टाटा ग्रुप में कानूनी जंग! Tata Sons के खिलाफ कोर्ट पहुंचे ट्रस्ट, मांगे ₹65 करोड़

टाटा ग्रुप के शीर्ष नेतृत्व में चल रहा विवाद अब बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंच गया है। टाटा ट्रस्ट्स के दो प्रमुख ट्रस्टों ने टाटा संस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए ₹65 करोड़ का हर्जाना मांगा है। मामला एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और बोर्ड में वोटिंग के तरीके से जुड़ा है। 30 नवंबर की अहम बैठक से पहले इस विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।

Advertisement
17 सितंबर को बोर्ड में लिए गए फैसले की वैधता पर विवाद।
17 सितंबर को बोर्ड में लिए गए फैसले की वैधता पर विवाद।

In Short

  • टाटा ट्रस्ट्स के दो प्रमुख ट्रस्टों ने टाटा संस के खिलाफ ₹65 करोड़ का हर्जाना मांगा।
  • एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और बोर्ड में निर्णायक वोट के इस्तेमाल पर विवाद।
  • 27 नवंबर को हाई कोर्ट में सुनवाई, 30 नवंबर को टाटा संस की अहम बोर्ड मीटिंग।

By Ram Pratap Singh:

देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा ग्रुप के अंदर चल रहा विवाद अब अदालत पहुंच गया है। टाटा ट्रस्ट्स के दो प्रमुख ट्रस्टों ने टाटा संस (Tata Sons) के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है। मामला टाटा संस के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़ा है। दोनों ट्रस्टों ने कुल ₹65 करोड़ का हर्जाना भी मांगा है।

₹65 करोड़ का हर्जाना क्यों मांगा?

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) ने ₹50 करोड़ और आर.डी. टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने ₹15 करोड़ का हर्जाना मांगा है।

दोनों ट्रस्टों ने मुकदमा दायर होने की तारीख से भुगतान तक सालाना 18 प्रतिशत ब्याज की भी मांग की है।

मामले की सुनवाई 27 नवंबर को जस्टिस अभय आहूजा की बेंच के सामने होनी है।

चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर क्या है विवाद?

17 सितंबर को टाटा संस की बोर्ड मीटिंग में चंद्रशेखरन को पांच साल के लिए दोबारा नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया था।

इस दौरान नोएल टाटा ने प्रस्ताव के खिलाफ वोट दिया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन किया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने बराबरी की स्थिति में अपने निर्णायक वोट (Casting Vote) का इस्तेमाल कर प्रस्ताव पारित माना।

ट्रस्टों का आरोप है कि यह फैसला टाटा संस के नियमों के मुताबिक नहीं लिया गया।

उनके अनुसार, कंपनी के आर्टिकल 121 के तहत ट्रस्टों द्वारा नियुक्त मौजूद डायरेक्टर्स के बहुमत की सहमति जरूरी थी। हालांकि, टाटा संस का कहना है कि प्रस्ताव वैध तरीके से पारित हुआ।

30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग क्यों अहम?

टाटा संस की अगली बोर्ड मीटिंग 30 नवंबर को प्रस्तावित है। इसमें कंपनी की संभावित शेयर बाजार लिस्टिंग और चंद्रशेखरन की नियुक्ति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

दोनों ट्रस्ट चाहते हैं कि अदालत बैठक से पहले अंतरिम आदेश जारी करे, ताकि जरूरी सहमति के बिना निर्णायक वोट के जरिए फैसले न लिए जा सकें।

आगे क्या होगा?

चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल 20 फरवरी 2027 को समाप्त होगा। उनकी दोबारा नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया में शेयरधारकों की मंजूरी भी लंबित है।

अब हाई कोर्ट की सुनवाई और 30 नवंबर की बोर्ड मीटिंग पर नजर रहेगी।

Read more!
Advertisement