TVS परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद! होल्डिंग्स के निवेशकों पर पड़ सकता है असर

TVS ग्रुप के चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन के परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। अब इस विवाद से TVS Motor और TVS Holdings के निवेशकों की चिंता बढ़ सकती है। InGovern की रिपोर्ट में कई अहम सवाल उठाए गए हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।

Advertisement

In Short

  • TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद, InGovern ने कंपनियों के लिए गवर्नेंस रिस्क की चेतावनी दी।
  • मार्च 2024 के MOU पर उठे सवाल, मल्लिका श्रीनिवासन और लक्ष्मी वेणु ने अंतिम आर्थिक समझौता होने से इनकार किया।
  • TVS Motor का FY26 रेवेन्यू 30% बढ़कर ₹47,270 करोड़ पहुंचा, लेकिन पारिवारिक विवाद से निवेशकों की चिंता बढ़ सकती है।

By Gaurav Kumar:

टीवीएस ग्रुप के चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन के परिवार में संपत्ति और कारोबार के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। यह मामला सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि इससे ग्रुप की शेयर बाजार में लिस्टेड कंपनियों और उनके निवेशकों पर भी असर पड़ने की आशंका है। अब कंपनियों के कामकाज और मैनेजमेंट पर सलाह देने वाली फर्म इनगवर्न ने अपनी रिपोर्ट में इस विवाद से जुड़े कई अहम सवाल उठाए हैं।

टीवीएस की कंपनियों के लिए क्यों बढ़ सकती है परेशानी?

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इनगवर्न ने कहा है कि पारिवारिक विवाद आगे चलकर टीवीएस होल्डिंग्स और टीवीएस मोटर कंपनी के मैनेजमेंट और कामकाज के लिए खतरा बन सकता है। खासकर छोटे निवेशकों के लिए यह जानना जरूरी है कि कंपनी का कंट्रोल किसके पास रहेगा और मैनेजमेंट में कोई बदलाव होगा या नहीं।

रिपोर्ट के मुताबिक, लंबे समय तक विवाद रहने से कंपनी के बोर्ड, कारोबार की रणनीति, कर्मचारियों, ग्राहकों और कर्ज देने वालों के भरोसे पर असर पड़ सकता है।

परिवार में आखिर किस बात पर है विवाद?

अक्टूबर 2026 में वेणु श्रीनिवासन के परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आए। वेणु श्रीनिवासन का कहना है कि उन्होंने अपनी निजी संपत्ति और पारिवारिक कारोबार का बंटवारा पूरी पारदर्शिता के साथ किया है।

हालांकि, उनकी पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन और बेटी लक्ष्मी वेणु का कहना है कि परिवार में आर्थिक बंटवारे को लेकर अभी कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है।

मार्च 2024 के समझौते पर क्यों उठे सवाल?

21 मार्च 2024 को वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका श्रीनिवासन, लक्ष्मी वेणु और सुदर्शन वेणु के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) साइन हुआ था। इसकी जानकारी टीवीएस होल्डिंग्स ने 22 मार्च को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को दी थी।

कंपनी ने कहा था कि इससे कारोबार प्रभावित नहीं होगा। हालांकि, इनगवर्न के मुताबिक, समझौते की शर्तें सार्वजनिक नहीं की गई थीं और इससे अंतिम आर्थिक समझौता होने की पुष्टि भी नहीं होती।

प्रतीकात्मक तस्वीर

वेणु श्रीनिवासन का कहना है कि संपत्ति उनकी निजी है और उन्होंने 10 दिसंबर 2020 के पारिवारिक समझौते को आधार बनाकर दोनों बच्चों के बीच उचित बंटवारा किया है।

कंपनी की कमान किसके पास है?

अप्रैल 2025 में सुदर्शन वेणु को ट्रस्ट के जरिए महत्वपूर्ण लाभकारी मालिक बताया गया था। 23 अप्रैल 2025 को वेणु श्रीनिवासन ने टीवीएस होल्डिंग्स के 13,73,347 शेयर, यानी 6.79% हिस्सेदारी, वीएस ट्रस्ट को ट्रांसफर की थी।

सुदर्शन वेणु टीवीएस होल्डिंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज के चेयरमैन हैं। वह 25 अगस्त 2025 से टीवीएस मोटर के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं। इन नियुक्तियों को कंपनी की ओर से जरूरी मंजूरी मिली थी।

वहीं, लक्ष्मी वेणु अगस्त 2024 में टीवीएस मोटर के बोर्ड से अलग हुई थीं। वह सुंदरम-क्लेटन की मैनेजिंग डायरेक्टर और टाफे की वाइस-चेयरपर्सन हैं।

शानदार कमाई के बीच निवेशकों की चिंता

टीवीएस मोटर का रेवेन्यू यानी कुल कमाई वित्त वर्ष 2025-26 में 30% बढ़कर ₹47,270 करोड़ पहुंच गई, जो पिछले साल ₹36,251 करोड़ थी। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट बिफोर टैक्स यानी टैक्स से पहले का ऑपरेटिंग मुनाफा 40% बढ़कर ₹4,975 करोड़ रहा।

वित्त वर्ष 2013-14 में कंपनी की कुल कमाई ₹8,694 करोड़ और टैक्स से पहले का ऑपरेटिंग मुनाफा ₹355 करोड़ था।

इनगवर्न के मुताबिक, बेहतर प्रदर्शन कंपनी के मैनेजमेंट की मजबूती दिखाता है, लेकिन इससे पारिवारिक समझौते की वैधता तय नहीं होती।

इनगवर्न ने क्या दी सलाह?

इनगवर्न ने कहा कि विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया और लिखित समझौतों के आधार पर होना चाहिए। कंपनी के प्रमोटर की हिस्सेदारी और कंट्रोल में किसी अहम बदलाव की जानकारी निवेशकों को मिलनी चाहिए।

फर्म को अक्टूबर 2026 में सार्वजनिक हुए विवाद पर कंपनियों की कोई अलग स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग यानी शेयर बाजार को दी जाने वाली आधिकारिक जानकारी नहीं मिली।

फर्म ने साफ किया कि उसने निजी समझौते और ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेजों की जांच नहीं की है। वहीं, टीवीएस ग्रुप की ओर से भेजे गए ईमेल का तत्काल जवाब भी नहीं मिला।

Read more!
Advertisement