टाटा संस की बोर्ड बैठक पर टिकी सबकी नजरें, IPO से लेकर चेयरमैन के कार्यकाल पर होगी चर्चा

टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक पर पूरे कारोबारी जगत की नजरें टिकी हैं। इस बैठक में कंपनी के भविष्य से जुड़े कई बड़े फैसलों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, नोएल टाटा की आपत्तियों और कानूनी विवाद के बीच इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलना आसान नहीं होगा।

Advertisement

In Short

  • टाटा संस की बोर्ड बैठक में IPO के छह महीने के रोडमैप पर चर्चा होने की उम्मीद है।
  • एन चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेने पर विचार होगा।
  • एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स और अग्राटास में नए निवेश के प्रस्ताव पर चर्चा संभव है।

By Shraddha Shukla:

टाटा ग्रुप के लिए आने वाले दिन काफी अहम रहने वाले हैं। देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के भविष्य को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। कंपनी के बोर्ड और टाटा ट्रस्ट्स के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद भी हैं। ऐसे में सभी की नजरें टाटा संस की आगामी बोर्ड बैठक और उसमें लिए जाने वाले फैसलों पर टिकी हैं।

30 नवंबर को होगी बोर्ड की बैठक

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक में तीन बड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इनमें IPO के लिए छह महीने का रोडमैप, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल के लिए शेयरहोल्डर्स की मंजूरी और ग्रुप की प्रमुख कंपनियों में नया निवेश शामिल है।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने नहीं लगाई रोक

बॉम्बे हाईकोर्ट ने 27 नवंबर को बोर्ड बैठक पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। हालांकि, कोर्ट ने साफ किया कि बैठक में लिए गए फैसले उसके अंतिम आदेश पर निर्भर होंगे। पहले यह बैठक 26 नवंबर को होनी थी, लेकिन टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने डायरेक्टर्स को दिए गए नोटिस की अवधि पर आपत्ति जताई थी।

180 दिनों में लिस्टिंग का प्रस्ताव

RBI ने सितंबर में टाटा संस की कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी का रजिस्ट्रेशन वापस करने की अर्जी खारिज कर दी थी। नवंबर में भी RBI ने अपर लेयर NBFC से जुड़े नियमों और लिस्टिंग की शर्तों का पालन करने को कहा था। प्रस्तावित रोडमैप के मुताबिक, शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलने के 90 दिनों के भीतर SEBI के पास IPO के ड्राफ्ट पेपर जमा करने और 180 दिनों में लिस्टिंग पूरी करने की योजना है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

IPO के विरोध में हैं नोएल टाटा

नोएल टाटा लिस्टिंग के बजाय कंपनी के कारोबारी ढांचे में बदलाव चाहते हैं। इसके तहत टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स सॉल्यूशंस और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स का टाटा संस में मर्जर करने का प्रस्ताव है। इससे कंपनी की रेगुलेटरी कैटेगरी बदल सकती है। टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की करीब 66% और शापूरजी पालोनजी ग्रुप की करीब 18% हिस्सेदारी है। लिस्टिंग से शापूरजी पालोनजी ग्रुप को अपनी हिस्सेदारी बेचकर पैसा जुटाने का विकल्प मिल सकता है।

चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल पर फैसला

फरवरी 2027 से एन चंद्रशेखरन के तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए शेयरहोल्डर्स की विशेष बैठक (EGM) बुलाने पर विचार हो सकता है। 17 सितंबर को बोर्ड ने नोएल टाटा के विरोध के बावजूद उनकी दोबारा नियुक्ति को मंजूरी दी थी। हालांकि, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने विशेष वोटिंग नियमों के पालन को लेकर इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

शेयरहोल्डर्स की मंजूरी में भी चुनौती

बैठक के लिए जरूरी न्यूनतम शेयरहोल्डर्स की मौजूदगी भी एक चुनौती है। अगस्त में कंपनी अपनी सालाना आम बैठक (AGM) नहीं कर पाई थी। इसके बाद रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज ने इसकी समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी थी। कोर्ट में अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को होगी।

इन तीन कंपनियों को मिल सकती है फंडिंग

बैठक में एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स और बैटरी बनाने वाली कंपनी अग्राटास में नए इक्विटी निवेश पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। ऐसे में टाटा संस के सामने रेगुलेटरी नियमों, हिस्सेदारी के ढांचे और बड़ी रकम की जरूरत वाले कारोबारों में निवेश के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।

Read more!
Advertisement