TVS परिवार में संपत्ति पर घमासान! भाई के खिलाफ कोर्ट पहुंचीं लक्ष्मी वेणु, मां ने दिया साथ

देश के बड़े कारोबारी घरानों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद अदालत तक पहुंच गया है। वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने पारिवारिक संपत्ति में अपने कानूनी अधिकारों की मांग की है। इस विवाद में एक पुराने समझौते को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि लक्ष्मी की मां ने खुलकर उनका समर्थन किया है।

Advertisement
वेणु श्रीनिवासन की पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे के लिए लक्ष्मी वेणु ने कोर्ट में दाखिल किया मुकदमा
वेणु श्रीनिवासन की पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे के लिए लक्ष्मी वेणु ने कोर्ट में दाखिल किया मुकदमा

In Short

  • TVS परिवार में संपत्ति विवाद बढ़ा, लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट में दाखिल किया मुकदमा
  • भाई सुदर्शन वेणु को ज्यादा हिस्सेदारी देने का आरोप, लक्ष्मी ने मांगा बराबर का हक
  • साल 2024 के पारिवारिक समझौते पर विवाद, मां मल्लिका श्रीनिवासन ने दिया बेटी का साथ

By Shakshi:

देश के बड़े कारोबारी परिवारों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ गया है। TVS ग्रुप के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने परिवार की संयुक्त संपत्ति में अपना कानूनी हिस्सा देने और संपत्ति का उचित बंटवारा करने की मांग की है।

क्यों पहुंचीं लक्ष्मी वेणु कोर्ट?

लक्ष्मी वेणु की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उन्होंने परिवार के भीतर बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि बार-बार मांगने के बावजूद उन्हें संपत्ति से जुड़े जरूरी दस्तावेज और जानकारी नहीं दी गई।

लक्ष्मी ने 16 नवंबर 2026 को अपने पिता वेणु श्रीनिवासन को संपत्ति के बंटवारे का नोटिस भेजा था। इसमें उन्होंने परिवार के मुखिया के तौर पर उनसे निष्पक्ष और कानूनी तरीके से संपत्ति बांटने की मांग की थी।

हालांकि, लक्ष्मी के मुताबिक, नोटिस के जवाब में उनके कानूनी अधिकारों को स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने अदालत जाने का फैसला किया।

भाई के मुकाबले कम हिस्सेदारी देने का आरोप

लक्ष्मी वेणु ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम 1956 में वर्ष 2005 में हुए संशोधन का हवाला दिया है। इसके तहत संयुक्त हिंदू पारिवारिक संपत्ति में बेटियों को भी बेटों के बराबर अधिकार मिलते हैं।

उनका आरोप है कि परिवार की संपत्ति में उनके भाई सुदर्शन वेणु को उनसे ज्यादा हिस्सेदारी दी गई है।

विवादित संपत्तियों में VS Trust और दूसरी होल्डिंग कंपनियों के जरिए रखी गई हिस्सेदारी शामिल है। इनमें TVS Holdings, TVS Motor Company, TVS Credit Services और Sundaram-Clayton जैसी कंपनियों से जुड़े हित भी शामिल हैं।

2024 के समझौते पर भी विवाद

परिवार में 21 मार्च 2024 को हुए एक समझौते को लेकर भी मतभेद हैं। वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन के पक्ष का कहना है कि इस समझौते में संपत्ति का बंटवारा तय हो गया था। इसके तहत लक्ष्मी को Sundaram-Clayton और सुदर्शन को TVS Motor मिली थी।

वहीं, लक्ष्मी और उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन का कहना है कि यह समझौता केवल ब्रांड के इस्तेमाल और प्रतिस्पर्धा से जुड़ी शर्तों के लिए था, संपत्ति के मालिकाना हक के बंटवारे के लिए नहीं।

मां मल्लिका श्रीनिवासन ने किया समर्थन

मल्लिका श्रीनिवासन ने बेटी का समर्थन करते हुए कहा कि उनके लिए बेटा और बेटी बराबर हैं। उनका मानना है कि लक्ष्मी को भी पारिवारिक संपत्ति में सुदर्शन के बराबर वैध हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।

हालांकि, लक्ष्मी ने स्पष्ट किया है कि उनका मुकदमा केवल पारिवारिक संपत्ति के मालिकाना हक से जुड़ा है। इसका मकसद TVS ग्रुप की कंपनियों के रोजमर्रा के कारोबार को प्रभावित करना नहीं है।

Read more!
Advertisement