भारत के FTA पर शशि थरूर ने उठाए सवाल! बोले- समझौते बढ़ रहे, लेकिन एक्सपोर्ट को कितना फायदा?

भारत के लगातार बढ़ते फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने व्यापार घाटे और विदेशी बाजारों में भारत की घटती हिस्सेदारी के आंकड़े पेश किए हैं। थरूर का कहना है कि घरेलू उद्योगों को मजबूत किए बिना नए समझौतों का पूरा फायदा नहीं मिलेगा। उन्होंने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को भी सलाह दी है।

Advertisement
थरूर के मुताबिक, 2012 से 2025 के बीच ASEAN के साथ भारत का व्यापार घाटा 10.4 अरब डॉलर से बढ़कर 51.2 अरब डॉलर हो गया, जबकि प्रमुख FTA साझेदारों के आयात में भारत की हिस्सेदारी घटी या स्थिर रही।
थरूर के मुताबिक, 2012 से 2025 के बीच ASEAN के साथ भारत का व्यापार घाटा 10.4 अरब डॉलर से बढ़कर 51.2 अरब डॉलर हो गया, जबकि प्रमुख FTA साझेदारों के आयात में भारत की हिस्सेदारी घटी या स्थिर रही।

In Short

  • थरूर ने FTA से बढ़ते व्यापार घाटे पर सवाल उठाए।
  • ASEAN के साथ घाटा 51.2 अरब डॉलर पहुंचा।
  • पीयूष गोयल से घरेलू उद्योगों पर ध्यान देने को कहा।

By Shakshi:

भारत लगातार अलग-अलग देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) कर रहा है, लेकिन क्या इन समझौतों से भारतीय कंपनियों और एक्सपोर्ट को वास्तव में फायदा मिल रहा है? कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि देश के अंदर उद्योगों और कारोबारी व्यवस्था में सुधार किए बिना व्यापार समझौते करने से भारत का व्यापार घाटा बढ़ सकता है।

विदेश मामलों की संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष थरूर ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में लिखे एक लेख में अपनी बात रखी है।

भारत का व्यापार घाटा कितना बढ़ा?

थरूर ने 2012 से 2025 के बीच के व्यापार आंकड़ों का हवाला दिया।

उनके मुताबिक, ASEAN देशों के साथ भारत का व्यापार घाटा 10.4 अरब डॉलर से बढ़कर 51.2 अरब डॉलर हो गया।

इस दौरान ASEAN के कुल आयात में भारत की हिस्सेदारी 3.42 फीसदी से घटकर 1.71 फीसदी रह गई।

सिंगापुर के आयात बाजार में भारत की हिस्सेदारी 2.27 फीसदी से घटकर 1.71 फीसदी और दक्षिण कोरिया में 1.33 फीसदी से घटकर 1.02 फीसदी हो गई।

ग्लोबल सप्लाई चेन में भी घट रही हिस्सेदारी?

थरूर ने कहा कि वैश्विक उत्पादन और व्यापार की वैल्यू चेन से भारत का जुड़ाव भी कमजोर हुआ है।

उनके दिए आंकड़ों के मुताबिक, कुल व्यापार में भारत की वैल्यू चेन भागीदारी 37.13 फीसदी से घटकर 34.38 फीसदी रह गई।

दक्षिण कोरिया, जापान, इंडोनेशिया, थाईलैंड, वियतनाम और कंबोडिया जैसे देशों के साथ यह जुड़ाव कमजोर हुआ है।

क्या FTA के खिलाफ हैं शशि थरूर?

थरूर ने स्पष्ट किया कि वह फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के खिलाफ नहीं हैं।

उनके मुताबिक, ऐसे समझौतों से जरूरी कच्चा माल हासिल करने, सर्विस एक्सपोर्ट बढ़ाने और दूसरे देशों के साथ रणनीतिक रिश्ते मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

लेकिन उन्होंने कहा कि केवल आयात शुल्क शून्य करने से भारतीय सामान की बिक्री अपने आप नहीं बढ़ेगी। भारतीय कंपनियों को उन देशों के उत्पादों से भी मुकाबला करना होगा जिन्हें समान व्यापार सुविधाएं मिल रही हैं।

घरेलू उद्योगों में सुधार क्यों जरूरी?

थरूर के मुताबिक, भारत को मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर और कारोबारी नियमों में सुधार करना होगा।

अगर भारतीय कंपनियों की उत्पादन लागत ज्यादा रहेगी और कारोबार करना मुश्किल होगा, तो विदेशी सामान को भारतीय बाजार में फायदा मिल सकता है।

उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर भी चिंता जताई और दावा किया कि हाल के महीनों में उनसे मिले कई कारोबारियों ने इस समस्या की शिकायत की है।

पीयूष गोयल से क्या कहा?

लेख के आखिर में थरूर ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को भी सलाह दी।

उन्होंने कहा कि गोयल के पास वाणिज्य और उद्योग, दोनों की जिम्मेदारी है। ऐसे में केवल नए व्यापार समझौतों पर ध्यान देने के बजाय घरेलू उद्योगों को मजबूत बनाने पर भी उतना ही जोर देना जरूरी है।

थरूर का तर्क है कि FTA का पूरा फायदा तभी मिलेगा, जब भारतीय कंपनियां वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार होंगी।

Read more!
Advertisement