टाटा ग्रुप में कानूनी जंग! चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के खिलाफ कोर्ट पहुंचा टाटा ट्रस्ट्स

टाटा ग्रुप में नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान अब अदालत तक पहुंच गई है। टाटा ट्रस्ट्स ने एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है। टाटा संस की आगामी बोर्ड बैठक से पहले बढ़े इस विवाद की वजह क्या है और कारोबार पर क्या असर पड़ सकता है?

Advertisement
AI Generated Image

By BT बाज़ार डेस्क:

देश के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल टाटा ग्रुप में नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान अब अदालत तक पहुंच गई है। ब्लूमबर्ग ने मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया है कि टाटा ट्रस्ट्स ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई शुक्रवार को दोपहर 3 बजे होगी।

185 अरब डॉलर के टाटा ग्रुप में बढ़ते इस विवाद के बीच 30 नवंबर को टाटा संस के बोर्ड की बैठक भी होनी है। टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 फीसदी हिस्सेदारी है।

कोर्ट जाने के पक्ष में तीन ट्रस्टी

ब्लूमबर्ग के मुताबिक गुरुवार को हुई वोटिंग में पांच में से तीन ट्रस्टियों ने कानूनी रास्ता अपनाने के पक्ष में मतदान किया। इनमें टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा, उनके बेटे नेविल टाटा और भास्कर भट शामिल रहे। वहीं, वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह ने इसका विरोध किया।

इससे पहले 17 सितंबर को टाटा संस की बोर्ड बैठक में नोएल टाटा की आपत्तियों के बावजूद चंद्रशेखरन का कार्यकाल पांच साल बढ़ाने और टाटा संस की लिस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ने को मंजूरी दी गई थी।

चैरिटी कमिश्नर के पास पहुंचे विजय सिंह

विजय सिंह ने चैरिटी कमिश्नर के पास शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि उनके और श्रीनिवासन के विरोध के बावजूद सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने प्रस्ताव पारित किया।

विजय सिंह के मुताबिक, उनकी आपत्ति कानूनी विकल्प अपनाने पर नहीं, बल्कि चैरिटेबल ट्रस्ट के संसाधनों के ऐसे इस्तेमाल पर है, जिससे टाटा संस के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशों का पालन करने में बाधा आ सकती है।

लिस्टिंग को लेकर भी आमने-सामने

RBI ने टाटा संस को अपर लेयर NBFC की श्रेणी में रखा है, जिसके तहत कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग जरूरी है। केंद्रीय बैंक पहले भी लिस्टिंग से छूट देने की टाटा संस की अपील खारिज कर चुका है।

हालांकि, नोएल टाटा लिस्टिंग के खिलाफ हैं। उनका मानना है कि इससे कंपनी पर नियामकीय और बाजार का दबाव बढ़ने के साथ जबरन अधिग्रहण का खतरा भी पैदा हो सकता है।

टाटा ग्रुप के कारोबार पर क्या होगा असर?

अगर यह विवाद लंबा खिंचता है तो टाटा ग्रुप के रणनीतिक फैसलों, निवेश योजनाओं, बोर्ड की मंजूरियों और लंबी अवधि की परियोजनाओं में देरी हो सकती है। टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Read more!
Advertisement