TVS के अरबों के कारोबार में हिस्सेदारी की लड़ाई! बेटी के अधिकार पर कपिल सिब्बल का बड़ा बयान

TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने वेणु श्रीनिवासन के निजी संपत्ति वाले दावे पर सवाल उठाए हैं। बेटी लक्ष्मी वेणु की बराबर हिस्सेदारी की मांग के बीच 2024 का पारिवारिक समझौता भी विवादों में है। जानिए पूरा मामला।

Advertisement

By Gaurav Kumar:

TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद और गहरा गया है। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने TVS Motor के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन के उस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें उन्होंने पारिवारिक संपत्ति को अपनी निजी संपत्ति बताया है। सिब्बल का कहना है कि यह कारोबार कई पीढ़ियों से चला आ रहा है और इसमें बेटी लक्ष्मी वेणु का भी बराबर का अधिकार है।

बिजनेस टुडे ग्रुप एडिटर सिद्धार्थ जराबी को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कपिल सिब्बल ने कहा कि भारतीय कारोबारी परिवारों में पितृसत्तात्मक सोच एक बड़ी समस्या है। कई बार पिता खुद को पूरी पारिवारिक संपत्ति का मालिक मान लेते हैं, जबकि दूसरे सदस्यों के भी उसमें अधिकार हो सकते हैं।

1911 में शुरू हुआ कारोबार, निजी संपत्ति कैसे?

कपिल सिब्बल ने कहा कि TVS परिवार का कारोबार वेणु श्रीनिवासन के परदादा ने 1911 में शुरू किया था। इसके बाद अगली पीढ़ियों ने इसे आगे बढ़ाया। उनका सवाल है कि पीढ़ियों से विरासत में मिले कारोबार को वेणु श्रीनिवासन पूरी तरह अपनी निजी संपत्ति कैसे बता सकते हैं? सिब्बल ने कहा कि वह लक्ष्मी वेणु और उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन की ओर से कानूनी पैरवी करेंगे।

'भाई को 95% कारोबार कैसे दे दिया?'

डॉ. लक्ष्मी वेणु ने हिंदू उत्तराधिकार कानून के तहत पारिवारिक संपत्ति में बराबर हिस्सेदारी की मांग करते हुए अपने पिता को बंटवारे का नोटिस भेजा है। उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन भी इस मांग का समर्थन कर रही हैं।

सिब्बल के मुताबिक, लक्ष्मी को अखबारों से पता चला कि पारिवारिक कारोबार का 95% हिस्सा उनके भाई सुदर्शन वेणु को दिया गया है।उन्होंने सवाल उठाया कि जब बेटी का भी बराबर अधिकार है तो बेटे को इतनी बड़ी हिस्सेदारी कैसे दी जा सकती है?

हालांकि, वेणु श्रीनिवासन का कहना है कि संपत्ति उनकी निजी है और दोनों बच्चों के साथ उचित व्यवहार किया गया है।

2024 के समझौते पर भी विवाद

मार्च 2024 में परिवार के चारों सदस्यों ने एक समझौते (MoU) पर साइन किए थे। वेणु श्रीनिवासन का दावा है कि इस समझौते से पारिवारिक हितों का बंटवारा तय हो गया था।

लेकिन सिब्बल ने इस दावे को चुनौती दी। उनके मुताबिक, समझौता कंपनियों के प्रबंधन से जुड़ा था, संपत्ति में मालिकाना अधिकार छोड़ने से नहीं।

उन्होंने कहा कि लक्ष्मी ने अपने भाई को कंपनी चलाने की जिम्मेदारी देने पर सहमति जताई थी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उन्होंने संपत्ति में अपनी आर्थिक हिस्सेदारी छोड़ दी। सिब्बल के अनुसार, समझौते में कहीं नहीं लिखा था कि लक्ष्मी अपने कथित 50% लाभकारी हित से हाथ धो रही हैं।

'बेटी कोई मेहमान नहीं है'

सिब्बल ने उत्तराधिकार कानून का हवाला देते हुए कहा कि तमिलनाडु ने 1989 में ही बेटियों को संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में बराबरी का अधिकार देने का प्रावधान किया था। इसके बाद 2005 में संसद ने भी बेटियों के अधिकारों को मान्यता दी।

उन्होंने कहा कि कानून ने स्पष्ट कर दिया है कि बेटी परिवार में मेहमान नहीं, बल्कि उसका बराबर का हिस्सा है। सिब्बल ने वेणु श्रीनिवासन से संपत्ति का न्यायसंगत बंटवारा सुनिश्चित करने की अपील की।

Read more!
Advertisement