतरराष्ट्रीय पैसे भेजने के लिए एक नया विकल्प मिलेगा। यह सुविधा Zelle के मौजूदा डिजिटल अनुभव और सुरक्षा व्यवस्था के साथ काम करने की कोशिश करेगी।
UPI को National Payments Corporation of India (NPCI) संचालित करता है, जबकि Early Warning Services का मालिकाना हक अमेरिका के बड़े वित्तीय संस्थानों के पास है, जिनमें Bank of America, Capital One, JPMorgan Chase, PNC Bank, Truist, US Bank और Wells Fargo शामिल हैं।